'अब बड़ी देर हो गई है', युजवेंद्र चहल की विश्वकप टीम में वापसी पर सबा करीम ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। 17 अक्टूबर से यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के लिये चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम का ऐलान तो कर दिया है लेकिन आईसीसी की ओर से 10 अक्टूबर तक इसमें बदलाव किये जाने की मोहलत के चलते लगातार इसमें बदलाव होने के कयास लगाये जा रहे हैं। पहले से चुनी गई भारतीय टीम में जिन खिलाड़ियों के शामिल होने के कयास लगाये जा रहे उसमें सबसे प्रमुख नाम भारतीय क्रिकेट टीम के युवा लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का है जिन्हें प्राथमिक टीम के ऐलान के दौरान गति का हवाला देते हुए शामिल नहीं किया गया। चयनकर्ताओं ने विश्वकप की टीम के लिये रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी को प्राथमिकता दी है तो वहीं पर मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और राहुल चाहर को भी मौका दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि युजवेंद्र चहल के लिये आईपीएल 2021 का पहला लेग कुछ खास नहीं रहा था, जहां पर स्पिन फ्रेंडली पिच पर खेलने के बावजूद वह विकेट हासिल करने में नाकाम रहे थे, तो वहीं पर जब श्रीलंका दौरे पर पहुंचे तो वहां भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहे थे। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर्स की सीरीज में भी उनके नाम ज्यादा विकेट नहीं आये, जिसे ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने इस गेंदबाज को विश्वकप टीम में जगह नहीं दी।

आईपीएल के दूसरे लेग में चमके हैं युजवेंद्र चहल
हालांकि जब से युजवेंद्र चहल ने आईपीएल के दूसरे लेग में वापसी की है तब से शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और अब तक खेले गये 5 मैच में 10 विकेट हासिल कर चुके हैं। चहल के प्रदर्शन से साफ है कि उन्होंने अपनी लय को वापस हासिल कर लिया है जिसके बाद इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट में उनकी वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गये मैच में युजवेंद्र चहल के प्रदर्शन के दम पर आरसीबी की टीम ने जीत हासिल की है, जहां पर उन्होंने सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किये और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता। वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में भी जब उनकी टीम के हाथ से मैच निकलता नजर आ रहा था वहां पर ही शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम को मैच में वापस लेकर आये और 6 रनों से मैच जिता कर प्लेऑफ के लिये क्वालिफाई करा दिया।

चहल के लिये हो चुकी है काफी देर
युजवेंद्र चहल के हालिया प्रदर्शन के बाद उन्हें विश्वकप टीम में शामिल किये जाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि अब काफी देर हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि चहल को वापसी करने के लिये इंतजार करना होगा क्योंकि उनसे पहले जिन खिलाड़ियो ंको चुना गया है मैनेजमेंट पहले उनकी फॉर्म को देखेगा और उसके बाद ही चहल को हरी झंडी मिल सकती है।
अपने यूट्यूब चैनल खेलनीति पर बात करते हुए सबा करीम ने कहा,'मुझे लगता है कि अब काफी देर हो चुकी है। लोग लगातार बात कर रहे हैं टी20 विश्वकप टीम में बदलाव देखने को मिले, लेकिन वह तभी हो सकता है अगर कोई चोटिल हो जाये तो। आपके पास राहुल चाहर भी हैं जो कि अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं टीम में चयन हुआ है। हमने चहल और चाहर को श्रीलंका दौरे पर उनके प्रदर्शन की तुलना करने के बाद ही चयनकर्ता इस नतीजे पर पहुंचे हैं।'

चहल को वापसी के लिये करना होगा इंतजार
पूर्व चयनकर्ता का मानना है कि भले ही आईपीएल के दूसरे सीजन में चहल ने अपने प्रदर्शन में बेहतरी की है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जो खिलाड़ी पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम का हिस्सा बने हैं उन्हें बाहर बिठा दिया जाये।
उन्होंने कहा,'अब आईपीएल के दूसरे हाफ में चहल ने अपने प्रदर्शन में शानदार इंप्रूवमेंट दिखाया है जो कि काफी अच्छी बात है। लेकिन उन्हें अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। चहल को दोबारा टीम में मौका देने से पहले चयनकर्ताओं ने जिन खिलाड़ियों को मौका दिया है, उनकी फॉर्म और उनके प्रदर्शन का आंकलन करने के बाद ही दोबारा वापसी हो सकेगी।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
