IPL Eliminator 2020: फिर टूटा आरसीबी का सपना, विलियमसन की जुझारू पारी से जीती हैदराबाद
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में अबुधाबी के मैदान पर खेले जा रहे एलिमिनेटर मैच में खिताब जीतने का सपना लेके उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के लिये सनराइजर्स हैदराबाद बुरे सपने के रूप में उतरी और 6 विकेट से हरा कर लीग में उनका सफर खत्म कर दिया। आरसीबी की टीम के लिये केन विलियमसन आज जीत की राह में रुकावट बनकर उतरे और 4 साल बाद प्लेऑफ में पहुंची विराट सेना को आगे जाने नहीं दिया। इस हार के साथ ही आरसीबी की टीम का सफर खत्म हो गया है।
इसके साथ ही 13 साल से खिताब का इंतजार कर रही आरसीबी की टीम का यूएई में पहली बार चैम्पियन बनने का सपना टूट गया है। वहीं आईपीएल में दूसरे प्लेऑफ में अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दिल्ली कैपिटल्स का सामना करेगी, जिसे मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले क्वालिफायर मैच में हराने का काम किया।
और पढ़ें: IPL 2020: जसप्रीत बुमराह ने खोला राज, बताया- कैसे इस सीजन बरपा रहे हैं कहर
आईपीएल 2020 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शानदार गेंदबाजी करते हुए आरसीबी की टीम को महज 131 रनों पर सीमित कर दिया। वहीं आरसीबी के लिये एबी डिविलियर्स ने शानदार पारी खेली और 56 रनों का योगदान देकर टीम को एक लड़ने वाले स्कोर तक पहुंचाया।
वहीं जब रनों का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम की शुरुआत खराब रही और मोहम्मद सिराज ने श्रीवत्स गोस्वामी को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद सिराज ने फॉर्म में चल रहे कप्तान डेविड वॉर्नर को 17 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन भेजने का काम किया।
मनीष पांडे भी 24 रन बनाकर आउट हो गये तो प्रियम गर्ग 7 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गये। 67 रन पर 4 विकेट खो देने के बाद हैदराबाद की टीम मुश्किलों में नजर आ रही थी लेकिन इस मौके पर केन विलियमसन टीम के लिये संकटमोचक बन कर आये और 44 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 50 रनों की पारी खेली।
और पढ़ें: IPL 2020: कोहली का फ्लॉप शो जारी, होल्डर के सामने ढेर हुई आरसीबी
वहीं दूसरे छोर पर हरफनमौला खिलाड़ी जेसन होल्डर ने 20 गेंद में 3 चौकों की मदद से 24 रन का योगदान दिया। आखिरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिये 6 गेंद में 9 रन की दरकार थी। नवदीप सैनी ने पहली दो गेंदों में सिर्फ 1 रन दिया जिससे हैदराबाद की टीम पर दबाव बनता नजर आया लेकिन यहां पर जेसन होल्डर ने कमान संभाली और लगातार 2 चौके लगाकर अपनी टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने का काम किया।
आपको बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आज अपना पांचवा एलिमिनेटर खेलने उतरी थी और यह दूसरा ही मौका है जब वह जीतकर प्लेऑफ में पहुंची है। इससे पहले उसने 2016 में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था और इस साल यह टीम खिताब जीतने में भी कामयाब रही थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications