श्रीवत्स गोस्वामी ने BCCI को लताड़ा, कहा- सालों से कर रही यह नाइंसाफी
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस का भारत पर काफी गहरा प्रभाव पड़ा है। इस महामारी के चलते लाखों लोगों ने अपनी जान गंवा दी तो वहीं पर कई परिवारों को आर्थिक रूप से नुकसान झेलना पड़ा है। कई लोगों को इस महामारी के चलते अपनी सैलरी में कटौती और नौकरी भी गंवानी पड़ी है। इसका प्रभाव घरेलू क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों पर भी देखने को मिला है जो कि घरेलू क्रिकेट के सुचारू रूप से न चल पाने की वजह से आर्थिक खतरे से जूझ रहे हैं। जहां कोरोना वायरस के चलते खिलाड़ियों को नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं पर आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज और बंगाल के खिलाड़ी श्रीवत्स गोस्वामी ने भारतीय घरेलू क्रिकेट की वर्षों पुरानी समस्या के बारे में बताया है।
गोस्वामी ने ट्विटर का सहारा लेते हुए बीसीसीआई को लताड़ने का काम किया और घरेलू क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के साथ चली आ रही सालों पुरानी समस्या के बारे में बात की। गोस्वामी ने खुलासा किया कि बीसीसीआई की ओर से घरेलू खिलाड़ियों को पेमेंट में देरी का सामना करना पड़ता है और यह कोरोना वायरस के चलते नहीं हो रहा बल्कि यह समस्या कई सालों से इसी तरह बनी हुई है। ऐसे में अगर कोई खिलाड़ी सवाल उठाता है तो उसकी आवाज यह कहकर दबा दी जाती है कि ऐसा करने के पीछे उसकी मंशा क्या है।
और पढ़ें: BAN vs SL: कुशल परेरा ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले कप्तान बने
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा,'मुझे प्रथम श्रेणी क्रिकेट में खिलाड़ियों को देरी से चुकाई जाने वाली पेमेंट का सिस्टम आज तक समझ नहीं आया है। यह कई सालों से होता आ रहा है। हम इस बारे में किसी से शिकायत नहीं करते क्योंकि अगर हम शिकायत करते हैं तो लोगों को लगता है कि हम घमंडी हैं और अपने लिये फेवर मांग रहे हैं।'
गौरतलब है कि मार्च में खेले गये विजय हजारे ट्रॉफी के बाद से घरेलू स्तर पर कोई क्रिकेट नहीं खेली जा रही है, जिसके चलते कई घरेलू क्रिकेटर्स को आर्थिक समस्या से जूझना पड़ रहा है। जिन खिलाड़ियों के पास आईपीएल का करार था उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई लेकिन बाकी बचे हुए खिलाड़ियों को काफी कुछ झेलना पड़ा है। इसी के चलते कई खिलाड़ियों को पैसे कमाने के लिये स्थानीय लीग में हिस्सा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि न्यूइंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के अनुसार कई स्थानीय खिलाड़ियों को पहले खेले गये मैचों की फीस अब तक नहीं मिली है। इस खबर के चर्चा में आने के बाद गोस्वामी ने इस पर चुप्पी नहीं सधी और बीसीसीआई के सिस्टम पर सवाल उठाया। इस बीच भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेलने की तैयारियों में जुटी हुई है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
