PAK vs NZ: पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने ढेर हुई न्यूजीलैंड, हैरिस राउफ ने लगाया विकेट का चौका
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में पाकिस्तान की टीम ने भारत को 10 विकेट से रौंद कर अपने कैंपेन का आगाज किया, जिसके बाद उसे अपना दूसरा मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने शारजाह आना पड़ा। न्यूजीलैंड की टीम ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ सुरक्षा खतरे का हवाला देते हुए सीरीज खेलने से इंकार कर दिया था जिसके बाद पीसीबी ने टीम को इस बेइज्जती का बदला विश्वकप में लेने के लिये कहा था और जब शारजाह में पाकिस्तानी टीम खेलने उतरी तो ऐसा लगा कि उसके खिलाड़ी उसी का बदला लेने उतरे हैं। शारजाह के मैदान पर खेले गये इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपने गेंदबाजों के दम पर न्यूजीलैंड की टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 134 रन पर रोक दिया। कीवी टीम ने इस दौरान अपने 8 बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया।
पहले मैच में भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ने वाले शाहीन शाह अफरीदी और हसन अली की जोड़ी ने इस मैच में भले ही ज्यादा कमाल न किया हो लेकिन पाकिस्तानी बॉलिंग लाइन अप के तीसरे अहम गेंदबाज हैरिस राउफ ने विकेटों का चौका लगाकर कीवी टीम को वापसी करने का मौका ही नहीं दिया।
और पढ़ें: WI vs SA: वेस्टइंडीज की हार का कारण बने लेंडल सिमंस, नाम किया विश्वकप का शर्मनाक रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के लिये सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (17) और डैरिल मिचेल (27) ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 36 रनों की साझेदारी की और जब लग रहा था कि कीवी टीम बिना विकेट खोये पावरप्ले खत्म कर जायेगी, तभी हैरिस राउफ ने मार्टिन गप्टिल को बोल्ड कर इस साझेदारी को समाप्त किया। गप्टिल के आउट होने के महज 3 ओवर बाद ही इमाद वसीम ने डैरिल मिचेल को भी आउट कर कीवी टीम को दूसरा झटका दिया। मोहम्मद हाफिज ने अगले ही ओवर में जेम्स नीशम को फखर जमान के हाथों कैच कराकर तीसरा झटका दे दिया।
जल्दी जल्दी 3 विकेट खोने के बाद कप्तान केन विलियमसन (25) और डेवॉन कॉन्वे (27) ने चौथे विकेट के लिये 34 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से बाहर ही निकाल रहे थे कि तभी हसन अली के बेहद उम्दा डायरेक्ट थ्रो ने विलियमसन को रन आउट कर दिया। केन विलियमसन के आउट होने के बाद कीवी टीम के बल्लेबाज ज्यादा कुछ कमाल कर नहीं सके और बचे हुए 7 ओवर में सिर्फ 2 ही बाउंड्री लगा पाये और 44 रन जोड़कर 4 विकेट खो दिये।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और कीवी बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। हैरिस राउफ ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 22 रन देकर 4 बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेजा तो वहीं पर शाहीन अफरीदी, इमाद वसीम और मोहम्मद हाफिज के खाते में भी एक-एक विकेट आये। पाकिस्तान के लिये हसन अली सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए जिन्होंने अपने 3 ओवर के स्पेल में 26 रन दिये और कोई विकेट नहीं चटकाया, हालांकि उनकी शानदार फील्डिंग ने न्यूजीलैंड की पारी को पूरी तरह से उनकी टीम के पक्ष में कर दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications