सिमंस के चलते T20 WC में लगभग खत्म हुआ वेस्टइंडीज का सफर, साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट से हराया
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप 2021 में दुबई के मैदान पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां पर डिफेंडिंग चैम्पियन वेस्टइंडीज की टीम का क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में खेले जाने वाले महाकुंभ में लगभग सफर समाप्त हो गया है। दुबई के मैदान पर खेले गये 18वें मैच में वेस्टइंडीज की टीम को साउथ अफ्रीका की टीम ने खेल के हर विभाग में पराजित किया और इस अहम मैच को 8 विकेट से जीतकर उनका सफर लगभग समाप्त कर दिया है। वेस्टइंडीज की टीम दुबई के मैदान पर ही खेले गये अपने पहले मैच में 55 रन पर सिमट गई थी जिसके बाद इंग्लैंड की टीम ने मैच को 6 विकेट से जीत लिया था। इस बड़ी हार के चलते वेस्टइंडीज का नेट रन रन नेगेटिव में भी काफी नीचे चला गया था।
पहले मैच की बड़ी हार के बाद वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिये अपने हर मैच में जीत हासिल करने की दरकार थी, हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गये दूसरे मैच में कैरिबियाई टीम के बल्लेबाज फिर से खुलकर रन नहीं बना सके और निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर सिर्फ 143 रनों का ही स्कोर खड़ा कर सके। वेस्टइंडीज के लिये सिर्फ एविन लुईस ने ही 35 गेंदों में 56 रनों की विस्फोटक पारी खेली लेकिन उनके अलावा ज्यादातर बल्लेबाजों ने धीमी बल्लेबाजी की।
और पढ़ें: SA vs WI: 6 छक्के लगाकर लुईस ने ठोंका विस्फोटक अर्धशतक, धीमी शुरुआत के बाद खड़ा किया सम्मानजनक स्कोर
इस दौरान वेस्टइंडीज की हार में उसके सलामी बल्लेबाज लेंडल सिमंस ने बड़ी भूमिका निभाई जिन्होंने 35 गेंदों का सामना कर सिर्फ 16 रन बनाये। वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी पूरी पारी में 9.2 ओवर्स पर कोई रन नहीं बनाया और सिमंस ने लगभग 6 ओवर्स खेल कर सिर्फ 16 रन का ही योगदान दिया, जिसके चलते जहां वेस्टइंडीज की टीम 180-190 के स्कोर तक पहुंच सकती थी वो सिर्फ 143 रन ही बना पायी।
जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम के लिये कप्तान टेंबा बावुमा पहले ही ओवर में रन आउट हो गये लेकिन उसके बाद रीजा हेंड्रिक्स (39), वान दर दुसैं (43) और एडेन मार्करम (50) ने अहम पारियां खेलकर अपनी टीम को महज 18.2 ओवर्स में ही 8 विकेट से मैच जिता दिया। एडेन मार्करम ने महज 25 गेंदों में 2 चौके 4 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वेस्टइंडीज के लिये सिर्फ अकील हुसैन ही विकेट लेने में कामयाब हो सके।
और पढ़ें: SA vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ क्यों नहीं खेले क्विंटन डिकॉक, क्या ब्लैक लाइव मैटर से है कनेक्शन
गौरतलब है कि इस हार के बाद वेस्टइंडीज की टीम का नेट रन रेट और नीचे चला गया है और उसे सेमीफाइनल में आसानी से पहुंचने के लिये बचे हुए चारों मैच में जीत की दरकार थी। हालांकि इस हार के बाद उसके पास 3 ही मैच बचे हैं जिसमें उसे ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और श्रीलंका का सामना करना है। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज को रेस में वापसी के लिये बचे हुए मैचों में सिर्फ जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत की दरकार है ताकि नेट रन रेट का केस होने पर वो रेस में आ सके, वरना पहली दो हार के बाद उनका टी20 विश्वकप में सफर खत्म हो गया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications