'जोश ठीक लेकिन भाषा का देना होगा ध्यान', कोहली-एंडरसन की जुबानी जंग पर बोले ब्रॉड
नई दिल्ली। लॉर्डस के मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है जिसमें दर्शकों को मैदान पर काफी कुछ देखने को मिल रहा है। तीसरे दिन से दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच शुरू हुई गर्मागर्मी चौथे दिन भी देखने को मिली, जिसके तहत भारतीय कप्तान विराट कोहली और इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के बीच मैदान पर जुबानी जंग देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह तीखी बहस पिच के बीच में दौड़ लगाने को लेकर हुई। एंडरसन और कोहली के बीच वैसे भी मौजूदा समय की सबसे बड़ी राइवलरी देखने को मिलती है, हालांकि इस बार कोहली ने एंडरसन को बल्ले के बजाय शब्दों से जवाब दिया।
यह घटना पारी के 17वें ओवर में घटी जब एंडरसन अपना 9वां ओवर फेंक रहे थे। चौथी गेंद फेंकने के बाद एंडरसन पिच के बीच में दौड़ते नजर आये जिसको लेकर कोहली ने उन्हें टोंका। एंडरसन को उनका टोंकना पसंद नहीं आया और उन्होंने कुछ अप्रिय शब्दों का इस्तेमाल किया। जवाब में कप्तान विराट कोहली ने कहा कि आप एक बार फिर से कसम खा रहे हो, जैसा कि बुमराह के खिलाफ खा रहे थे। यह आपके घर के पीछे का आंगन नहीं है जो ऐसे दौड़ लगा रहे हों। पांचवी गेंद फेंकने के बाद जब एंडरसन वापस लौटे तो फिर कोहली को कुछ कहते नजर आये जिसके जवाब में कोहली ने कहा कि बक-बक-बक, बस बुढ़ापे में आप यही कर सकते हो।
और पढ़ें: तालिबानी आतंक के बीच अफगानिस्तान ने किया बड़ा ऐलान, राशिद खान की कप्तानी में T20 विश्व कप खेलेगी टीम
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई इस जुबानी जंग का वीडियो काफी तेजी से वायरल हुआ जिसको लेकर एंडरसन के साथी गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि दोनों खिलाड़ियों के बीच जोश देखकर अच्छा लगा लेकिन कोहली को अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिये।
उन्होंने कहा,'लॉर्डस का हॉनर्स बोर्ड दर्शाता है कि यह मैदान जिम्मी के घर के आंगन जैसा ही है। दोनों खिलाड़ियों के बीच का जोश काफी पसंद आया लेकिन भाषा का ध्यान नहीं रखने पर कोहली को परेशानी हो सकती है।'
गौरतलब है कि स्टुअर्ट ब्रॉड इस सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड टीम का हिस्सा बने थे लेकिन लॉर्डस के मैदान पर मैच से पहले प्रैक्टिस करते हुए अपनी दांयी कॉल्फ चोटिल कर बैठे। उनकी चोट ग्रेड 3 लेवल की थी जिसके चलते वह एशेज सीरीज तक टीम से बाहर हो गये हैं। इसके बाद तेज गेंदबाज को एमआरआई स्कैन के लिये ले जाया गया, जहां पर उनकी चोट की गहराई का पता चला। इंग्लैंड ने उनकी जगह टीम में शाकिब महमूद को शामिल किया है।
आपको बता दें कि इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में भारत की ओर से दिये गये 364 रनों के जवाब में 391 रनों का स्कोर खड़ा किया। कप्तान जो रूट ने इस दौरान 180 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके चलते उन्होंने भारत के खिलाफ 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली। वहीं पर दूसरी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम ने 101 ओवर्स के खेल की समाप्ति पर 8 विकेट खोकर 257 रन बना लिये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
