IPL 2020: कोलकाता के खिलाफ अय्यर की इस गलती के चलते दिल्ली को मिली हार
नई दिल्ली। आईपीएल 2020 में खिताब की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही टीमों में शुमार दिल्ली कैपिटल्स की टीम शनिवार को अबुधाबी के शेख जायेद स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलने उतरी, जहां पर उसे 59 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। अबुधाबी के मैदान पर हुए इस मुकाबले में केकेआर की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को हर विभाग में पीछे छोड़ा और अंत में एक बेहद जरूरी जीत हासिल कर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया है। इस जीत के साथ केकेआर की टीम के 11 मैचों में 12 अंक हो गये हैं और वह प्वाइंटस टेबल में चौथे पायदान पर काबिज है।
केकेआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 194 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट खोकर 135 रन ही बना सकी। यूं तो गेंदबाजी करते हुए दिल्ली की टीम को अच्छी शुरुआत मिली थी और उसने महज 42 रन के स्कोर पर केकेआर के सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल, राहुल त्रिपाठी और दिनेश कार्तिक को वापस पवेलियन भेज दिया लेकिन इसके बाद नितीश राणा और सुनील नरेन की शतकीय साझेदारी ने मैच को दिल्ली की पहुंच से दूर कर दिया।
और पढ़ें: IPL 2020: ऋषभ पंत ने लगाया छक्कों का शतक, तोडा यूसुफ पठान का बड़ा रिकॉर्ड
पहले इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये और फिर कोलकाता के लिये तेजी से रन बनाये। नितिश राणा ने 53 गेंदों में 81 रन बनाये तो सुनील नरेन ने 32 गेंदों में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की पारी खेली। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के पास मौका था कि वह इस साझेदारी को बनने से रोक सकती थी या फिर रनों पर कुछ लगाम लगा सकती थी लेकिन दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर न जाने क्या सोच रहे थे जिसके चलते वह बड़ी गलती कर बैठे और खामियाजा टीम की हार के साथ मिला।
गेंदबाजी के दौरान दिल्ली की टीम ने अपने सबसे शानदार स्पिन गेंदबाजों में शामिल अक्षर पटेल पर ज्यादा भरोसा न दिखाते हुए उनसे गेंदबाजी ही नहीं करवाई। दिल्ली के लिये अक्षर पटेल इस साल सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए हैं और अहम मौकों पर विकेट दिलाने के लिये भी जाने जाते हैं।
हालांकि 8वें ओवर में तीसरा विकेट गिरने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अक्षर पटेल से एक भी ओवर की गेंदबाजी नहीं करवाई। अक्षर पटेल ने मैच के दौरान सिर्फ एक ही ओवर फेंका वो भी पावरप्ले के दौरान 5वां ओवर, जिसमें उन्होंने 7 रन खर्च किये।
ऐसे में यह सवाल करना बिल्कुल जायज बनता है कि जब आपकी टीम मध्यक्रम में रन बचाने में नाकामयाब हो रही है और न ही साझेदारी तोड़ पाने में कारगर तो आप अपने सबसे असरदार गेंदबाज को मौका क्यों नहीं दे रहे हैं।
और पढ़ें: IPL 2020: संदीप शर्मा ने पंजाब के खिलाफ लगाया विकेटों का शतक, नाम किये कई बड़े रिकॉर्ड
आईपीएल के इस सीजन में अक्षर पटेल इकलौते गेंदबाज हैं जो दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सबसे किफायती गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हैं। पटेल ने 10 मैचों में 32 ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने 5.78 की इकोनॉमी से 185 रन दिए और इस दौरान 8 विकेट भी हासिल किये।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications