'अगर खेलता टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल तो जीत जाते ट्रॉफी', शार्दुल ठाकुर के मुरीद हुए पूर्व चयनकर्ता
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मैच में जीत दिलाने के लिये टीम के हरफनमौला खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ने अहम रोल निभाया और दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर टीम को सीरीज में बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। शार्दुल ठाकुर ने चौथे टेस्ट मैच में कुल 3 विकेट चटकाये और 117 रन बनाकर 157 रनों की शानदार जीत दिलाई। शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई बल्कि दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन का दीवाना भी बनाया।
और पढ़ें: सुरेश रैना ने सुनाई धोनी के गुस्से की कहानी, जब कैच छोड़ने पर माही से पड़ी थी गाली
उनके प्रशंसकों में अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह का नाम भी शामिल हो गया है जिन्होंने शार्दुल ठाकुर की जमकर तारीफ की है। सरनदीप सिंह ने शार्दुल ठाकुर की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक फाइटर हैं जिनके पास सकारात्मक एटिट्यूड है और उन्होंने प्रथम श्रेणी स्तर से ही गेंद के साथ काफी मेहनत की है।
और पढ़ें: तालिबान को देखकर जैसे अमेरिका भागा वैसे रमीज को देख भागे मिस्बाह, इस्तीफे को लेकर भड़के शोएब अख्तर

2023 विश्व कप के लिये करना चाहिये तैयार
सरनदीप सिंह का मानना है कि शार्दुल ठाकुर टीम के लिये बेहतरीन ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं जिसके चलते उन्हें 2023 विश्वकप के लिये तैयार करना चाहिये। सरनदीप सिंह ने इस दौरान हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी में चली आ रही समस्या की बात करते हुए कहा कि वो पिछले काफी समय से गेंदबाजी में परेशानी का सामना कर रहे हैं, ऐसे में शार्दुल ठाकुर को भारत की टेस्ट और वनडे क्रिकेट टीम में नियमित रूप से जगह मिलनी चाहिये।
उन्होंने कहा,'मैं हमेशा से उनके सबसे बड़े प्रशंसकों में से एक रहा हूं। मैंने उन्हें मुंबई के लिये प्रथम श्रेणी क्रिकेट की एक पारी में 25-30 ओवर्स गेंदबाजी करते हुए देखा है। वह लड़ाकू क्रिकेटर हैं जिसके पास सकारात्मक एटिट्यूड है। मुझे लगता है कि भारत में जसप्रीत बुमराह के बाद शार्दुल ठाकुर को दूसरे गेंदबाज और ऑलराउंडर के तौर पर शुमार करना चाहिये। उन्हें अभी से 2023 वनडे विश्वकप के लिये तैयार करना शुरू कर देना चाहिये। मुझे लगता है कि उन्हें अभी से टीम के ऑलराउंडर की तरह मानना चाहिये, आपको 7 नंबर पर एक बल्लेबाज चाहिये जो कि अच्छा फील्डर भी हो। अगर उन्हें टी20 में जगह नहीं मिल पा रही है तो कम से कम लगातार टेस्ट और वनडे टीम की प्लेइंग 11 में जगह मिलती रहनी चाहिये। मुझे पता है कि हार्दिक शानदार बल्लेबाज हैं लेकिन उनकी गेंदबाजी समस्या बनी हुई है।'

बुमराह के साथ नियमित रूप से मिलनी चाहिये जगह
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बात करते हुए कहा सरनदीप सिंह ने आगे कहा कि किसी को नहीं पता कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार अभी कितने समय तक के लिये खेलना जारी रखेंगे लेकिन शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज को जसप्रीत बुमराह के साथ नियमित रूप से गेंदबाजी अटैक में जगह मिलती रहनी चाहिये।
उन्होंने कहा,'आप नहीं जानते कि भारतीय टीम के लिये मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार कितने समय के लिये खेलते नजर आयेंगे, इस वजह से आपको शार्दुल और मोहम्मद सिराज को जसप्रीत बुमराह के साथ भारतीय टीम में नियमित रूप से जगह देनी चाहिये, क्योंकि यह अभी युवा हैं और टीम के भविष्य के रूप में तैयार किये जा सकते हैं।'

अगर खेलते WTC फाइनल भारत को मिलता खिताब
सरनदीप सिंह का मानना है कि अगर शार्दुल ठाकुर को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने का मौका दिया जाता तो विराट सेना कीवी टीम को धूल चटा देती और भारत ने ट्रॉफी अपने नाम कर लिया होता। इस चयनकर्ता का मानना है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिये परिस्थितियां शार्दुल ठाकुर को काफी रास आती।
उन्होंने कहा,'अगर वो विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेला होता तो हम आईसीसी ट्रॉफी जीत जाते और 2013 के बाद पहली बार खिताब के सूखे को मिटा देते। लाइन अप में उनकी मौजूदगी ने भारतीय टीम को उसका खिताब दिला दिया होता जो कि अब भी कैबिनेट में नहीं आ सका है। उनकी गेंदबाजी के लिये वह परिस्थितियां काफी आदर्श थी और उनकी मौजूदगी से बल्लेबाजी में काफी गहराई मिल जाती।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
