इंग्लैंड के पूर्व कप्तान को लग रहा है भारतीय टेस्ट सीरीज को लेकर डर, पंत को टैग करके कही ये बात
नई दिल्लीः इंग्लैंड में कोरोना के डेल्टा वैरीएंट ने काफी असर डाला है। कुछ दिन पहले की बात है जब पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड का दौरा करने आई थी और इंग्लिश टीम श्रीलंका की मेजबानी करके निपटी ही थी। इसके बाद खिलाड़ियों का कोविड-19 टेस्ट हुआ जिसमें इंग्लैंड की टीम के 7 सदस्य पॉजिटिव पाए गए और पाकिस्तान के खिलाफ ईसीबी को बिल्कुल नई टीम चुननी पड़ी। इसके बाद जब श्रीलंका के खिलाड़ी इंग्लैंड से लौटे तो उनके भी कुछ टेस्ट पॉजिटिव पाए गए। यह दर्शाता है इंग्लैंड में वाकई कोरोनावायरस से पैदा हुई स्थिति बहुत अच्छी नहीं है।

कोरोना मामलों ने माइकल वॉन को डराया-
इधर, भारतीय खेमे में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था लेकिन ऋषभ पंत भी कोविड-19 पॉजिटिव हो गए और यह बात चिंता की लकीर माथे पर उतार देती है। इस बात से इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान भी भयभीत हैं। उनको लगता है कि जो क्रिकेट मैच इंग्लैंड में खेले जा रहे हैं उनमें पृथक वास के नियमों में बदलाव करने की जरूरत है। माइकल वॉन ने इस कमेंट में कोरोना के ताजा चर्चित शिकार ऋषभ पंत को टैग किया है। पंत अपनी टीम के साथियों के साथ डरहम की यात्रा नहीं कर पाएंगे जहां पर भारतीय टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले काउंटी इलेवन के साथ प्रैक्टिस मैच खेलेगी। इस प्रैक्टिस मैच को फर्स्ट क्लास क्रिकेट का दर्जा दिया गया है।
क्रुणाल पांड्या से झगड़े के बाद इस खिलाड़ी ने छोड़ा बड़ौदा का साथ, इरफान पठान को आया गुस्सा

ट्वीट करके कही ये बात-
माइकल वॉन ने ट्वीट में कहा है अगर खिलाड़ी ऐसे ही वायरस से पॉजिटिव आते रहे तो आने वाली एशेज सीरीज के लिए भी दिक्कत हो जाएगी। उन्होंने ट्वीट करके कहा है, "मुझे 'द हंड्रेड' और भारतीय टेस्ट सीरीज के लिए डर महसूस हो रहा है, जब तक की आइसोलेशन के नियम नहीं बदले जाते। हमने ऋषभ पंत का केस देखा है और मुझे मुझे डर है कि एशेज पर भी काफी प्रभाव पड़ सकता है, जब तक कि हम बबल/ क्वारंटाइन के नियमों में बदलाव नहीं करते।"

टीम इंडिया के और सदस्य को भी हो सकता है कोरोना-
इसी बीच अन्य रिपोर्टों में यह भी जानकारी आ रही है कि भारतीय टीम के स्टाफ मेंबर्स पर भी कोरोना का साया पड़ा है और वह आइसोलेटेड रहेंगे, जिस कारण ये लोग डरहम में टीम का बबल ज्वाइन नहीं करेंगे। अगर रिपोर्ट में आई बात सच साबित होती है तो यह वाकई चिंताजनक स्थिति है।
उधर, ऋषभ पंत को पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और हरभजन सिंह ने ट्विटर पर जल्दी रिकवरी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पंत में किसी तरह के लक्षण तो नहीं बताए जा रहे हैं लेकिन उनको जरूरी आइसोलेशन पूरा करना होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज 4 अगस्त से शुरू होने जा रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
