DC vs RR: 4 खिलाड़ी जिनके दम पर दिल्ली ने जीता मैच, यहां बदला मैच
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का 30वां मैच बुधवार को दुबई के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर दिल्ली की टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान की टीम को लीग में दूसरी बार हराया और अंकतालिका में टॉप पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि यह मैच दिल्ली के लिये उतना आसान नहीं रहा, जितना उसे राजस्थान के खिलाफ पहले मुकाबले में देखने को मिला था। दिल्ली के लिये यह मैच एक रोलर कोस्टर राइड की तरह रहा, जहां पर कभी राजस्थान की टीम आगे होती तो कभी दिल्ली की टीम वापसी करती हुई नजर आती।
और पढ़ें: IPL 2020: पृथ्वी शॉ को पहली गेंद पर बोल्ड कर ऑर्चर ने किया बीहू डांस, देखें वीडियो
अंत में दिल्ली की टीम मैच पर पकड़ बनाये रखने में कामयाब रही और राजस्थान को 13 रनों से मात दी। दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाये, जिसका पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 148 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिये इस मैच में जीत के कई हीरो रहे लेकिन हम उन 4 खिलाड़ियों की बात करते हैं जिन्होंने अहम मौकों पर दिल्ली की मैच में वापसी कराई टीम के लिये जीत दिलाई।
और पढ़ें: IPL 2020: DC के खिलाफ निराशाजनक हार के बाद RR के कप्तान स्टीव स्मिथ ने कही ये बात

शिखर धवन (Shikhar Dhawan)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और जोफ्रा आर्चर के खिलाफ उसने अपने पहले 2 विकेट महज 10 रन पर खो दिये थे। दिल्ली के लिये पृथ्वी शॉ (गोल्डन डक) और अजिंक्य रहाणे (3) रन जल्दी पवेलियन लौट गये। इसके बाद टीम को न सिर्फ विकेट बचाने की दरकार थी बल्कि उसे तेजी से रन भी बनाने थे। ऐसे समय में दिल्ली के लिये शिखर धवन ने शानदार आगाज किया और 33 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। शिखर धवन ने आईपीएल में अपना 39वां अर्धशतक पूरा करने के लिये 6 चौके और 2 छ्क्कों का सहारा लिया।
इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में विराट कोहली, सुरेश रैना, रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया और इस फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर पहुंच गये हैं। इतना ही नहीं दूसरी पारी में अय्यर के चोटिल होने के बाद धवन ने टीम की कप्तानी भी संभाली गेंदबाजों का सही से इस्तेमाल कर टीम को जीत दिलाई।

श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer)
दिल्ली की जीत के दूसरे हीरो के रूप में कप्तान श्रेयस अय्यर चमके जिन्होंने तीसरे विकेट के लिये धवन के साथ 85 रनों की साझेदारी की और फिर स्टॉयनिस के साथ भी चौथे विकेट के लिये 26 गेंदों में तेजी से 37 रन जोड़े। इस दौरान अय्यर ने न सिर्फ विकेट को बचाया बल्कि तेजी से रन बनाते हुए आईपीएल में अपना 15वां अर्धशतक भी पूरा किया। अपनी इस पारी के दौरान अय्यर ने 43 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेली और टीम को एक चुनौती पूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जब तक वह बल्लेबाजी कर रहे थे तो लगा कि दिल्ली की टीम आसानी से 180 के स्कोर तक पहुंच जायेगा लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों ने डेथ ओवर्स में फिर से वापसी की और आखिरी 5 ओवर में सिर्फ 32 रन दिये और 4 विकेट चटकाये।

एनरिच नॉर्टजे (Anrich Nortje)
दिल्ली की जीत में तीसरे हीरो के रूप में सामने आये साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्टजे जिन्होंने तब विकेट हासिल किये जब लगा कि राजस्थान की टीम दिल्ली से मैच को दूर ले जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 150 से ज्यादा की स्पीड में गेंदबाजी की और पहले खतरनाक दिख रहे जोस बटलर (9 गेंद में 22 रन) और फिर रॉबिन उथप्पा (27 गेंद में 32 रन) को बोल्ड कर टीम की वापसी कराई। नॉर्टजे ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 33 रन दिये और 2 विकेट हासिल किये। वहीं अपना पहला मैच खेल रहे तुषार पांडे ने भी बेन स्टोक्स (41) औऱ श्रेयस गोपाल का विकेट लेकर अच्छा साथ दिया।

अक्षर पटेल- रविचंद्रन अश्विन (Axar Patel- R Ashwin)
दिल्ली की टीम के लिये चौथे हीरो के रूप में उसका स्पिन विभाग रहा जिसने राजस्थान के 2 अहम बल्लेबाजों को आउट किया और अपने 8 ओवर के स्पेल में राजस्थान को दिल्ली पर हावी नहीं होने दिया। अक्षर पटेल ने संजू सैमसन (18 गेंद में 25 रन) को बोल्ड किया तो अश्विन ने कप्तान स्टीव स्मिथ (1) को कैच एंड बॉल के तहत वापस पवेलियन भेजा। इस दौरान अश्विन ने अपने 4 ओवर के दौरान सिर्फ 17 रन दिया तो अक्षर पटेल ने भी सिर्फ 32 रन दिये और राजस्थान के खिलाफ दबाव बरकरार रखा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications