IND vs AFG: अबुधाबी में रोहित-राहुल ने की रिकॉर्डों की बारिश, अर्धशतक ठोंक रचा इतिहास
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी जिसके बाद वह अबुधाबी के मैदान पर करो या मरो के मैच में अफगानिस्तान की टीम का सामना करने उतरी है। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली को एक बार फिर से टॉस में हार का सामना कर बल्लेबाजी के लिये उतरना पड़ा, जिसके बाद विराट सेना से एक अच्छी शुरुआत की दरकार थी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गये पहले दो मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने पावरप्ले में अपने अहम बल्लेबाजों का विकेट खो दिया था।
और पढ़ें: बायोबबल की परेशानी पर इरफान पठान ने तोड़ी चुप्पी, BCCI से चाहते हैं इस नई पॉलिसी पर काम
हालांकि अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में सलामी बल्लेबाजों ने एक नये अंदाज में शुरुआत की और महज 5 ओवर्स के अंदर ही टीम के 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। भारत के लिये इस मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (74) और केएल राहुल (69) ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये और अबुधाबी के मैदान पर रिकॉर्डों की बारिश कर दी है।
और पढ़ें: ICC T20 रैंकिंग में छाये बाबर आजम, मलान को पीछे छोड़ बने नंबर 1 बल्लेबाज, हसरंगा ने भी लगाई छलांग

रोहित-राहुल के नाम हुआ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गये इस मैच में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिये 140 रनों की साझेदारी की। इसके साथ ही इस जोड़ी ने भारत के लिये टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रोहित-राहुल से पहले यह रिकॉर्ड गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग की जोड़ी के नाम था जिन्होंने 136 रनों की साझेदारी की थी, वहीं पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच हुई 106 रनों की साझेदारी तीसरे पायदान पर है।
इतना ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड बनाने की लिस्ट में भी इस जोड़ी ने अपना नाम दर्ज कर लिया है। इस फेहरिस्त में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी 5 शतकीय साझेदारी के साथ टॉप पर काबिज है तो वहीं पर रोहित-धवन की जोड़ी 4 शतकीय साझेदारी के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है। इसी फेहरिस्त में अब रोहित-राहुल की जोड़ी भी 4 शतकीय साझेदारियों के साथ दूसरे पायदान पर संयुक्त रूप से काबिज हो गई है। वहीं मार्टिन गप्टिल-केन विलियमसन की जोड़ी भी 4 शतकीय साझेदारियों के साथ इस लिस्ट में शुमार है।

रोहित ने की बाबर आजम के रिकॉर्ड की बराबरी
रोहित शर्मा ने भारत के लिये इस मैच में 47 गेंदों का सामना कर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 74 रनों की पारी खेली और टी20 विश्वकप में 6 पारियों के बाद भारत के लिये अर्धशतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं। भारत के लिये विश्वकप में पिछले 6 अर्धशतक विराट कोहली के बल्ले से निकले हैं, जिन्होंने 57,89*, 82*, 55*,77 और 72* रनों की पारियां खेली हैं। इस शतकीय साझेदारी के साथ ही रोहित शर्मा अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों में योगदान देने वाले खिलाड़ियों कि लिस्ट में बाबर आजम के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। बाबर आजम और रोहित शर्मा अब तक 12 बार शतकीय साझेदारियों का हिस्सा रहे हैं।
वहीं रोहित शर्मा टी20 विश्वकप में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में महेला जयवर्धने के रिकॉर्ड की बराबरी कर गये हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली 10 अर्धशतक के साथ सबसे ऊपर काबिज हैं, तो वहीं क्रिस गेल 9 अर्धशतक के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इस फेहरिस्त में महेला जयवर्धने और रोहित शर्मा 7-7 अर्धशतक के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं।

केएल राहुल ने भी जड़ा विस्फोटक अर्धशतक
गौरतलब है कि आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर विश्वकप में पहुंचने वाले केएल राहुल ने भी इस मैच शानदार बल्लेबाजी की और अपना पहला टी20 विश्वकप का अर्धशतक लगाया। केएल राहुल ने 48 गेंदों का सामना किया और इस पारी में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 69 रनों की पारी खेली। केएल राहुल काफी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे लेकिन गुलबदीन की गेंद पर यॉर्कर से बोल्ड हो गये। वहीं करीम जमात ने रोहित शर्मा को कप्तान मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications