AUS vs IND: हार के साथ भारत की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी, नाम हुए 3 शर्मनाक रिकॉर्ड
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच भारतीय टीम ने शुक्रवार को सिडनी के एससीजी मैदान पर करीब 8 महीने बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। हालांकि भारतीय फैन्स ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से जिस तरह की वापसी की उम्मीद की थी यह बिल्कुल भी वैसी नहीं रही और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को 66 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
और पढ़ें: AUS vs IND: हेजलवुड-जाम्पा ने तोड़ी भारतीय टीम की कमर, भारत को 66 रनों से हराया
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय टीम को चारों खाने चित्त करते हुए बड़ी हार दी। वहीं 8 महीने बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाली भारतीय टीम आज के मैच पहले गेंदबाजी और फील्डिंग में फ्लॉप साबित हुई जिसके बाद बल्लेबाजी में भी उसके बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा पाये और नतीजन टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 3 बड़े शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर दिये।
और पढ़ें: IND vs AUS: हार्दिक पांड्या ने ठोंका विस्फोटक अर्धशतक, नाम किया बड़ा रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ बना वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा टोटल
सिडनी के मैदान पर खेले गये इस मैच में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी की और कप्तान एरॉन फिंच और स्टीव स्मिथ की शतकीय पारियों की मदद से भारतीय टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने इस मैच में भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की औऱ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 374 रन बनाने का कारनामा किया।
ऑस्ट्रेलिया के लिये कप्तान एरॉन फिंच ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 124 गेंदों में 114 रनो की पारी खेली तो वहीं पर स्टीव स्मिथ ने अपने वनडे करियर का सबसे तेज शतक लगाते हुए 66 गेंदों में 105 रनों की विस्फोटक पारी खेली। डेविड वॉर्नर ने भी 76 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली तो वहीं मैक्सवेल ने 19 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के लगाकर 45 रन बनाये।

सिडनी में 15वीं बार भारत को मिली हार, नाम हुआ यह शर्मनाक रिकॉर्ड
वहीं इस मैच में भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने निराश किया और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के सामने सिर्फ 308 रन ही बना सके और 66 रनों से मैच को हार गये। इसके साथ ही सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम का फ्लॉप शो बरकरार रहा। उल्लेखनीय है कि 1988 से लेकर 2020 तक दोनों टीमों के बीच अब तक 18 मैच खेले जा चुके हैं और भारतीय टीम को सिर्फ 2 बार ही जीत हासिल हुई है। आज की हार के साथ ही भारतीय टीम को इस मैदान पर अपनी 15वीं हार मिली है। इसके साथ ही भारतीय टीम का किसी विदेशी स्टेडियम में सबसे ज्यादा हारने का रिकॉर्ड भी एससीजी के नाम हो गया है।
इतना ही नहीं 2016 के बाद यह पहला मौका है जब भारतीय टीम को लगातार 4 वनडे मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को लगातार 3 मैचों में हार मिली थी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उसने हार से ही शुरुआत की है।

सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले स्पिन गेंदबाज बने चहल
मैच के दौरान यूं तो सभी भारतीय गेंदबाजों की पिटाई हुई लेकिन टीम के युवा स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल इस मैच में बुरा फंसे और वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गये। युजवेंद्र चहल ने इस मैच में 10 ओवर की गेंदबाजी की और 89 रन लुटाकर सिर्फ एक ही विकेट हासिल कर सके। भारत के लिये मोहम्मद शमी सबसे ज्यादा कारगर साबित हुए और 10 ओवर की गेंदबाजी में 3 विकेट हासिल कर सिर्फ 59 रन लुटाये।
वहीं सिडनी के मैदान पर खेले गये इस मैच मे ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर किसी वनडे में बनने वाला कुल रनों के मामले में दूसरा सबसे बड़ा टोटल देखने को मिला। इस मैच में कुल 682 रन बने जबकि 2015 में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच इसी मैदान पर खेले गये मैच में कुल 688 रन बने थे। पाकिस्तान की टीम के खिलाफ खेलते हुए साल 2017 में एडिलेड के मैदान पर कुल 682 रन देखने को मिले थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications