ENG vs PAK: टेस्ट सीरीज से पहले मुश्किल में पाकिस्तान, कोरोना पॉजिटिव हुआ यह खिलाड़ी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते पिछले काफी समय से बंद बड़े क्रिकेट की वापसी हो चुकी है, हालांकि ज्यादातर सीरीज का आयोजन फिलहाल इंग्लैंड में ही किया जा रहा है। मौजूदा समय में इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही है तो वहीं पाकिस्तान की टीम भी टेस्ट और टी20 सीरीज के लिये इंग्लैंड पहुंच चुकी है। 14 दिन के आइसोलेशन में वक्त गुजार रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम को इस सीरीज से पहले बहुत बड़ा झटका लगा है। टीम में बायें हाथ के स्पिनर काशिफ भट्टी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिसके बाद एक बार फिर से पूरी टीम का टेस्ट कराना पड़ सकता है।
और पढ़ें: कोरोना के चलते दिग्गज खिलाड़ियों ने CPL 2020 से नाम लिया वापस, नहीं जायेंगे खेलने
काशिफ भट्टी को पीसीबी ने हैदर अली और तेज गेंदबाज इमरान खान के साथ इंग्लैंड दौरे पर भेजा था, जहां पर जाने से पहले उनका दो बार कोरोना टेस्ट कराया गया था और दोनों बार नेगेटिव पाया गया था। इंग्लैंड पहुंचने के बाद काशिफ भट्टी का दो बार टेस्ट कराया जा चुका है और अब वो दोनों बार ही पॉजिटिव पाये गये हैं।
और पढ़ें: ENG vs AUS: इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने किया टीम का ऐलान, 9 महीने बाद वापस लौटा यह खिलाड़ी

टीम से अलग किये गये काशिफ
काशिफ फिलहाल टीम के साथ है लेकिन उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग आइसोलेट कर दिया गया है। काशिफ भट्टी इंग्लैंड दौरे पर कोरोना की चपेट में आने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं।
उल्लेखनीय है कि काशिफ को लेकर पीसीबी ने अभी तक कोई भी फैसला नहीं लिया। दरअसल ईसीबी ने भी काशिफ भट्टी का कोरोना टेस्ट कराया है जिसका पीसीबी को इंतजार है। क्रिकेट पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक ईसीबी की रिपोर्ट आने के बाद ही काशिफ भट्टी पर फैसला लिया जाएगा।

अगर हुए बाहर तो लगेगा बड़ा झटका
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिये काशिफ भट्टी का कोरोना पॉजिटिव होना बड़े झटके से कम नहीं है क्योंकि सिंध प्रांत से आने वाला यह खिलाड़ी काफी टैलेंटेड गेंदबाज है और निचले क्रम में शानदार बल्लेबाजी की काबिलियत रखता है। हालांकि काशिफ भट्टी ने अभी तक पाकिस्तान के लिये एक भी अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
उन्होंने अपने 84 फर्स्ट क्लास मैचों में 331 विकेट झटके हैं, वहीं उनके नाम 146 लिस्ट ए विकेट भी हैं। काशिफ के नाम दो फर्स्ट क्लास शतक भी हैं।

6 खिलाड़ी पाये गये थे नेगेटिव
गौरतलब है कि इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 10 खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे हालांकि जब कुछ दिन बाद उनका टेस्ट कराया गया तो 6 खिलाड़ी नेगेटिव पाये गये थे। अब इंग्लैंड पहुंचने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एक और खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पीसीबी को इस बात का डर है कि काशिफ भट्टी के साथ संपर्क में आने वाले और कितने खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव हो सकते हैं।
आपको बता दें कि पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 3 टेस्ट और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जायेगी जिसका आगाज 5 अगस्त से होने वाला है। सीरीज का पहला टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जायेगा जिसके बाद साउथैम्पटन में सीरीज के आखिरी 2 टेस्ट मैच खेले जायेंगे। वहीं 28 अगस्त से दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
