'अब पाकिस्तान की मेजबानी में खेलने से इंकार नहीं कर सकता भारत', CT 2025 को लेकर रमीज राजा ने भरी हुंकार
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल की ओर से 2024 से 2031 के बीच खेले जाने वाले आईसीसी टूर्नामेंट के आयोजन की लिस्ट में पाकिस्तान को 2025 में खेले जाने वाले चैम्पियन्स ट्रॉफी की मेजबानी मिली है, जिसको लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन काफी खुश नजर आ रहे हैं। पीसीबी के चेयरमैन रमीज राजा ने पाकिस्तान को मेजबानी मिलने के बाद इसे अपने देश की जीत बताया है, हालांकि पाकिस्तान को मेजबानी मिलने के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या भारतीय टीम इस आईसीसी टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिये पाकिस्तान का दौरा करेगी। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा न लेने का फैसला भी कर सकती है।
और पढ़ें: IND vs NZ, 1st T20I: जयपुर में वेंकटेश अय्यर को मिला डेब्यू का मौका, पहले मैच को लेकर जानें क्या कहा
इस बीच पीसीबी के चेयरमैन रमीज राजा ने कहा है कि अब भारत के लिये पाकिस्तान में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट से हाथ खींचना आसान नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में एशिया कप की मेजबानी के दौरान यह देखने को मिला है कि जब इसका आयोजन पाकिस्तान के पास होता है तो भारत वहां खेलने से इंकार कर देता है और जब भारत में होता है तो पाकिस्तान खेलने से इंकार कर देता है, ऐसे में टूर्नामेंट का आयोजन न्यूट्रल वेन्यू पर करना पड़ता है।
और पढ़ें: रोहित-राहुल के युग में क्यों ज्यादा कामयाब रहेगी भारतीय टीम, पूर्व कप्तान ने किया खुलासा

पाकिस्तान की मेजबानी में एशिया कप खेलने से कर चुकी है इंकार
पाकिस्तान को 2022 एशिया कप की मेजबानी करनी थी लेकिन भारत के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इंकार करने के बाद उन्होंने इसे श्रीलंका के साथ बदल लिया जिसे 2023 के एशिया कप की मेजबानी करनी थी। हालांकि अब पीसीबी के चेयरमैन का मानना है कि चैम्पियन्स ट्रॉफी 2025 की मेजबानी मिलने के बाद भारत 2023 के एशिया कप में पाकिस्तान आकर खेलने से इंकार नहीं कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की टीम ने आखिरी बार किसी मल्टी नेशन टूर्नामेंट की मेजबानी की थी जब 1996 में श्रीलंका और भारत के साथ वनडे विश्वकप के मेजबान बने थे। पाकिस्तान को भारत के साथ 2011 के वनडे विश्वकप की मेजबानी का भी मौका दिया गया था लेकिन 2009 में श्रीलंका की टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद आईसीसी ने पाकिस्तान से मेजबानी छीनकर बांग्लादेश को दे दी थी।

अब भारत के लिये आसान नहीं होगा इंकार
पाकिस्तान को आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने पर रखी गई वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए रमीज राजा ने कहा,'भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन होना मुश्किल है लेकिन एक त्रिकोणीय सीरीज किसी मौके पर जरूर देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट की बात करें तो भारत के लिये पाकिस्तान की मेजबानी वाले टूर्नामेंट से नाम लेना आसान नहीं होगा। क्योंकि दबाव के चलते ऐसा कर पाना आसान नहीं होगा। सभी बोर्ड सदस्यों के सामने एक जैसी चीजें होती हैं, ऐसे में मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ होगा।'
पाकिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी में लगी पीसीबी के लिये चीजें पिछले कुछ समय में काफी सुधरी हैं, जिस दौरान पीसीबी ने बांग्लादेश, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सफल द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन किया है तो वहीं वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज तय हो चुकी है।

क्या भारत-पाकिस्तान के बीच दोबारा खेला जायेगा मैच
रमीज राजा ने भारत-पाकिस्तान के बीच मैचों के भविष्य पर भी बात की और बताया कि क्या दोनों देशों के बीच सीरीज देखने को मिलेगी।
रमीज ने आगे बात करते हुए कहा,'सौरव गांगुली के साथ मेरे काम करने के रिश्ते की बात है तो वो हमारे बीच काफी अच्छी है। हमने कई मौकों पर एक दूसरे के साथ बात की है और यह पता लगाने की कोशिश की है कि विश्व क्रिकेट को कैसे आगे ले जाया जा सकता है। यह हर किसी के लिये फायदेमंद साबित होगा क्योंकि हमारे क्रिकेटर्स भी यही चाहते हैं। हालांकि जब तक दोनों देशों के बीच राजनीतिक मुश्किलें खड़ी रहेंगी हमारे लिये आगे बढ़ पाना मुश्किल होगा।'

अनुराग ठाकुर के बयान पर रमीज ने दिया जवाब
गौरतलब है कि रमीज राजा का यह बयान भारतीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के उस बयान पर आया है जिसमें उन्होंने चैम्पियन्स ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम की भागीदारी को लेकर जवाब दिया था। अनुराग ठाकुर ने साफ किया था कि इस बारे में तभी बात की जायेगी जब उसका समय आयेगा और पाकिस्तान में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिये इजाजत देने के फैसले में गृह मंत्रालय की मंजूरी जरूरी होगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम उस समय सुरक्षा परिस्थितियों का जायजा लेंगे और उसी के हिसाब से फैसला करेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
