ओवल में जीत के साथ विराट कोहली ने रचा इतिहास, लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच ओवल के मैदान पर खेला गया जहां पर भारतीय टीम ने 50 साल बाद जीत हासिल कर इतिहास रच दिया। ओवल के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरी जहां पर उसने महज 127 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट खो दिये थे लेकिन शार्दुल ठाकुर ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाकर टीम की वापसी कराना शुरू कर दिया। शार्दुल की पारी की बदौलत भारत ने 191 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने ऑली पोप और क्रिस वोक्स की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 290 रनों का स्कोर खड़ा किया और 99 रनों की बढ़त हासिल की।
और पढ़ें: 'स्पिन पिचों का रोना बंद करो', ओवल की ऐतिहासिक जीत के बाद सहवाग ने इंग्लैंड पर साधा निशाना
वहीं पर भारतीय टीम ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की और रोहित शर्मा (127), चेतेश्वर पुजारा (61), ऋषभ पंत (50) और शार्दुल ठाकुर (60) की पारियों की बदौलत 466 रनों का स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड के सामने जीत के लिये 368 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत तो की लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने 210 रन पर सिमट गई और भारतीय टीम ने 157 रनों से जीत हासिल कर ली। ओवल में जीत हासिल करने के साथ ही भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी है।
और पढ़ें: 50 साल बाद ओवल में जीत हासिल कर भारत ने रचा इतिहास, सीरीज में बनाई अजेय बढ़त

ऐसा करने वाले पहले एशियाई कप्तान बनें कोहली
ओवल के मैदान पर खेले गये इस मैच में जीत के साथ ही विराट कोहली पहले एशियाई कप्तान बन गये हैं जिन्होंने इंग्लैंड को उसी की सरजमीं पर 3 बार हराने का कारनामा किया है। इतना ही नहीं इंग्लैंड का दौरा करते हुए एक ही सीरीज में ओवल और लॉर्डस के मैदान पर जीत हासिल करने वाले वह पहले भारतीय कप्तान बन गये हैं। इंग्लैंड में ऐसा करने वाली टीमों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर है जिसने 5 बार (1930, 1948, 1972, 2001, 2015) एक दौरे पर दोनों मैदान पर जीत हासिल की है। वहीं इस फेहरिस्त में वेस्टइंडीज (1950, 1973, 1984, 1988), पाकिस्तान (1992, 1996, 2016), न्यूजीलैंड (1999), साउथ अफ्रीका (2012) और भारत (2021) का नाम शामिल हो गया है।

विदेश में सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान की लिस्ट में शुमार हुए कोहली
इस जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की विदेशी सरजमीं पर मैच जीतने की संख्या 15 हो गई है और विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा हासिल करने वाले कप्तान की लिस्ट में टॉप 5 में शामिल हो गये हैं। इस लिस्ट में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान क्लाइव लॉयड 23 जीत के साथ टॉप पर काबिज हैं। वहीं ग्रीम स्मिथ 22 जीत के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग 18 जीत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं तो वहीं पर स्टीव वॉ 16 जीत के साथ चौथे पायदान पर काबिज हैं। वहीं अब विराट कोहली 15 जीत के साथ पांचवे पायदान पर पहुंच गये हैं। इस लिस्ट में एलन बॉर्डर और मिस्बाह उल हक का नाम भी 13-13 जीत के साथ शामिल है।

सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान
इस जीत के साथ विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले कप्तानों की लिस्ट में चौथा स्थान बरकरार रखा है और स्टीव वॉ को पीछे छोड़ने के करीब होते जा रहे हैं। इस लिस्ट में ग्रीम स्मिथ 53 जीत के साथ टॉप पर काबिज हैं तो वहीं पर रिकी पोंटिंग 48 जीत के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। स्टीव वॉ 41 जीत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं तो विराट कोहली ने अपनी 38वीं जीत हासिल कर ली है। इस फेहरिस्त में क्लाइव लॉयड (36), एलन बॉर्डर (32) और स्टीफन फ्लेमिंग (28) का नाम भी शामिल है।

35 साल बाद भारत ने एक सीरीज में जीते दो मैच
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर क्रिकेट इतिहास में दूसरी बार एक से ज्यादा टेस्ट मैचों में जीत हासिल करने का कारनामा किया है। इससे पहले भारत ने 35 साल पहले 1986 में एक सीरीज के दौरान एक से ज्यादा टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी। आपको बता दें कि यह टेस्ट सीरीज में तीसरी बार हुआ है जब भारतीय टीम ने किसी विदेशी दौरे पर पारी की हार के बाद अगले मैच में जीत हासिल कर ली है। भारत के लिये ऐसा पहली बार 2008 के श्रीलंका दौरे पर हुआ था तो वहीं 2010 के साउथ अफ्रीका दौरे पर भी यह कारनामा देखने को मिला था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications