कम नहीं हो रही लंका प्रीमियर लीग की मुश्किलें, सोहेल तनवीर समेत 2 खिलाड़ियों को हुआ कोरोना
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच श्रीलंका क्रिकेट की वापसी के लिये इस महीने के अंत में प्रस्तावित लंका प्रीमियर लीग की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में इस टूर्नामेंट से श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी लसिथ मलिंगा, वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल और भारतीय टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने नाम वापस लिया था जिसके बाद इस लीग को झटका लगा तो वहीं अब कोरोना महामारी ने दिग्गज खिलाड़ियों को अपनी चपेट में लेकर दूसरा बड़ा झटका दिया है।
लंका प्रीमियर लीग की शुरुआत 26 नवंबर से होनी है लेकिन इससे पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर और कनाडा के बल्लेबाज रविंदरपाल सिंह यहां शामिल होने से पहले जरूरी कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाये गये हैं, जिसके बाद आयोजकों को बड़ा झटका लगा है।
और पढ़ें: IND vs AUS: क्यों ऋषभ पंत को मिलने चाहिये और मौके, जानें क्या बोले हरभजन सिंह
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार कैंडी टस्कर्स फ्रैंचाइजी के लिये चुने गये सोहेल तनवीर और कोलंबो किंग्स की टीम का हिस्सा बने रविंदरपाल सिंह शुक्रवार को श्रीलंका पहुंचने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं।
गौरतलब है कि सोहेल तनवीर को उनके साथी पाक्सितानी खिलाड़ी वहाब रियाज की जगह टूर्नामेंट में शामिल किया गया था तो वहीं पर रविंदर सिंह को इंग्लैंड के खिलाड़ी लियाम प्लंकेट की जगह मौका दिया गया था। दोनों खिलाड़ियों ने लीग से अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद तनवीर और रविंदर को मौका दिया गया था लेकिन कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद अब दोनों ही खिलाड़ी कम से कम 14 दिन के लिये क्वारंटीन हो गये हैं।
कैंडी टस्कर्स के कोच हशन तिलकरत्न ने सोहेल तनवीर के बारे में बात करते हुए कहा कि हमें उनका रिप्लेसमेंट ढूंढने की जरूरत है, हम 2 हफ्तों तक इंतजार नहीं कर सकते, इस दौरान काफी कुछ घटेगा। ऐसे में हमें फ्रैंचाइजी के मालिकों से बात करने की जरूरत है कि वो किसी ऐसे खिलाड़ी को ढूंढे जो टीम में तनवीर की जगह ले सके।
और पढ़ें: नया प्वाइंट सिस्टम भारत पर पड़ेगा भारी, टेस्ट चैम्पियनशिप से हो सकता है बाहर, जानें कैसे करता है काम
आपको बता दें कि लंका प्रीमियर लीग का आयोजन इस साल अगस्त में ही होना था लेकिन पहले कोरोना वायरस और फिर आईपीएल के चलते इसकी तारीख को पीछे खिसकाया गया। अब भी इस लीग के आयोजन में काफी मुश्किलें हैं लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इसे आयोजित करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
