SMAT फाइनल मैच की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ शाहरुख खान बने जीत के हीरो, तमिलनाडु ने तीसरी बार जीता खिताब
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से घरेलू स्तर पर आयोजित कराये जाने वाले टी20 क्रिकेट कप सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी का फाइनल मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां पर कर्नाटक और तमिलनाडु की टीम खिताब जीतकर इतिहास रचने उतरी थी। दोनों ही टीमों ने दिल्ली की पिच पर खेले गये इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन तमिलनाडु के लिये आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मैच को जीतने वाले शाहरुख खान अपनी टीम के लिये हीरो बने और लगातार दूसरी बार अपनी टीम को इस टूर्नामेंट का खिताब जिताया। तमिलनाडु की टीम ने इसी साल जनवरी में खेले गये 2020-21 सीजन के लिये भी बड़ौदा को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता था।
उल्लेखनीय है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के टूर्नामेंट में 38 टीमें हिस्सा लेती हैं जिसमें तमिलनाडु, कर्नाटक और बड़ौदा की टीम ने इस सीजन से पहले सबसे ज्यादा बार खिताब (2 बार) जीतने का रिकॉर्ड का अपने नाम किया हुआ था, हालांकि अब तमिलनाडु की टीम इस फेहरिस्त में टॉप पर पहुंच गई है। 2006-07 के सीजन से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में बड़ौदा की टीम ने सबसे ज्यादा बार फाइनल खेला है लेकिन 2 ही बार खिताब अपने नाम किया है, वहीं पर कर्नाटक की टीम को पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।

साई किशोर के दम पर कर्नाटक ने बनाया दबाव
कर्नाटक की टीम ने इससे पहले 2018 और 2019 में खेले गये सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में लगातार जगह बनाई थी और दोनों बार खिताब अपने नाम किया था। जहां पर तमिलनाडु की टीम हैदराबाद को 8 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंची थी तो वहीं पर कर्नाटक की टीम ने रोमांचक मैच में विदर्भ को मात दी थी। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल मैच में तमिलनाडु की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसे आर साई किशोर ने सही साबित करते हुए अच्छी शुरुआत दिलाई।
साई किशार ने अपने पहले ही ओवर में रोहन कदम को बोल्ड कर पहला झटका दिया तो संजय यादव ने पांचवे ओवर में करुण नायर (18) को बोल्ड मारा। अगले ही ओवर में साई किशोर ने दूसरे छोर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान मनीष पांडे (13) का विकेट चटका दिया। अच्छी शुरुआत की तलाश कर रही कर्नाटक की टीम ने पावरप्ले के अंदर अपने 3 विकेट खो दिये। यहां से विकेटकीपर बल्लेबाज बीआर भरत (14) और अभिनव मनोहर (46) ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिये 55 रनों की साझेदारी की। यहां से जैसे ही कर्नाटक की टीम ने गियर बदलने के बारे में सोचा साई किशोर ने फिर से साझेदारी को तोड़ दिया। प्रवीण दुबे ने भी 33 रनों का योगदान दिया जिसकी बदौलत कर्नाटक की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 151 रन ही बना पायी।

अच्छी शुरुआत के बावजूद पकड़ बनाने में नाकाम हुई कर्नाटक
वहीं 152 रनों का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने महज 29 रन के स्कोर पर अपना विकेट खो दिया। तमिलनाडु के लिये पारी का आगाज करने आये हरि निशांथ (23) रन आउट होकर वापस लौटे, जबकि शानदार बल्लेबाजी कर रहे एन जगदीशन (41) को केसी करियप्पा ने आउट किया। कर्नाटक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तमिलनाडु की टीम को तेजी से रन बनाने से रोका और 18.5 ओवर की समाप्ति तक तमिलनाडु की टीम 6 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी थी। आखिरी 7 गेंदों में तमिलनाडु को जीत के लिये 22 रनों की दरकार थी।

आखिरी गेंद पर छक्का जड़ शाहरुख खान ने जिताया मैच
तमिलनाडु के लिये शाहरुख खान ने यहां से मैच को बदलना शुरू कर दिया और 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम की वापसी करा दी। यहां से तमिलनाडु की टीम को जीत के लिये आखिरी ओवर में 16 रन की दरकार रह गई। कर्नाटक के लिये आर साई किशोर ने गेंदबाजी संभाली और पहली ही गेंद पर प्रतीक जैन ने थर्ड मैन की दिशा में चौका बटोरा। अगली गेंद पर एक रन लेकर प्रतीक ने शाहरुख को स्ट्राइक दी। अब तमिलनाडु को जीत के लिये 4 गेंद में 11 रन की दरकार रह गई। किशोर ने तीसरी गेंद वाइड डाली जिसके बाद जीत के लिये 10 रनों की दरकार रह गई। किशोर ने अगली 3 गेंदों में सिर्फ 5 रन दिये जिसके बाद कर्नाटक की टीम मैच में वापसी करती हुई नजर आयी और ऐसा लगा कि शायद वो अपना तीसरा खिताब जीतने में सफल हो जायेंगे।
हालांकि शाहरुख खान ने ऐसा होने नहीं दिया, आखिरी गेंद पर जीत के लिय तमिलनाडु को 5 रनों की दरकार थी जबकि एक चौका मैच को सुपरओवर में ले जा सकता था। यहां पर शाहरुख खान ने आखिरी गेंद डीप मिड स्क्वॉयर लेग के ऊपर से 6 रनों के लिये जड़कर अपनी टीम को मैच जिता दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications