'नहीं किया बाहर तो हार सकते हैं', न्यूजीलैंड मैच से पहले भारतीय टीम में दो बदलाव चाहते हैं मोहम्मद अजहरुद्दीन
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारतीय टीम को अपना दूसरा मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार (31 अक्टूबर) के दुबई के मैदान पर खेलना है। पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच में भारतीय टीम को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये अपने बचे हुए सभी 4 मैचों में जीत की दरकार है, हालांकि विराट सेना को अपने 4 में से 3 मैच अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामिबिया जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ खेलना है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि भारतीय टीम बचे हुए 4 मैचों में से 3 मैच आसानी से जीत हासिल कर लेगी, हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे टी20 विश्वकप में अब तक जीत नहीं मिली है, तो ऐसे में रविवार को खेला जाने वाला मुकाबला भारतीय टीम के लिये क्वार्टर फाइनल की तरह होगा।
अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम को जीत नहीं मिलती है तो उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये दूसरी टीमों के साथ होने वाले मैच के नतीजों पर निर्भर होना पड़ेगा। वहीं न्यूजीलैंड की टीम को भी पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में उसकी टीम के साथ भी सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये उनके पास भी वही समीकरण हैं जो भारतीय टीम के सामने है। यहां पर अफगानिस्तान की टीम के मैच दोनों टीमों के लिये अहम भूमिका निभायेंगे।
और पढ़ें: जानें क्यों CVC कैपिटल से छिन सकती है IPL में अहमदाबाद की टीम, ललित मोदी ने BCCI पर साधा निशाना

भारत के लिये नॉकआउट होने वाला है न्यूजीलैंड मैच
ऐसे में भारतीय टीम के लिये यह मैच क्या मायने रखता है यह बताने की जरूरत नहीं है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर्स और खेल विशेषज्ञ न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अहम मैच के लिये बदलाव पर अपनी राय देते नजर आ रहे हैं और विराट सेना की जीत तय करने के लिये किन गलतियों को न दोहराने की बात कर रहे हैं। इस फेहरिस्त में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का नाम भी शामिल है जो कि इस अहम मैच के लिये प्लेइंग 11 में दो बदलाव करना चाहते हैं।

टीम में यह दो बदलाव चाहते हैं अजहरुद्दीन
पाकिस्तान के खिलाफ खेले गये मैच में भारतीय टीम जो प्लेइंग 11 लेकर उतरी थी, उसमें अजहरुद्दीन दो बदलाव करना चाहते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान का मानना है कि विराट सेना को अनफिट हार्दिक पांड्या को नहीं ढोना चाहिये, जबकि इतने अहम मुकाबले में कम अनुभवी वरुण चक्रवर्ती की जगह दूसरा स्पिनर शामिल करना चाहिये।
उन्होंने कहा,'रविवार को होने वाला मैच भारतीय टीम के लिये काफी अहम साबित होने वाला है, ऐसे में मुझे लगता है कि विराट कोहली को अपनी बेस्ट टीम के साथ मैदान पर उतरना चाहिये। अगर टीम में बदलाव करने से वो मजबूत बनती है और उसके जीतने का मौका बढ़ता है तो इसमें कोई बुराई नहीं है। भारत को इस मैच के लिये कोई कमी नहीं छोड़नी चाहिये। मुझे लगता है कि अगर हार्दिक पांड्या अनफिट चल रहे हैं, तो उन्हें टीम में नहीं रखना चाहिये, वहीं वरुण चक्रवर्ती को भी इस मैच से आराम देना चाहिये।'

भारत को इन दो खिलाड़ियों को देनी चाहिये जगह
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या पिछले काफी समय से भारत के लिये गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं और बल्लेबाजी में भी ज्यादा धार नजर नहीं आयी है। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनका कंधा भी ठीक तरह से काम करता नजर नहीं आया। उनके अलावा आईपीएल के पिछले 2 सीजन में लगातार शानदार प्रदर्शन कर टी20 विश्वकप टीम में जगह बनाने वाले वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा है। वरुण चक्रवर्ती वार्म अप मैच में भी काफी महंगे साबित हुए थे और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी 4 ओवर के स्पेल में 33 रन लुटाये थे, इस दौरान उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है।
मोहम्मद अजहरुद्दीन का मानना है कि भारतीय टीम को हार्दिक पांड्या की जगह ईशान किशन को मौका देना चाहिये जो कि काफी शानदार फॉर्म में नजर आये हैं तो वहीं पर रविचंद्रन अश्विन को चक्रवर्ती की जगह शामिल करें क्योंकि बायें हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार है और न्यूजीलैंड की टीम में कई सारे लेफ्ट हैंड बल्लेबाज खेलने वाले हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
