'दोगले होते हैं ऑस्ट्रेलियाई', हाफिज की गेंद पर वॉर्नर ने खेला शॉट तो भड़के गौतम गंभीर
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप का दूसरा सेमीफाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम के बीच दुबई में खेला गया जिसमें कंगारू टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को 5 विकेट से हरा कर फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच के दौरान हार की कगार पर पहुंच चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये मैथ्यू वेड और मार्कस स्टॉयनिस ने मैच जिताऊ पारियां खेलकर छठे विकेट के लिये नाबाद 81 रनों की साझेदारी की और अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी। दुबई के मैदान पर खेले गये इस सेमीफाइनल मैच में इन दोनों खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी के अलावा कई चीजें देखने को मिली जो कि चर्चा का विषय बनी।
इसी फेहरिस्त में डेविड वॉर्नर का एक शॉट भी रहा जो कि मोहम्मद हाफिज के ओवर में उनसे देखने को मिला। उनका यह शॉट बहुत जल्दी ही सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। वहीं इस वीडियो के वायरल होने के साथ ही खेल जगत में एक बार फिर से क्या सही और क्या गलत के बीच बहस होने लगी है। इसी फेहरिस्त में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है और उनके इस शॉट को शर्मनाक बताया है।

दोगले होते हैं ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
दरअसल रनों का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम 176 रनों का पीछा करते हुए 2 विकेट खो दिये थे लेकिन डेविड वॉर्नर एक छोर से संभाल कर पारी को आगे बढ़ाते जा रहे थे। पारी के 8वें ओवर में पाकिस्तान की टीम ने मोहम्मद हाफिज को गेंदबाजी के लिये बुलाया और गेंदबाजी करते हुए उनके हाथ से गेंद छूट गई। उनकी गेंद छूटने के बाद पिच पर दो बार टप्पा खाकर वॉर्नर की तरफ पहुंची, जिसका फायदा उठाते हुए वॉर्नर ने गेंद को छक्का मार दिया। इतना ही नहीं गेंद के दो टप्पे खाने की वजह से अंपायर ने इस गेंद को नो बॉल करार दिया। हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को वॉर्नर का यह शॉट पसंद नहीं आया।
गंभीर का मानना है कि डेविड वॉर्नर ने उस गेंद पर शॉट मारकर खेल भावना का अपमान किया है। गंभीर ने इस दौरान खेल जगत में अक्सर अश्विन को लेकर होने वाली खेल भावना पर भी निशाना साधा और कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दोगले होते हैं, अश्विन के मामले पर यह खेल भावना का ज्ञान देते हैं लेकिन अपनी बारी में कोई भी इस पर बात नहीं करेगा।

डेविड वॉर्नर ने जो किया वह खेल भावना के विपरीत
मैच के बाद स्टार स्पोर्टस पर किये गये पोस्ट मैच शो में गंभीर ने कहा,'डेविड वॉर्नर ने उस गेंद पर जो किया वह पूरी तरह से शर्मनाक था, हाफिज के हाथ से गेंद छूटी थी और आपने खेल भावना को तार-तार करते हुए उस पर 6 रन चुराये हैं। इस वाहियात शॉट के बाद आप खेल भावना को लेकर बात करते हैं। अब मैं चाहूंगा कि अश्विन के मामले पर खेल भावना का ज्ञान देने वाले शेन वॉर्न और जो तथाकथित महान खिलाड़ी हैं उनका क्या मत है। मैं यह भी चाहूंगा कि अश्विन भी इस मुद्दे पर कुछ रिएक्शन दें।'
|
अश्विन ने भी दिया रिएक्शन
गंभीर शो पर ही नहीं रुके उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी ट्वीट करते हुए इस मुद्दे पर लिखा,'वॉर्नर ने जो किया वह खेल भावना के लिहाज से काफी वाहियात था, शर्मनाक था।' गंभीर ने अपने इस ट्वीट में अश्विन को भी टैग किया और उनका रिएक्शन पूछा।
वहीं अश्विन ने भी इस पर अपनी राय देते हुए ट्वीट किया और कहा कि वॉर्नर ने बहुत शानदार शॉट खेला है। उल्लेखनीय है कि अश्विन ने अपने इस ट्वीट के जरिये एक बार फिर अपनी राय को बरकरार रखा है और बताया कि नियमों के अंदर की गई कोई भी चीज खेल भावना के विपरीत नहीं है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications