IPL 2021 के बाद RCB की भी कप्तानी छोड़ेंगे विराट कोहली, खुद किया ऐलान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन को कोरोना ब्रेक के बाद फिर से शुरू कर दिया गया है जिसका पहला मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला गया। सीएसके की टीम ने 14वें सीजन के दूसरे चरण में भी अपनी जीत की लय को बरकरार रखा और 20 रनों से रोमांचक जीत हासिल कर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। अब टूर्नामेंट का दूसरा मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच अबुधाबी के मैदान पर खेला जाना है।
और पढ़ें: MI vs CSK: ऋतुराज गायकवाड़ ने बचाई लाज, यूएई में CSK को फिर दिखा IPL 2020 का भूत
हालांकि इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खेमे से फैन्स को हैरान करने वाली बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसके अनुसार टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस सीजन को बतौर कप्तान अपना आखिरी आईपीएल बताया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से विराट कोहली का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो फैन्स को धन्यवाद करते हुए कप्तानी छोड़ने का ऐलान करते नजर आ रहे हैं।

आखिरी बार आईपीएल 2021 में करेंगे कप्तानी
इस वीडियो में विराट कोहली ने कहा,' सभी को नमस्कार, सभी आरसीबी परिवार, बैंगलोर और सारी दुनिया से हमारी टीम के शानदार फैन्स जिन्होंने हमारा समर्थन किया। मुझे आप लोगों के साथ एक बात शेयर करनी है। मैंने आज शाम मैनेजमेंट के साथ बात की और यह कुछ ऐसा था जो कि पिछले काफी समय से मेरे दिमाग में चल रहा था। आरसीबी के कप्तान के रूप में यह मेरा आखिरी सीजन होगा। मैं आरसीबी के लिये बतौर खिलाड़ी खेलना जारी रखूंगा और जब तक खेलूंगा आरसीबी के लिये ही खेलूंगा। मैं आरसीबी के सभी फैन्स को धन्यवाद कहना चाहता हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया।'

जब तक खेलूंगा आईपीएल सिर्फ आरसीबी के लिये ही खेलूंगा
विराट कोहली ने आगे बात करते हुए कहा कि मैं अपनी जिम्मेदारियों के प्रति ज्यादा समर्पित होना चाहता हूं और मुझे एहसास हुआ है कि मुझे इन्हें पूरा करने के लिये थोड़ा स्पेस और नये तरीके से शुरुआत करने की जरूरत है। फिर से इकट्ठा होकर एक क्लियर मांडसेट के साथ आगे बढ़ने के लिये ऐसा करना जरूरी है। आरसीबी के साथ पिछले 9 सालों का यह सफर काफी शानदार रहा है, इस दौरान खुशियों, परेशानियों और कई तरह के इमोशन का सामना हमने साथ में किया जिसके लिये मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।
गौरतलब है कि विराट कोहली शुरुआत से ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हिस्सा रहे हैं और पहले 3 सीजन के बाद साल 2011 में टीम के कप्तान नियुक्त किये गये। हालांकि इस दौरान विराट कोहली एक बार भी टीम को खिताब जिता पाने में नाकाम रहे हैं।
|
आरसीबी को पहला खिताब दिलाने की होगी कोशिश
विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी का शानदार सीजन साल 2016 में आया था जब उनकी टीम फाइनल में पहुंची थी। इस सीजन कोहली ने 4 शतक लगाकर 973 रन बनाये और एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
आपको बता दें कि हाल ही में विराट कोहली ने भारत की टी20 प्रारूप से कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था जिसमें उन्होंने बताया कि वह इस साल यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के बाद टी20 प्रारूप की कप्तानी से इस्तीफा दे देंगे। उल्लेखनीय है कि आरसीबी की टीम फिलहाल 10 अंको के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है और केकेआर के खिलाफ वो जीत हासिल कर लय को बरकरार रखना चाहेगी। वहीं जब यह सीजन विराट कोहली का बतौर कप्तान आखिरी रहने वाला है तो वो इसे जीत के साथ ही खत्म करना चाहेंगे और आरसीबी को उसका पहला खिताब दिलाने का कारनामा करना चाहेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
