नई दिल्ली| कहते हैं ना सफलता ही आपकी तस्वीर निर्धारित करती है तभी तो जो लोग टेस्ट सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया के लिए आलोचना कर रहे थे वही लोग आज वनडे सीरीज जीतने के बाद टीम की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। जी हां आपने सही समझा हम बात कर रहे हैं देश के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर की।
जिन्होंने कहा है कि टीम इंडिया अगले वर्ष फरवरी-मार्च में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर सकने में सक्षम है। गावस्कर ने कहा कि भारतीय टीम जिस अंदाज में इस समय खेल रही है, वह विश्व कप खिताब का बचाव करने के लिए पर्याप्त है।
विश्व कप खिताब का बचाव करने के लिए पर्याप्त टीम इंडिया
मालूम हो कि इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की 1-3 से हार के बाद आलोचना करने वाले गावस्कर ने एकदिवसीय सीरीज में जबरदस्त वापसी करने पर मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर सराहना भी की।
गौरतलब है कि इंडियन टीम पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज में पहला मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर चुकी है, और अब शुक्रवार को सीरीज का आखिरी मैच खेलने उतरेगी। इंग्लैंड की धरती पर भारत ने 24 वर्षो के बाद सीरीज जीतने का कारनामा किया है।