'दिल रखने के लिये नहीं मिली है विश्वकप टीम में जगह', सबा करीम ने बताई अश्विन के चयन की असली वजह
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को खेलने का मौका नहीं मिला, हालांकि जब टी20 विश्वकप के लिये टीम का ऐलान किया गया तो उसमें 4 सालों से सीमित ओवर्स क्रिकेट से दूर चल रहे रविचंद्रन अश्विन को जगह दी गई थी। टी20 विश्वकप टीम में रविचंद्रन अश्विन की वापसी के बाद से ही कई लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दी है, जिसमें से कुछ लोगों का मानना है कि अश्विन को विश्वकप टीम में सिर्फ इस वजह से जगह दी गई है क्योंकि उन्हें इंग्लैंड दौरे पर एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था।
और पढ़ें: IPL 2021: मुंबई बनाम CSK के मैच में लगेगी रिकॉर्डों की झड़ी, रोहित-रैना के नाम होगा खास मुकाम
ऐसा मानने वालों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर भी हैं जिनके अनुसार अश्विन को टीम में सिर्फ दिल रखने के लिये टी20 विश्वकप की टीम में जगह दी है, हालांकि प्लेइंग 11 में उन्हें जगह मिल पाना मुश्किल है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सबा करीम ने इन दावों को मानने से इंकार किया है और उन्हें विश्वकप टीम में चुने जाने के पीछे का सही कारण बताया।
और पढ़ें: 'सीरीज कैंसिल होने में हमारा कोई हाथ नहीं', ब्रिटिश हाई कमीशन ने पाकिस्तान के आरोपों से किया इंकार

दिल रखने के लिये काम नहीं करती चयन समिति
सबा करीम का मानना है कि अश्विन को इंग्लैंड दौरे पर मौका न मिल पाने की वजह से किसी तरह के कंसोलेशन प्राइज के रूप में विश्वकप की टी20 टीम में जगह नहीं दी गई है बल्कि उन्होंने आईपीएल में लगातार खुद को साबित किया है।
स्पोर्टस तक से बात करते हुए करीम ने कहा,' जी नहीं, मुझे बिल्कुल भी नहीं लगता कि टी20 विश्वकप में अश्विन का चयन किसी तरह के दिल रखने के लिये किया गया है, क्योंकि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में जगह नहीं मिल सकी थी। टीम का चयन इस तरह से नहीं किया जाता है और न ही यह चीजें मायने रखती हैं।'

वाशिंगटन सुंदर की चोट ने बनाई जगह
सबा करीम का मानना है कि वाशिंगटन सुंदर की चोट ने टीम में जो जगह बनाई है उसकी वजह से अश्विन को यह मौका मिला है। सबा करीम का मानना है कि वाशिंगटन सुंदर और रविचंद्रन अश्विन स्किल के मामले में एक-दूसरे की तरह काम करते हैं और यही कारण है जब सुंदर के चोटिल होने के बाद जगह बनी तो अश्विन को मौका दिया गया।
उन्होंने कहा,'भारतीय टीम के पास ऑफ स्पिन ऑलराउंडर में वाशिंगटन सुंदर के रूप में बेहतरीन खिलाड़ी था लेकिन उनके चोटिल होने की वजह से टीम के पास रविचंद्रन अश्विन ही ऐसे खिलाड़ी थे जिन्हें मौका दिया जा सकता था। टीम के पास जलज सक्सेना और जयंत यादव का भी विकल्प था लेकिन वो उस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर सकते हैं जैसे कि अश्विन या सुंदर कर सकते हैं। अश्विन की विकेट लेने की काबिलियत और रन बनाने की इकॉनमी के चलते वह सबसे बेहतर उम्मीदवार के रूप में नजर आये।'

टीम पर तय करेगा अश्विन का प्लेइंग 11 में मौका मिलना
इस दौरान जब सबा करीम से अश्विन के टीम में शामिल हो पाने के मौके को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि भारतीय टीम किस विपक्षी टीम के खिलाफ मैच खेलने उतरी है।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि अश्विन प्लेइंग 11 में जगह बनाने में कामयाब रहेंगे, लेकिन यह बात पूरी तरह से निर्भर करेगी कि विराट सेना किस टीम के खिलाफ खेलने उतर रही है। प्लेइंग 11 में 3 अलग तरह के स्पिनर्स को देखना काफी शानदार होगा, अगर उन्हें मौका मिलता है।'

विश्वकप के लिये यह 4 टीमें रहेंगी फेवरिट
अश्विन के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल और राहुल चाहर को मौका दिया गया है जबकि युजवेंद्र चहल को टीम में जगह नहीं मिल सकी है। गौरतलब है कि जब सबा करीम से विश्वकप जीतने की 4 पसंदीदा टीमों का नाम पूछा गया तो उन्होंने भारत का नाम सबसे पहले लिया और भारतीय टीम के एक्स फैक्टर के रूप में ऋषभ पंत को चुना।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज, इंडिया, इंग्लैंड के साथ साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड में से कोई एक टीम विश्वकप सेमीफाइनल में खेलती नजर आयेगी। वेस्टइंडीज 2 बार टी20 विश्वकप का खिताब जीत चुकी है लेकिन टूर्नामेंट यूएई में खेला जा रहा है तो मैं अपना दांव भारत पर लगाउंगा। मुझे लगता है कि ऋषभ पंत भारतीय टीम के लिये एक्स फैक्टर साबित होंगे। मैं चाहता हूं कि पंत ने जिस तरह से अहम मौकों पर टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन किया है उसी को टी20 प्रारूप में भी दोहरा सकें।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
