IND vs SL: वनडे के बाद अब टी20 में भिड़ेगी भारत-श्रीलंका, क्या बारिश करेगी मैच किरकिरा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज में वनडे श्रृंखला जीतने के बाद शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम अब 3 मैचों की टी20 सीरीज में मुकाबले के लिये उतरेगी। शिखर धवन की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वनडे सीरीज के पहले 2 मैचों में जीत आसानी से जीत हासिल की लेकिन आखिरी मैच में 5 नये खिलाड़ियों को मौका देने के बाद उसे 3 विकेट की हार का सामना करना पड़ा। रविवार से दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का आगाज होगा जिसका पहला मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जायेगा। यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप से पहले भारतीय टीम की यह आखिरी टी20 सीरीज है, ऐसे में सभी खिलाड़ी इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर मौके को भुनाने की ओर नजर रखेंगे।
और पढ़ें: IPL 2021: मुंबई बनाम CSK के मैच से होगा सीजन के दूसरे चरण का आगाज, जानें कैसा है शेड्यूल
भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी लगातार 9वीं वनडे सीरीज जीती है, जिसके साथ ही वो टी20 क्रिकेट में भी श्रीलंका के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गये मैच के इतिहास पर नजर डालें तो कुल 19 बार भारत-श्रीलंका का एक दूसरे से सामना हुआ है, जिसमें से सिर्फ 5 मैचों में ही श्रीलंकाई टीम को जीत मिली है जबकि 13 बार भारतीय टीम ने बाजी मारी है।

पहले मैच में बन सकते हैं यह रिकॉर्ड
वहीं पर भारतीय टीम आज तक एक बार भी श्रीलंका के खिलाफ कोई टी20 सीरीज नहीं हारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 4 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई है जिसमें से 3 बार भारत ने जीत जबकि एक बार ड्रॉ का सामना किया है। इस मैच में शिखर धवन अपनी टी20 कप्तानी का डेब्यू भी करेंगे और मैदान पर उतरते के साथ ही भारत के लिये सबसे अधिक उम्र में टी20 टीम की कमान संभालने वाले खिलाड़ी बनेंगे। धवन 35 साल और 232 दिन में भारत के लिये टी20 कप्तानी संभालेंगे। वह 64 मैचों के बाद कप्तानी करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनेंगे। इसके अलावा हार्दिक पांड्या के पास विकेटों का अर्धशतक पूरा करने का मौका होगा जिन्हें अभी 9 विकेट की दरकार है। वहीं पर भुवनेश्वर कुमार को यह कारनामा करने के लिये सिर्फ 5 विकेट की दरकार है। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार को अपने 250 अंतर्राष्ट्रीय विकेट पूरा करने के लिये सिर्फ एक ही विकेट की दरकार है।

बारिश डाल सकती है खलल
उल्लेखनीय है कि कोलंबो में खेली जाने वाली इस सीरीज के पहले मैच में बारिश की प्रबल संभावना है। वेदर रिपोर्ट के अनुसार शाम को खेले जाने वाले इस मैच में 70 प्रतिशत बारिश के आसार हैं, जबकि ह्यूमिडिटी 87 प्रतिशत तक रहेगी। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो साथ ही न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मैच का आगाज भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से होगा, ऐसे में बारिश मैच में खलल डालकर मजा खराब कर सकती है, वहीं पर अगर बारिश नहीं होती है तो गर्मी काफी ज्यादा रहेगी।

स्पिनर्स के लिये मददगार साबित होगी पिच
वहीं पर पिच की बात करें तो इस मैच में स्पिनर्स एक बार फिर से हावी होते नजर आ सकते हैं, ऐसे में भारतीय टीम के लिये एक बार फिर से कुलचा की जोड़ी मैदान पर नजर आ सकती है। स्पिनर्स की मददगार होने के बावजूद फैन्स को इस पिच पर रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। यहां पर औसत बल्लेबाजी का स्कोर 160 है तो ऐसे में जो भी टीम पहले बल्लेबाजी करेगी वह 150 से ज्यादा रन आसानी से बोर्ड पर टांगती नजर आयेगी। इस पिच पर जो भी टीम टॉस जीतेगी वह पहले गेंदबाजी करना चाहेगी क्योंकि दूसरी पारी में रन बनाना आसान होगा। वनडे सीरीज में अब तक जिस भी टीम ने रन चेज किया है उसे ही जीत मिली है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications