खिलाड़ियों को हवा में उड़ने की जरूरत नहीं, सीरीज जीतने पर राहुल द्रविड़ ने दिया बयान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने रोहित शर्मा-राहुल द्रविड़ के युग की शुरूआत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20आई मैचों की सीरीज में 3-0 से बाजी मारते हुए कर दी है। कोलकाता में हुए आखिरी मैच में भारत ने दमदार खेल दिखाते हुए 73 रनों से जीत दर्ज की। सीरीज जीतने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि न्यूजीलैंड पर 3-0 की जीत के साथ भारत के मुख्य कोच के रूप में अपना कार्यकाल शुरू करना अच्छा लगा। लेकिन उन्होंने साथ ही टीम के खिलाड़ियों को हवा में ना उड़ने की सलाह भी दी है। कीवियों का क्लीन स्वीप करने के बाद खिलाड़ियों को हवा में उड़ने की जरूरत नहीं, क्योंकि द्रविड़ ने उनसे अपने पैर जमीन पर रखने का आग्रह किया।
द्रविड़ ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड के लिए यह सीरीज आसान नहीं थी क्योंकि उन्होंने हाल ही में विश्व कप फाइनल खेला फिर 6 दिनों में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली है। न्यूजीलैंड ने 14 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल खेला था, जिसके बाद वे 16 नवंबर को सीरीज के पहले मैच के लिए जयपुर में थे। न्यूजीलैंड ने केन विलियमसन और काइल जैमीसन के बिना ये सीरीज खेली।
यह भी पढ़ें- 'कंक्रीट की पिच पर खेलते हुए बड़ा हुआ हूं', अपने 'फेवरेट शाॅट' पर बोले रोहित शर्मा

पैर जमीन पर रखने होंगे
द्रविड़ ने कहा, "मुझे लगता है कि यह वास्तव में एक अच्छी सीरीज जीत थी। सभी ने सीरीज में अपना अच्छा खेल दिखाया। अच्छी शुरुआत करना अच्छा है लेकिन हम अधिक उत्सुक हैं और हमें अपने पैर जमीन पर रखने की जरूरत है। न्यूजीलैंड के लिए एक के बाद एक मैच खेलना आसान नहीं है। उसने विश्व कप फाइनल और छह दिनों में तीन मैच खेलें। हमें अपने पैर जमीन पर रखने होंगे और आगे बढ़ने के लिए कुछ चीजें सीखनी होंगी।"

हमारे पास बहुत विकल्प हैं
हालांकि भारत ने भी टी20आई सीरीज बड़े खिलाड़ियों के बिना खेली, जिनमें विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा हैं। द्रविड़ ने इस बात पर भी जिक्र किया कि सीरीज से बहुत सारी सकारात्मकताएं थीं और इस बात पर भी जोर दिया कि अगले विश्व कप की अगुवाई में अपने बड़े नामों को पर्याप्त आराम देने पर ध्यान दिया जाएगा, साथ ही युवाओं को चल रहे चक्र में माैके भी दिए जाएंगे। द्रविड़ ने कहा, "हमने कुछ लोगों को मौका दिया, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में बहुत अधिक क्रिकेट नहीं खेला है, कुछ और अनुभवी लोगों ने ब्रेक लिया है। हमने कुछ अच्छी सीख देखी है और आगे जाकर हमें उन कौशलों को विकसित करना जारी रखना होगा। यह देखना वाकई बहुत अच्छा है कि हमारे पास बहुत विकल्प हैं। द्रविड़ ने कहा, "अभी और अगले विश्व कप के बीच यह एक लंबा सत्र होने जा रहा है, देखना है कि हमारे कुछ अनुभवी खिलाड़ी कितना क्रिकेट खेलेंगे।"

टेस्ट सीरीज के लिए हैं उत्सुक
वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज को लेकर द्रविड़ ने कहा कि वह टेस्ट सीरीज के दौरान बाकी खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। भारत रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के बगैर टेस्ट सीरीज खेलेगा जबकि केएल राहुल, आर अश्विन और मोहम्मद सिराज टेस्ट टीम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, "यहां से केवल तीन या चार लोग टेस्ट के लिए कानपुर जा रहे हैं और उन्हें सुबह 7:30 बजे उठना होगा, इसलिए हो सकता है कि अन्य लोग देर रात तक समय बिता सकें और आनंद ले सकें।" बता दें कि टेस्ट सीरीज का पहला मैच 25 नवंबर से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 3 दिसंबर से मुंबई के वानखेड़े में शुरू होगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
