भारत के लिये अगला हार्दिक पांड्या बन सकता है यह खिलाड़ी, लक्ष्मण ने बताया कैसे अगले T20 WC में मिलेगी जीत
नई दिल्ली। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप में भारतीय टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा जिसके चलते 9 साल में पहली बार विराट सेना आईसीसी के किसी टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज तक पहुंच पाने में नाकाम रही। विश्वकप के तुरंत बाद अब भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज की मेजबानी करनी है जिसको लेकर बीसीसीआई ने 16 सदस्यीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के एक नये अध्याय की शुरुआत हो रही है जिसमें राहुल द्रविड़ नये हेड कोच की भूमिका में नजर आयेंगे तो वहीं पर रोहित शर्मा नये टी20 कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालते नजर आयेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ चुनी गई भारतीय टीम को लेकर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने बदलावों की तारीफ की है और कहा कि खिलाड़ियों को आईपीएल में किये गये शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिलता देख खुशी हो रही है। इस सीरीज को लेकर चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को आराम दिया है तो वहीं पर हर्षल पटेल, वेंकटेश अय्यर और आवेश खान जैसे युवा खिलाड़ियों को पहली बार टीम में जगह दी गई है। इस दौरान ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल की भी टीम में वापसी हुई है।
और पढ़ें: T20 WC का दूसरा फाइनलिस्ट बनेगा पाकिस्तान, ब्रायन लारा ने बताया क्यों तय है बाबर आजम की जीत

टी20 विश्वकप 2022 के लिये अच्छी तैयारी
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2021 के दौरान हर्षल पटेल सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बनकर उभरे और 15 मैचों में 32 विकेट अपने नाम किये और एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वहीं पर आवेश खान 24 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर रहे। वीवीएस लक्ष्मण ने चयनकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि भारत को अगला टी20 विश्वकप ऑस्ट्रेलिया में खेलना है जहां पर काफी उछाल वाली पिच देखने को मिलेगी, ऐसे में हर्षल पटेल और आवेश खान को टीम में शामिल करना काफी अच्छा फैसला है।
स्टार स्पोर्टस पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि उन सभी खिलाड़ियों को ईनाम मिला है जिन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है, इतना ही नहीं चयनकर्ताओं ने अगले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप को ध्यान में रखते हुए भी टीम का चयन किया है। मुझे लगता है कि यह काफी शानदार टीम है, न सिर्फ बैटिंग के लिहाज से बल्कि तेज गेंदबाजी का विभाग भी, जिसमें डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट हर्षल पटेल हैं तो वहीं पर पेस का अच्छे से इस्तेमाल करने वाले आवेश खान भी मौजूद हैं।'

हार्दिक पांड्या का विकल्प बन सकता है यह खिलाड़ी
इस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय टीम में पहली बार शामिल किये गये वेंकटेश अय्यर की भी तारीफ की और कहा कि अगले टी20 विश्वकप में वो भारत के लिये हार्दिक पांड्या का बैकअप बन सकते हैं। लक्ष्मण का मानना है कि भारतीय टीम में सलामी बल्लेबाजी के स्लॉट पर काफी रेस लगी हुई है, पहले से ही कई सारे खिलाड़ी मौजूद हैं जो इस पायदान पर अच्छा खेलते हैं और कई खिलाड़ी हैं जो बैक अप में मौजूद हैं, ऐसे में वेंकटेश अय्यर मध्यक्रम में बल्लेबाजी और भारत के लिये छठी गेंदबाजी का विकल्प बन हार्दिक पांड्या की जगह ले सकते हैं।

टॉप ऑर्डर में फिट नहीं होंगे अय्यर
उल्लेखनीय है कि वेंकटेश अय्यर ने केकेआर की ओर से आईपीएल 2021 के दूसरे लेग में डेब्यू किया और 10 मैचों में 370 रन जड़कर अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि इस दौरान वो पारी का आगाज करते हुए ही नजर आये।
लक्ष्मण ने कहा,'मैं वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ी को पॉजिशन से आजाद होकर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहता हूं। भारत के पास अभी 5 सलामी बल्लेबाज हैं जिसमें ईशान किशन, केएल राहुल और रोहित शर्मा रेस में सबसे आगे हैं। तो ऐसे में वेंकटेश अय्यर को फिट होना पड़ेगा लेकिन टॉप ऑर्डर में नहीं। आप उन्हें 5 या 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहेंगे और थोड़ी सी गेंदबाजी करते हुए देखनना चाहेंगे। वह हार्दिक पांड्या का बैक अप बन सकते हैं और अगले टी20 विश्वकप तक हम उन्हें एक ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर विकसित कर सकते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
