ASBC बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में बिस्वमित्र ने जीता गोल्ड, विश्वनाथ को मिला सिल्वर
नई दिल्ली। दुबई में खेले जा रहे एशियन जूनियर एंड यूथ बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारत के लिये बिश्वमित्र चॉन्गथाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिये गोल्ड मेडल जीत लिया है। एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड के सबसे पसंदीदा दावेदार के तमगे के साथ पहुंचे बिश्वमित्र का फाइनल में सामना उजबेकिस्तान के कुजीबोएव अहमदजोन से हुआ, जिसमें बिश्वमित्र ने शानदार प्रदर्शन किया और स्प्लिट निर्णय के चलते 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में उन्होंने 4-1 से जीत हासिल कर एशियन यूथ इवेंट का गोल्ड मेडल भारत की झोली में डाल दिया। यूथ चैम्पियनशिप में भारत के लिये बॉक्सिंग का यह पहला गोल्ड मेडल है।
भारतीय टीम के इस मुक्केबाज ने बेहद शानदार डिफेंसिव तकनीक का प्रदर्शन किया और जबरदस्त फुटवर्क के जरिये उजबेकिस्तान के मुक्केबाज को तगड़े मुक्कों का स्वाद चखाया। हालांकि बिस्वामित्र ने पूरे मैच के दौरान अपना संयम बरकरार रखा और कुछ खास मुक्कों की मदद से अंक बटोरते चले गये और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
इस बीच भारत के दूसरे मुक्केबाज विश्वनाथ सुरेश ने 48 किग्रा भारवर्ग में यूथ विश्व चैम्पियनशिप के मौजूदा विजेता और कजाकिस्तान के मुक्केबाज संजार ताशकेनबे से भिड़े, जिसमें विश्वनाथ को एक तरफा हार का सामना करना पड़ा और सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि अभी एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में सोमवार को भारत के और भी खिलाड़ी गोल्ड मेडल के लिये अपनी दावेदारी पेश करते नजर आयेंगे, जिसमें पुरुष फाइनल में वंशज (64 किग्रा), जयदीप रावत (71 किग्रा) और विशाल (80 किग्रा) एक्शन में नजर आएंगे जबकि निवेदिता कार्की (48 किग्रा), तमन्ना (50 किग्रा), सिमरन वर्मा (52 किग्रा), नेहा (54 किग्रा), प्रीति (57 किग्रा) ), प्रीति दहिया (60 किग्रा), खुशी (63 किग्रा), स्नेहा कुमारी (66 किग्रा), खुशी (75 किग्रा) और तनीशबीर कौर संधू (81 किग्रा) महिला वर्ग में गोल्ड के लिए भिड़ती नजर आयेंगे।
गौरतलब है कि भारत के लिये अब तक इस चैम्पियनशिप में एक महिला सहित पांच भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर यूथ वर्ग का ब्रॉन्ज मेडल जीता है, पुरुषो में दक्ष (67 किग्रा), दीपक (75 किग्रा), अभिमन्यु (92 किग्रा) और अमन सिंह बिष्ट (92+ किग्रा) ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में लशु यादव (70 किग्रा) ने कांस्य जीता।
मंगोलिया में खेले गये पिछले एशियन यूथ चैम्पियनशिप में भारत ने 5 गोल्ड समेत 12 पदक अपने नाम किये थे। आपको बता दें कि यूथ कैटेगरी में गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ी को 6 हजार यूएस डॉलर का ईनाम दिया जायेगा, जबकि सिल्वर मेडल के विजेता 3 हजार यूएस डॉलर और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले 1500 यूएस डॉलर का ईनाम दिया जायेगा।
रविवार को भारतीय दल के जूनियर मुक्केबाजों ने अपने कैंपेन का समापन 19 पदकों के साथ किया जिसमें 8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। भारत ने पदकतालिका में तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें कजाकिस्तान की टीम 25 पदकों के साथ पहले पर रही तो उजबेकिस्तान की टीम ने 22 पदक हासिल किये।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications