गाबा टेस्ट की हार को अब तक पचा नहीं पाये हैं टिम पेन, कहा- ध्यान भटकाने में माहिर है भारतीय टीम
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दिसंबर 2020 से लेकर जनवरी 2021 के बीच खेली गई 4 मैचों की टेस्ट सीरीज को विराट सेना ने 2-1 से जीतने का काम किया था। भारत के लिहाज से यह जीत काफी बड़ी जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिये बेहद शर्मनाक रही थी। भारतीय टीम ने इस सीरीज में अपने कई दिग्गज खिलाड़ियों को चोट के चलते वापस भेज दिया था तो कप्तान विराट कोहली भी पैटरनल लीव के चलते टीम के साथ नहीं थे, वहीं पर ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी फुल स्ट्रेंथ के साथ उतरी थी, यहां तक कि पिछले दौरे पर बैन के चलते बाहर रहे स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर भी इस सीरीज का हिस्सा थे, बावजूद इसके भारतीय टीम ने पहले मैच में हार के बाद सीरीज में जबरदस्त वापसी की और बचे हुए 3 मैचों में से 2 में जीत और एक को ड्रॉ कराने का काम किया।
और पढ़ें: 'भज्जी..पहुंच रही है हेल्प', सुरेश रैना के बाद हरभजन सिंह की मदद को उतरे सोनू सूद
इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के अभेद किले के रूप में मशहूर गाबा के मैदान पर सीरीज का आखिरी मैच खेला और उसे भी जीतकर कंगारू टीम को ऐतिहासिक हार दी। भारतीय टीम ने इस मैच में 3 विकेट से जीत हासिल की और ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर लगातार दूसरी बार हराने का काम किया। इससे पहले 2018-19 में भारतीय टीम ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराने का काम किया था। भले ही इस जीत को लगभग 3 महीने बीत चुके हैं लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन इस हार का भुला पाने में नाकाम रहे हैं।
और पढ़ें: 3 कमजोरियां जो भारतीय टीम पर पड़ सकती हैं भारी, नहींं सुधरी तो WTC फाइनल में मिलेगी हार

3 महीने बाद भी पेन नहीं भुला पाये गाबा की हार
इस बात का पता ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान टिम पेन के ताजा बयान से चलता है जिसमें उन्होंने भारतीय टीम पर निशाना साधा है और कहा है कि विराट सेना विपक्षी टीम का ध्यान ऐसी बातों में भटकाने में माहिर हैं जो कि मायने नहीं रखती। उल्लेखनीय है कि गाबा टेस्ट मैच से पहले ऐसी खबरें सामने आई थी जिसके अनुसार भारतीय टीम गाबा के मैदान पर इसलिये नहीं खेलना चाह रही था क्योंकि वहां पर बायोबबल को लेकर काफी सख्त नियम बनाये गये थे।
हालांकि भारतीय टीम ने बाद में गाबा टेस्ट खेला जहां पर उसके 10 खिलाड़ी चोटिल थे और उसे अपनी प्लेइंग 11 का चयन करने में भी मुश्किल हुई। भारतीय टीम ने युवा खिलाड़ियों के दम पर 3 विकेट से मैच को जीतने का काम किया।

ध्यान भटकाने में माहिर है भारतीय टीम
पेन ने गाबा टेस्ट मैच की हार को लेकर भारतीय टीम पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी टीम ध्यान भटकाने में माहिर है और उसी के चलते हमें ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा,'जब आप भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने उतरते हैं तो आपके सामने कई चुनौतियां होती हैं। जिसमें से एक ध्यान को बनाये रखना है। भारतीय टीम विपक्षी टीम का ध्यान भटकाने में माहिर है, वो भी ऐसी बातों में जिसका कोई मतलब नहीं होता। सीरीज के दौरान कुछ ऐसे मौके बने जब हम बेवजह भटक गये। इसका सबसे बड़ा उदाहरण गाबा टेस्ट बना, जहां पर मैच होने से पहले खबरें आई कि भारतीय टीम गाबा नहीं जाना चाहती। हमें यह पता ही नहीं था कि हम अगला मैच कहां खेलने जा रहे हैं। भारतीय टीम ऐसे साइड शो करने में माहिर है।'

बयान के चलते ट्रोल हुए टिम पेन
गौरतलब है कि अपने इस बयान के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मशहूर कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी टिम पेन के बयान को शेयर करते हुए लिखा कि सभी को अपनी राय रखने का अधिकार फिर वो गलतफहमी ही क्यों न हो। वहीं कुछ फैन्स ने कई मजेदार मीम्स शेयर किये हैं और टिम पेन को ट्रोल किया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
