IND vs NZ: कानपुर टेस्ट में श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, तोड़ा 86 साल पुराना रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच कानपुर के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसके चौथे दिन भारतीय टीम के लिये डेब्यू कर रहे श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर से भारतीय टीम की नैया को डूबने से बचा लिया। भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 345 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में कीवी टीम 296 रन ही बना सकी और भारत को 49 रनों की बढ़त मिल गई। भारतीय टीम को पहली पारी में बढ़त जरूर अच्छी मिली लेकिन दूसरी पारी में उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही, महज 2 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोने के बाद भारतीय टीम के लिये चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने 30 रनों की साझेदारी की लेकिन इसके बाद महज 19 रन के अंदर उसने अपने 4 विकेट खो दिये।
और पढ़ें: कोरोना वायरस के नये वैरिएंट के बीच क्या साउथ अफ्रीका दौरे पर जायेगा भारत, BCCI ने दिया जवाब
महज 51 रन के स्कोर पर भारतीय टीम अपने 5 विकेट खो चुकी थी जिसके बाद खतरे के बादल टीम पर मंडरा रहे थे, हालांकि इस मैच में डेब्यू कर रहे श्रेयस अय्यर (65) ने एक बार फिर पारी को संभाला और रविचंद्रन अश्विन (32) के साथ छठे विकेट के लिये 52 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर ऋद्धिमान साहा के साथ 7वें विकेट के लिये 64 रनों की साझेदारी कर डाली। श्रेयस अय्यर की इस पारी के चलते भारतीय टीम जो कि 100 रन के आस-पास मुश्किलों में नजर आ रही थी उसने 200 से ज्यादा रनों की बढ़त बना ली और मैच में वापसी कर ली।

श्रेयस अय्यर ने तोड़ा 86 साल पुराना रिकॉर्ड
श्रेयस अय्यर ने अपनी इस पारी में 125 गेंदों का सामना किया और 8 चौके एवं एक छक्के की मदद से 65 रनों की पारी खेली। टिम साउथी ने चायकाल के ब्रेक से पहले श्रेयस अय्यर का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। अपनी इस पारी के साथ ही श्रेयस अय्यर ने भारतीय क्रिकेट के 86 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। श्रेयस अय्यर ने अपने इस डेब्यू मैच की पहली पारी में 105 रन बनाकर शतक लगाया था तो वहीं दूसरी पारी में 65 रनों का योगदान दिया।
इसके साथ ही श्रेयस अय्यर ने डेब्यू टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में लाला अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने 1933-34 के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में डेब्यू किया था और 156 रन बनाये थे। वहीं श्रेयस अय्यर इस फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं, जबकि लिस्ट में शिखर धवन का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने 2012-13 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में डेब्यू करते हुए 187 रनों की पारी खेली थी। वहीं रोहित शर्मा ने 2013-14 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करते हुए 177 रन बनाये थे।

ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने
श्रेयस अय्यर ने अपनी इस पारी के साथ ही अपना नाम उन क्रिकेटर्स की लिस्ट में शामिल कर लिया है जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में पहले शतक और फिर अर्धशतक लगाने का काम किया है। वह भारत के लिये ऐसा करने वाले पहले और इकलौते खिलाड़ी बन गये हैं, जबकि ओवरऑल ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। श्रेयस अय्यर से पहले यह कारनामा इंग्लैंड के लिये एलिस्टर कुक कर चुके हैं, जिन्होंने 2006 में डेब्यू करते हुए यह कारनामा किया था।

जीत के लिये भारत को 9 विकेट की दरकार
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने श्रेयस अय्यर (65) और ऋद्धिमान साहा (नाबाद 61) की पारियों के दम पर दूसरी पारी में 234 रन बना डाले और 7 विकेट के नुकसान पर घोषित कर दिया। इसके चलते भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने दूसरी पारी में जीत के लिये 284 रनों का लक्ष्य रखा है। चौथे दिन का खेल खत्म होने से पहले भारतीय टीम ने 4 ओवर्स की गेंदबाजी की और कीवी टीम के सलामी बल्लेबाज विल यंग का विकेट हासिल किया।
विल यंग अश्विन की गेंद पर एलबीडब्लयू करार दिये गये, हालांकि रिप्ले देखने पर पता चला कि गेंद स्टंप पर नहीं लग रही थी। विल यंग ने डिसीजन को लेकर रिव्यू की मांग भी की थी लेकिन रिव्यू करने के लिये दिये गये अनिवार्य 15 सेकेंड बीत जाने के चलते डीआरएस को मंजूरी नहीं मिली और मैदानी अंपायर के खराब डिसीजन के चलते विल यंग को वापस जाना पड़ा। भारत को आखिरी दिन जीत के लिये 9 विकेट की दरकार है तो वहीं पर कीवी टीम को 280 रन बनाने होंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications