BAN vs PAK: आखिरी ओवर में टेस्ट मैच हारी बांग्लादेश, पाकिस्तान ने रोमांचक जीत हासिल कर किया क्लीन स्वीप
नई दिल्ली। बांग्लादेश की मेजबानी में 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची पाकिस्तान की टीम ने ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में सीरीज का आखिरी मैच पांचवे दिन बेहद रोमांचक मोड़ पर जाकर अपने नाम किया और बांग्लादेश को 2-0 से क्लीन स्वीप कर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की अंकतालिका में 75 प्रतिशत जीत के साथ दूसरे पायदान पर बनी हुई है। पाकिस्तान की टीम ने बांग्लादेश को इस मैच में एक पारी और 8 रन से हराकर सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। पाकिस्तान की टीम ने पहले टेस्ट मैच में 8 विकेट से जीत हासिल की थी। टेस्ट चैम्पियनशिप में पाकिस्तान की टीम अब तक 4 टेस्ट मैच खेल चुकी है और उसे 3 में जीत एवं एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
ढाका के मैदान पर खेले गये इस मैच के पहले दो दिन बारिश की वजह से धुल गये थे, जिसके बाद पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300 रनों का स्कोर खड़ा किया और पारी घोषित की। वहीं रनों का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने बेहद शर्मनाक प्रदर्शन किया और पहली पारी में महज 87 रन पर सिमट गई। यहां पर पाकिस्तान की टीम ने बचे हुए 213 रन के लिये बांग्लादेश की टीम को फॉलो ऑन करने के लिये बुलाया और बांग्लादेश की टीम दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी।

दूसरी पारी में भी जारी रहा बांग्लादेश का खराब प्रदर्शन
मैच के पांचवे दिन जब बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो उसका खराब प्रदर्शन दोबारा जारी रहा और उसने महज 25 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये। यहां से लिटन दास (45) और मुश्फिकुर रहीम (48) ने पारी को संभाला और लंच तक पांचवा विकेट नहीं गिरने दिया। लंच के बाद जब लिटन दास और मुश्फिकुर रहीम के बीच पांचवे विकेट के लिये 73 रनों की साझेदारी पूरी हो गई थी तभी साजिद खान ने लिटन दास को आउट कर वापस भेज दिया।

बाबर आजम के विकेट ने करायी वापसी
यहां से मुश्फिकुर रहीम ने शाकिब अल हसन (65) के साथ पारी को संभाला और छठे विकेट के लिये 49 रनों की साझेदारी की। हालांकि चाय से कुछ वक्त पहले ही रहीम के रन आउट ने एक बार फिर से पाकिस्तान की वापसी करायी। चाय के बाद बांग्लादेश की टीम ने शाकिब अल हसन की बल्लेबाजी के दम पर लड़ाई करना जारी रखा और मेंहदी हसन (14) के साथ 51 रनों की साझेदारी कर डाली।
जब लगा कि बांग्लादेश की टीम मैच को बचाने में कामयाब हो जायेगी तभी बाबर आजम ने गेंदबाजी करने का फैसला किया और 70 गेंद खेल चुके मेंहदी हसन का विकेट लेकर अपनी टीम को ब्रेक थ्रू दिलाया। वहीं अगले ही ओवर में साजिद खान ने शाकिब अल हसन को बोल्ड कर बांग्लादेश की उम्मीदों को धूमिल कर दिया। इसके तईजुल इस्लाम और इबादत हुसैन मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाने में कामयाब हो गये थे।

साजिद खान ने दिलाई जीत
बांग्लादेश को मैच बचाने के लिये 3 गेंदों का सामना करना था जबकि पाकिस्तान को बस एक विकेट की दरकार थी। साजिद खान ने तईजुल इस्लाम को चौथी गेंद पर आउट कर मैच को जीत लिया और बांग्लादेश मैच बचाने में नाकाम रही। पाकिस्तान के लिये इस मैच में साजिद खान ने जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई जिन्होंने पहली पारी में महज 15 ओवर्स की गेंदबाजी में 42 रन देकर 8 विकेट हासिल किये थे। वहीं पर दूसरी पारी में 32.4 ओवर्स फेंककर 86 रन दिये और 4 अहम विकेट दिलाये। साजिद खान ने यह चारों विकेट चाय के बाद हासिल कर बांग्लादेश को ड्रॉ करने से रोका और टीम को पारी एवं 8 रन की बड़ी जीत दिलायी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications