'ऐसी सोच से कोई टीम नहीं जीत सकती', हार के बाद कोहली के बयान से निराश हैं पूर्व कप्तान कपिल देव
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में रविवार का दिन भारतीय फैन्स के लिये काफी निराशाजनक रहा, जहां पर न्यूजीलैंड के हाथों 8 मैचों से गंवाने के बाद विराट सेना खिताब की रेस से लगभग बाहर हो गई है। दुबई के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय टीम को एक बार फिर से टॉस में हार मिली और पहले बल्लेबाजी के लिये उतरना पड़ा। बल्लेबाजी में भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर एक बार फिर से फ्लॉप रहा और 48 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 110 रन ही जोड़ सकी। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने 54 गेंदों (9 ओवर्स) पर कोई रन नहीं बनाया जो कि उस पर काफी भारी पड़ा। वहीं रनों का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने महज 2 विकेट खोकर इस लक्ष्य को 14.3 ओवर्स में ही हासिल कर लिया।
कहने को भारतीय टीम के पास अभी भी 3 मैच बाकी हैं लेकिन सभी में जीत हासिल करने के बावजूद उसका सेमीफाइनल में पहुंच पाना लगभग नामुमकिन है। करो या मरो के इस मैच में हार के बाद कप्तान विराट कोहली से जब सवाल किया गया तो उन्होंने अपनी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि हम बहादुरी से नहीं खेल सके जिसका खामियाजा हार से भुगतना पड़ा।
और पढ़ें: IND vs NZ: 8 साल में पहली बार रोहित को लेकर कोहली ने किया बड़ा प्रयोग, फेल हुआ गेमप्लान

ऐसी मानसिकता से कभी नहीं जीत सकती टीम
हालांकि विराट कोहली का यह बयान पूर्व भारतीय कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी कपिल देव को पसंद नहीं आ रहा है और उन्होंने इसको लेकर अपनी निराशा भी जताई है। हार के बाद कोहली ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा था कि यह काफी बुरा था, सच कहूं तो हम बल्ले और गेंद दोनों से ही बहादुरी नहीं दिखा सके। उनके इस बयान पर कपिल देव ने कहा कि मुझे लगता है कि यह सबसे आखिरी चीज है जो एक कप्तान के रूप में आपको कहना या महसूस करना चाहिये।
एबीपी न्यूज से बात करते हुए कपिल ने कहा,'उनके जैसे बड़े खिलाड़ी की ओर से यह बहुत ही कमजोर बयान है। अगर इस तरह की बॉडी लैग्वेज वाली टीम और इस तरह की सोच वाला कप्तान होगा तो किसी भी टीम के लिये उठकर खड़ा होना नामुमकिन है। मुझे वो शब्द सुनकर थोड़ी हैरानी हुई। वह इस तरह के खिलाड़ी नहीं हैं।'

कोहली पर उंगली उठना जायज
कपिल देव ने भारतीय टीम की बॉडी लैंग्वेज पर सवाल उठाते हुए कहा कि टॉस के बाद से ही पूरी टीम ऐसी नजर आयी जैसे उसने तभी जीत के बारे में सोचना छोड़ दिया है। मैच के बाद विराट कोहली ने जिस तरह का बयान दिया वह किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा,'वह एक फाइटर हैं, मुझे लगता है कि वह उस समय खोये हुए थे या हार का असर था। एक कप्तान को कभी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिये कि हम बहादुरी से नहीं खेले। आप देश के लिये खेल रहे हैं और उनमें जुनून है लेकिन जब आप ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करेंगे तो आप पर उंगली उठना जायज है।'

जितनी आलचोना की जाये कम है
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली इस हार से भारतीय टीम के नेट रन रेट को भी काफी नुकसान हुआ है और उसका सेमीफाइनल में पहुंचना असंभव है। हार के बाद कपिल देव का मानना है कि जिस तरह से भारतीय टीम का प्रदर्शन रहा उसे देखते हुए उसकी जितना आलोचना की जाये कम है।
उन्होंने कहा,'मेरे पास शब्द नहीं है, हम कैसे किसी की इतनी आलोचना कर सकते हैं। एक टीम जो अभी आईपीएल खेलकर आ रही है, पिचों पर अभ्यास करने के बावजूद इस तरह का प्रदर्शन करे तो वहां पर आलोचना तो होगी ही। जब आप जीत हासिल करते हैं तो आपकी जितनी तारीफ की जाये कम ही लगती है, ठीक वैसे ही जिस तरह का क्रिकेट भारत ने खेला उनकी जितनी आलोचना की जाये कम है। आप लड़ते हैं और हारते हैं तो समझ आता है लेकिन आज के मैच में एक खिलाड़ी से ऐसा प्रदर्शन नहीं आया जिसे लेकर हम खुश हो सकें।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
