MI vs CSK: चेन्नई की बल्लेबाजी के 3 लम्हे जिसने चुराया फैन्स का दिल, वायरल हो रहा है वीडियो
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा चरण शुरू हो चुका है, जिसका पहला मैच दुबई के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों के बीच खेले गये इस मुकाबले में ठीक वैसा ही रोमांच देखने को मिले जिसके लिये यह दोनों टीमें मशहूर हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 6 विकेट खोकर 156 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना सकी और सीएसके की टीम ने 20 रनों से मैच को जीत लिया। सीएसके की टीम के लिये इस जीत में ऋतुराज गायकवाड़ ने हीरो की भूमिका निभाई जिन्होंने चेन्नई की टीम को उस परिस्थिति से बाहर निकाला जहां पर वो बुरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही थी।
और पढ़ें: IPL 2021 के बाद RCB की भी कप्तानी छोड़ेंगे विराट कोहली, खुद किया ऐलान
सीएसके की टीम ने बेहद खराब शुरुआत की और महज 24 रन के स्कोर पर अपने 5 बल्लेबाज ( 4 विकेट और एक रिटायर हर्ट) खो दिये थे, लेकिन गायकवाड़ ने यूएई में लगातार चौथी पारी में अर्धशतक लगाकर नाबाद 88 रनों की पारी खेली और टीम को 156 रनों के सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाया। सीएसके की इस पारी में फैन्स के लिये गायकवाड़ की बल्लेबाजी काफी जबरदस्त रही लेकिन इसके अलावा भी कुछ ऐसे लम्हे रहे जिसे देखना बेहतरीन था। आइये ऐसे ही 3 लम्हों की बात करें जिसने फैन्स का दिल जीता है और जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
और पढ़ें: MI vs CSK: दुबई में उतरते ही बुमराह ने रचा इतिहास, मलिंगा-नरेन की खास लिस्ट में हुए शुमार

सुरेश रैना का बल्ला तोड़ विकेट
चेन्नई सुपर किंग्स के लिये इस मैच की शुरुआत ठीक नहीं रही और उसने महज 2 ओवर के अंदर अपने दो विकेट खो दिये, जिसके चलते तीसरे ओवर में ही सुरेश रैना को बल्लेबाजी करने आना पड़ा। वहीं पर ट्रेंट बोल्ट ने अपनी शानदार गेंदबाजी का जलवा बरकरार रखा। पहले ही ओवर में फाफ डुप्लेसिस को बिना खाता खोले वापस पवेलियन भेज चुके ट्रेंट बोल्ट के इस ओवर में सुरेश रैना ने एक चौका लगाया लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर जब चिन्ना थाला एक बार फिर शॉट खेलने के लिये गये तो बोल्ट की गेंद ने रैना का बल्ला तोड़ दिया। इतना ही नहीं गेंद बल्ले को तोड़ने के बाद खड़ी हो गई और सीधा राहुल चाहर के हाथ में पहुंच गई। बोल्ट की इस जादुई गेंद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आप यहां पर वीडियो देख सकते हैं।

ड्वेन ब्रावो ने लगाई छक्कों की हैट्रिक
सीएसके की टीम के लिये ऋतुराज गायकवाड़ और रविंद्र जडेजा के बीच 5वें विकेट के लिये की 81 रनों की अहम साझेदारी की लेकिन जिस पारी की वजह से चेन्नई की टीम आखिरी ओवर्स में तेजी से रन बनाती नजर आयी, वो थी ड्वेन ब्रावो की विस्फोटक पारी रही जिसमें उन्होंने छक्कों की हैट्रिक लगाई और महज 7 गेंदों में 23 रन ठोंक दिये। ड्वेन ब्रावो ने पहले एडम मिल्ने के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर एकस्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का लगाया तो वहीं पर बुमराह के अगले ओवर में पहली ही गेंद पर लॉफ्टेड कवर ड्राइव खेलकर दूसरा छक्का लगाया। वहीं पर अगली ही गेंद पर बुमराह ने डीप मिड विकेट के ऊपर से पुल शॉट लगाकार छक्कों की हैट्रिक पूरी की। आप ब्रावो के बड़े शॉट्स की झलक यहां पर देख सकते हैं।

अंबति रायडु का चोटिल होकर रिटायर हर्ट होना
चेन्नई सुपर किंग्स के लिये तीसरा लम्हा पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर आया, जब एडम मिल्ने ने मोइन अली का विकेट हासिल किया तो अंबति रायडु मैदान पर बल्लेबाजी करने पहुंचे। अंबति रायडु ने मिल्ने की पहली गेंद को खेलने की कोशिश की लेकिन बाउंस से धोखा खा गये। वहीं अगली गेंद पर रायडु ने हुक शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद सीधा फील्डर के हाथ में पहुंच गई। एडम मिल्ने ने तीसरी गेंद फिर से बाउंस कराने की कोशिश की जिस पर बचने के चक्कर में रायडु अपना संतुलन खो बैठे और गेंद सीधा आकर उनकी कोहनी में लगी। अंबति रायडु मिल्ने की इस गेंद से वापसी नहीं कर सके और रिटायर हर्ट होकर वापस पवेलियन लौट गये। आप मिल्ने की शानदार गेंदों और रायडु के चोटिल होने का वीडियो यहां पर देख सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications