आखिरी 17 गेंदों में 50 रन ठोंक गायकवाड़ ने लगाया पहला IPL शतक, छक्के लगाकर नाम किये कई सारे रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 47वां मैच अबुधाबी के शेख जायेद स्टेडियम पर चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया जहां पर फैन्स को लंबे समय बाद चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और सीएसके की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले ही प्लेऑफ में क्वालिफाई कर गई है, ऐसे में उसके लिये इस मैच में उस पर कोई खास दबाव नहीं था, उसके बावजूद सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल 2021 के दूसरे लेग का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 189 रन का स्कोर खड़ा किया। सीएसके के लिये इस मैच में सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और नाबाद 101 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। सीएसके के लिये रविंद्र जडेजा ने भी 15 गेंदों में 4 चौके एक छक्के लगाकर 32 रनों का योगदान दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी 5 ओवर्स में टीम के लिये 73 रन जोड़े।

छक्का लगाकर पूरा किया शतक और अर्धशतक
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिये ऋतुराज गायकवाड़ पूरी तरह से इस पारी के हीरो रहे जिन्होंने 60 गेंदों का सामना कर 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की पारी खेली और आईपीएल में अपना पहला शतक पूरा किया। गायकवाड़ की इस पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने अपना अर्धशतक और शतक का आंकड़ा छक्का लगाकर पूरा किया। ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी पारी के पहले 50 रन पूरा करने में 43 गेंदों का सामना किया जबकि आखिरी 50 रन पूरा करने में उन्हें सिर्फ 17 गेंदे लगी।

आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने गायकवाड़
इस पारी के साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल के इतिहास में शतक ठोंकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गये हैं जिन्होंने 24 साल 244 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ऋतुराज गायकवाड़ का यह सेंचुरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम की ओर से आया 9वां शतक है, जबकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल के इतिहास में लगने वाला 7वां शतक है। उल्लेखनीय है कि सीएसके की ओर से जिन 9 खिलाड़ियों ने शतक लगाया है उसमें से 3 बार राजस्थान रॉयल्स की टीम के खिलाफ आये हैं। ऋतुराज गायकवाड़ से पहले राजस्थान के खिलाफ मुरली विजय ने साल 2010 में और शेन वॉटसन ने साल 2018 में शतक ठोंका था।

गायकवाड़ के 500 रन हुए पूरे, ऑरेंज कैप पर जमाया कब्जा
अपनी इस पारी के साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं और 500 के आंकडे़ को पार कर गये हैं। ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके के लिये एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले 7वें खिलाड़ी बन गये हैं। उनसे पहले यह कारनामा सुरेश रैना (3 बार), मैथ्यू हेडेन, माइकल हसी, ड्वेन स्मिथ, अंबति रायडु और शेन वॉटसन कर चुके हैं।
इसके साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ (508) ने केएल राहुल (489) के सिर से ऑरेंज कैप छीनकर अपने नाम कर ली है। सीएसके के लिये गायकवाड़ का यह शतक साल 2018 के बाद आया पहला शतक है, जबकि आईपीएल के इस सीजन में आया चौथा शतक है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications