IPL 2021: कभी दायें हाथ से बैटिंग करते थे KKR के वेंकटेश अय्यर, जानें कैसे गांगुली की वजह से बदला पूरा खेल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के दूसरे चरण का आगाज हो गया है जिसके साथ ही पहले चरण में पिछड़ी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की किस्मत ने भी अचानक पलटी मारी है। इस दौरान युवा सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर चर्चा का विषय बन चुके हैं जिन्होंने यूएई में खेले जा रहे आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में केकेआर को लगातार मिली दो जीत में अहम रोल निभाया है। वेंकटेश अय्यर ने केकेआर के लिये न सिर्फ तेजी से रन बनाये हैं बल्कि आरसीबी और मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गये मैचों में अपनी विस्फोटक पारियों से टीम को बड़ी जीत दिलाई है, इससे केकेआर के नेट रन रेट में सुधार हुआ और अब वह अंकतालिका में चौथे पायदान पर पहुंच चुकी है।
और पढ़ें: 3 खिलाड़ी जो भारत की विश्व कप टीम से हो सकते हैं बाहर, जानें कौन करेगा रिप्लेस
उल्लेखनीय है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस दोनों टीमें अंकतालिका में टॉप 4 में शामिल थी, जहां वेंकटेश अय्यर ने आरसीबी के खिलाफ खेले गये मैच में 27 गेंदों का सामना करना नाबाद 41 रनों की पारी खेली और केकेआर को महज 10 ओवर में 9 विकेट से जीत दिला दी तो वहीं पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 30 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली और टीम ने महज 15.1 ओवर्स में 7 विकेट से जीत हासिल की।
और पढ़ें: MI vs KKR: अबुधाबी में फिर चमके वेंकटेश अय्यर, मुंबई को 7 विकेट से रौंदकर जीता मैच

केकेआर के लिये खेलने का था सपना
वेंकटेश अय्यर की बल्लेबाजी और उनके शॉट सेलेक्शन को देखकर फैन्स समेत दिग्गज खिलाड़ी उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं और सवाल कर रहे हैं कि केकेआर ने इस बल्लेबाज को पहले चरण के दौरान क्यों मौका नहीं दिया। इस बीच अय्यर ने खुलासा किया है कि वो सौरव गांगुली की वजह से हमेशा से ही केकेआर की टीम का हिस्सा बनना चाहते थे। उन्होंने आगे बताया कि जब उन्हें केकेआर के लिये चुना गया तो ऐसा लगा कि उनका सपना पूरा हो गया है, जहां पर केकेआर परिवार ने खुले दिल से उनका स्वागत किया।
आईपीएल टी20 डॉट कॉम पर पोस्ट किये गये एक वीडियो में अय्यर ने कहा,'सच कहूं तो केकेआर वो फ्रैंचाइजी है जिसके लिये वो हमेशा से खेलना चाहते थे और इसके पीछे का कारण सिर्फ और सिर्फ सौरव गांगुली हैं। सौरव गांगुली आईपीएल के शुरुआती सालों में इस टीम के कप्तान थे और जब मुझे उसके लिये चुना गया तो ऐसा लगा जैसे मेरा सपना सच हो गया। केकेआर में मेरा दिल से स्वागत किया गया।'

गांगुली की वजह से छोड़ी दायें हाथ की बल्लेबाजी
अय्यर ने आगे बात करते हुए बताया कि वह सौरव गांगुली के बहुत बड़े फैन हैं जिन्होंने अनजाने में उनके जीवन को बदलने में बड़ा रोल निभाया है। अय्यर ने इसके लिये गांगुली का आभार भी जताया है।
उन्होंने कहा,'मैं दादा का बहुत बड़ा फैन हूं। उनके दुनिया भर में लाखों चाहने वाले हैं और उनमें से एक मैं भी हूं। दादा ने अनजाने में मेरी बल्लेबाजी को सफल बनाने में बड़ा अहम रोल निभाया है। जब मैं छोटा था तो मैं पहले दायें हाथ से बल्लेबाजी करता था। लेकिन मैं अपनी बल्लेबाजी में पूरी तरह से दादा की नकल करना चाहता था, जिस तरह से वो छक्के लगाते थे, जिस तरह से बल्लेबाजी करते और जिस तरह से गेंद फेंकते थे। इसी के चलते मैंने अपनी बल्लेबाजी का स्टाइल बदला और लेफ्ट हैंड से खेलना शुरू किया। उन्होंने अनजाने में मेरी जीवन में अहम रोल निभाया है और इसके लिये मैं उनका तहे दिल से शुक्रगुजार हूं।'

अय्यर ने बताया क्या होगा जीवन का सबसे बड़ा पल
इस मौके पर वेंकटेश अय्यर ने यह भी बताया कि वो दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत के बहुत बड़े फैन हैं और अगर उन्हें कभी उनसे मिल पाने का मौका मिला तो वो उनकी जिंदगी का बहुत बड़ा पल होगा।
उन्होंने कहा,'मैं कभी भी उनकी कोई फिल्म मिस नहीं करता हूं। मुझे आज भी याद है जब मैं इंदौर में था और सिर्फ उनकी फिल्म देखने के लिये चेन्नई गया था। मैं उनका झबरा फैन हूं। अगर मैं रजनीकांत सर से मिल सका तो वो मेरे जीवन का सबसे बड़ा पल होगा।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications