'मुझसे नफरत करता है आधा ऑस्ट्रेलिया', T20 WC जीतने के बाद वायरल हुआ मिचेल मार्श का वीडियो
नई दिल्ली। यूएई में रविवार को खेले गये टी20 विश्वकप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर इस प्रारूप का अपना पहला खिताब जीत लिया है। वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा बार विश्वकप जीतने वाली (5 बार) ऑस्ट्रेलियाई टीम को टी20 प्रारूप का अपना पहला खिताब जीतने के लिये 14 सालों का इंतजार करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की टीम के इस लंबे इंतजार को खत्म करने में सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 173 रनों का पीछा करते हुए विस्फोटक पारियां खेली और मैच को एकतरफा कर दिया। जहां डेविड वॉर्नर ने 53 रनों की पारी खेलकर अपना विकेट खो दिया तो वहीं पर मिचेल मार्श ने 55 गेंदों में नाबाद 77 रनों की पारी खेलकर जीत के साथ वापस लौटे।
और पढ़ें: T20 WC जीत के बाद एडम जाम्पा ने उड़ाई माइकल वॉन की भविष्यवाणी की धज्जियां, पोस्ट कर साधा निशाना
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में यह मिचेल मार्श ही थे जिन्होंने एरॉन फिंच का विकेट जल्दी गिर जाने के बाद टीम पर दबाव नहीं आने दिया और तेजी से रन बनाते हुए कीवी टीम के हर गेंदबाज की जमकर पिटाई की। ऑस्ट्रेलिया की टीम में मिचेल मार्श टी20 विश्वकप से पहले खेली गई सीरीज में ही टीम में शामिल किये गये थे जिसके बाद उन्हें विश्वकप की टीम में भी शामिल किया गया।
और पढ़ें: IND vs NZ: 'उसे पता है क्या करने की जरूरत है', हार्दिक के बाहर होने पर केएल राहुल ने दिया बड़ा बयान

वायरल हुआ पुराना वीडियो
टी20 विश्वकप में शामिल होने के बाद मिचेल मार्श शुरुआती मैचों में कुछ खास नहीं कर पाये थे लेकिन जब फाइनल मैच में टीम को जीत की दरकार थी तो उन्होंने सबसे अहम पारी खेलकर खिताब का सूखा मिटाया। इस बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे मिचेल मार्श का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह यह कहते नजर आ रहे हैं कि आधे से ज्यादा ऑस्ट्रेलियाई मुझसे नफरत करते हैं।
मिचेल मार्श का यह वीडियो कुछ साल पुराना है, जब मार्श खराब फॉर्म और चोटों की वजह से टीम में जगह बना पाने में संघर्ष कर रहे थे। इस वीडियो में मिचेल मार्श से सवाल किया गया कि मुझे नहीं पता कि आप बाहर की चर्चाओं पर कितनी नजर रखते हैं लेकिन ऐसा लगता है कि आपको लेकर हमेशा दो तरह के ग्रुप बंटे नजर आते हैं।
|
जानें क्या बोले थे मिचेल मार्श
मिचेल मार्श से यह सवाल करते हुए पूछा गया कि क्या आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है तो इसके जवाब में मार्श ने कहा कि आधे से ज्यादा ऑस्ट्रेलिया मुझसे नफरत करता है।
उन्होंने कहा,'ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया मुझसे नफरत करता है, देखिये ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को लेकर काफी जुनूनी होते हैं, वो इस खेल से प्यार करते हैं। वो चाहते हैं कि लोग अच्छा करें, इसमें कोई शक नहीं है कि मुझे टेस्ट क्रिकेट में कापी मौके दिये गये हैं और मैं उसका फायदा नहीं उठा सका हूं। पर उम्मीद करता हूं कि मुझे इस बात का सम्मान मिल सके कि मैं हमेशा वापसी करता हूं, मैं ऑस्ट्रेलिया के लिये खेलना पसंद करता हूं। मुझे ऑस्ट्रेलिया की ग्रीन बैगी कैप पहनना पसंद है और मैं कोशिश करता रहता हूं। उम्मीद करता हूं कि एक दिन मैं उन लोगों का दिल जीत लूंगा।'

टीम मैनेजमेंट के लिये मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ मिचेल का चयन
मिचेल मार्श की टीम में वापसी के पीछे उनका बांग्लादेश और वेस्टइंडीज का दौरा रहा जहां पर उन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और गेंदबाजी में भी अच्छे स्पेल फेंक कर टीम के लिये फायदेमंद साबित किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम को भले ही बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन मार्श ने इस सीरीज में इतना प्रदर्शन कर दिया था कि उन्हें विश्वकप टीम में जगह दी गई।
टीम में जगह देने के बाद मैनेजमेंट ने मिचेल मार्श को नंबर 3 पर बल्लेबाजी कराना जारी रखा और यह उनके लिये मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। मिचेल मार्श ने पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ इस नंबर पर खेलते हुए अहम पारी खेली और फिर फाइनल की पारी ने खिताब तय कर दिया।

कप्तान फिंच ने भी की जमकर तारीफ
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने भी अपने इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ की और कहा कि लंबे समय से आलोचकों का सामना करने के बावजूद खुद में विश्वास रखना आसान काम नहीं होता। लोगों ने उनकी वापसी को लेकर काफी सवाल किये लेकिन उन्होंने खुद पर विश्वास जताया और टीम ने भी उन्हें बैक किया जिसका नतीजा बड़े मैच में उनकी बड़ी पारी से मिला। वह हमारे सबसे खास खिलाड़ी हैं।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपने क्रिकेट इतिहास में 5 बार वनडे प्रारूप का खिताब जीता था तो वहीं पर चैम्पियन्स ट्रॉफी का खिताब दो बार अपने नाम किया था। लेकिन टी20 विश्वकप जीतने के साथ ही वह भारत के बाद आईसीसी के सभी टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिये इस जीत में मिचेल मार्श ने शानदार भूमिका निभाई और 5 पारियों में 61.66 की औसत से 185 रनों का योगदान दिया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट करीब 147 का रहा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications