T20 WC में श्रीलंका को हराकर मोर्गन ने रचा इतिहास, खास मामले में धोनी को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप के 29वें मैच में इंग्लैंड की टीम ने श्रीलंका को 26 रनों से हराकर सुपर 12 में अपनी लगातार चौथी जीत हासिल की और इसके साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। शारजाह के मैदान पर खेले गये इस मैच में श्रीलंका की टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी, हालांकि जोस बटलर (101) की नाबाद शतकीय पारी और इंग्लिश गेंदबाजों के दम पर वह जीत हासिल करने में कामयाब रही। इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर्स में सिर्फ 63 रनों का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन आखिरी 7 ओवर में बटलर की धुंआधार बल्लेबाजी के चलते यह स्कोर 163 पर पहुंच गया।
और पढ़ें: ENG vs SL: बटलर के शतक से सेमीफाइनल में पहुंची इंग्लैंड, 26 रन से हराकर खत्म किया श्रीलंका का सफर
वहीं रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम निरंतर अंतराल पर अपने विकेट खोती रही लेकिन कप्तान दाशुन शनाका (26) और वनिंदु हसरंगा (34) के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी ने मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया और लगा कि शायद श्रीलंकाई टीम इसे चेज कर सकती है, हालांकि क्रिस जॉर्डन ने हसरंगा का विकेट लेकर इस उम्मीद को तोड़ दिया और अंत में श्रीलंका की टीम 26 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: IND vs NZ: 'अफगानिस्तान से भी हारेगा भारत', हार के बाद विराट सेना पर भड़के शोएब अख्तर

इयोन मोर्गन बने टी20 के सबसे सफल कप्तान
जहां इस हार से श्रीलंका की टीम का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया है तो वहीं पर इयोन मोर्गन ने अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे सफल कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इयोन मोर्गन ने यह रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिये अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। उल्लेखनीय है कि इस मैच से पहले सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड इन तीनों खिलाड़ियों (42 जीत) के नाम था, हालांकि श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ ही मोर्गन ने अफगान और धोनी को पीछे छोड़ दिया है।

जीत प्रतिशत में धोनी को छोड़ा पीछे
इयोन मोर्गन ने भले ही सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया हो लेकिन सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत वाले कप्तान का रिकॉर्ड अभी भी असगर अफगान के नाम है जिन्होंने अपनी कप्तानी में 81.72 प्रतिशत मैच जीते हैं। उल्लेखनीय है कि असगर अफगान ने अफगानिस्तान के लिये 52 मैचों में कप्तानी की और 42 मैचों में जीत, 9 मैचों में हार और एक मैच बराबरी पर खत्म किया। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने 72 मैचों में भारत की कप्तानी की और 42 में जीत, 28 में हार, 2 मैच टाय और एक बेनतीजा रहा, जिसके चलते उनका जीत प्रतिशत 58.33 प्रतिशत है। वहीं इयोन मोर्गन ने इंग्लैंड के लिये अब तक 68 मैचों में कप्तानी की है और 63.24 जीत प्रतिशत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं।

फॉर्म में भी लौटे इयोन मोर्गन
गौरतलब है कि इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन पिछले काफी समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, आईपीएल 2021 के दूसरे लेग में उनके बल्ले से 10 मैचों में कुल 36 ही रन आये और टी20 विश्वकप के पहले 3 मैचों में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। श्रीलंका के खिलाफ जब वो बल्लेबाजी करने उतरे तो उस वक्त इंग्लैंड की टीम ने महज 35 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट खो दिये थे, लेकिन इयोन मोर्गन (40) ने बटलर के साथ पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिये 112 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। मोगर्न ने इस पारी के साथ अपने फॉर्म में भी वापसी कर ली है, जो कि खिताब जीतने की रेस में बेहद जरूरी था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications