सचिन तेंदुलकर ने गिनाई भारतीय टीम की कमजोरी, बताया- विराट सेना को कहां काम करने की जरूरत
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम के लिये सेमीफाइनल में पहुंचने की राह लगभग असंभव हो गई है। पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट से हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम के लिये न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे मैच सिर्फ जीत ही एकमात्र विकल्प था, हालांकि कीवी टीम के सामने भारतीय खिलाड़ियों ने फिर से निराशाजनक प्रदर्शन किया और 5 विकेट से मैच हार गई। भारतीय टीम को इस मैच में सिर्फ हार नहीं मिली बल्कि 33 गेंद पहले मैच गंवाने के चलते विराट सेना का नेट रन रेट भी काफी ज्यादा खराब हो गया, जिसके बाद भारत की उम्मीदें लगभग धूमिल हो गई हैं।
और पढ़ें: T20 WC के बाद वनडे से छीनी जा सकती है कोहली की कप्तानी, नाराज चयनकर्ता जल्द लेंगे फैसला- रिपोर्ट
अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये न सिर्फ बचे हुए 3 मैचों में बड़ी जीत की जरूरत है बल्कि ग्रुप 2 की टीमों के बीच खेले जाने वाले अन्य मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। विश्वकप में खेले गये अब तक के मैचों में भारतीय टीम की बल्लेबाजी ने खासा निराश किया है खास तौर से स्पिनर्स के सामने जिस तरह से बल्लेबाजी हुई है, वह टीम की हार का कारण बनी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में ईश सोढ़ी ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 17 रन देकर रोहित शर्मा और विराट कोहली का विकेट झटका और विराट सेना को बैकफुट पर धकेल दिया।
और पढ़ें: T20 WC में श्रीलंका को हराकर मोर्गन ने रचा इतिहास, खास मामले में धोनी को छोड़ा पीछे

सचिन तेंदुलकर ने बताई भारतीय टीम की कमजोरी
अपने बड़े खिलाड़ियों के जल्दी आउट हो जाने के बाद भारतीय टीम के लिये वापसी कर पाना मुश्किल हो गया। पहले दो मैच में मिली हार के बाद भारतीय टीम की चारों तरफ आलोचना हो रही है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी विराट सेना को लेकर अपनी राय रखी है और लेग स्पिनर्स के खिलाफ उसकी बल्लेबाजी को हार की मुख्य वजह बताया है।
अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखते हुए तेंदुलकर ने कहा,'मैंने एक चीज नोटिस की है कि हमारे बल्लेबाज लेग स्पिनर्स के खिलाफ पिछले काफी समय से संघर्ष कर रहे हैं, खास तौर से वो स्पिनर्स जो अपनी गेंदबाजी में मिश्रण करते हुए गुगली, टॉप स्पिन, फ्लिफर और नॉर्मल लेग स्पिन का इस्तेमाल करते हैं वो भारत के खिलाफ काफी सफल होते हैं। न्यूजीलैंड के मैच में ईश सोढ़ी काफी प्रभावी रहे और दूसरे छोर पर सैंटनर ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों गेंदबाजों ने अपने 8 ओवर में सिर्फ 32 रन दिये जो कि शानदार है, मुझे लगता है कि भारतीय टीम को इस जगह पर काम करने की जरूरत है।'

लो स्कोरिंग मैच जीतने के लिये करना होता है यह काम
गौरतलब है कि टी20 विश्वकप में अब तक भारतीय टीम की गेंदबाजी भी प्रभावी साबित नहीं हुई है। इस पर बात करते हुए क्रिकेट के भगवान ने कहा कि विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का एकमात्र तरीका है कि आप विकेट चटकायें और अगर मैच लो स्कोरिंग हो तो वहां पर जल्दी-जल्दी विकेट निकालने होते हैं।
उन्होंने कहा,'जब आप इतने छोटे स्कोर का बचाव कर रहे होते हैं तो आपको पहले 6 ओवर्स में कम से कम 3 विकेट हासिल करने की जरूरत होती है। हमने ज्यादा रन नहीं दिये और बुमराह ने एक विकेट भी लिया लेकिन यह वो शुरुआत नहीं थी जिसकी हमें दरकार थी। हमने चक्रवर्ती के साथ शुरुआत की जो कि मिस्ट्री गेंदबाज हैं, अगर उनके सलामी बल्लेबाजों उसमें फंस जाते तो हमारे पास जल्दी विकेट लेने का मौका था पर ऐसा हुआ नहीं।'

हार्दिक-भुवनेश्वर होंगे बाहर
गौरतलब है कि भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है, जहां पर उसे अपनी बची हुई उम्मीदों को बरकरार रखने के लिये न सिर्फ जीत की दरकार है बल्कि एक बड़ी जीत की दरकार है। इससे पहले रिपोर्ट आ रही है कि भारतीय टीम अपनी प्लेइंग 11 से हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को टीम से बाहर करने की ओर देख रही है तो वहीं पर भुवनेश्वकर कुमार भी खराब फॉर्म के चलते वापसी नहीं करेंगे। इसके अलावा पहले दो मैच में खराब प्रदर्शन करने वाले वरुण चक्रवर्ती को भी बाहर कर रविचंद्रन अश्विन को खिलाने पर बात हो रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
