IND vs PAK: दुबई के मैदान पर लगेगी रिकॉर्डों की झड़ी, भारत-पाक मुकाबले में खिलाड़ी रचेंगे इतिहास
नई दिल्ली। आईसीसी की ओर से भारत की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 विश्वकप 2021 के शेड्यूल का ऐलान करने के बाद से ही फैन्स को इस टूर्नामेंट के लिये बेसब्री से इंतजार होने लगा और इसका सबसे बड़ा कारण भारत और पाकिस्तान की टीमों के लिये इस टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच रहा। दोनों टीमों को टी20 विश्वकप में अपना पहला मुकाबला एक-दूसरे के खिलाफ खेलना है जो कि क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी राइवलरी के रूप में जाना जाता है। भारत-पाकिस्तान की टीम के फैन्स इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जो कि बस कुछ घंटों में ही दुबई के मैदान पर खेला जाना है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्वकप में अब तक 5 मुकाबले खेले गये हैं जिसमें हर बार भारतीय टीम को जीत मिली है, ऐसे में भारतीय टीम अपने जीत के रिकॉर्ड को बरकरार रखने उतरेगी तो वहीं पर पाकिस्तान की टीम जीत का खाता खोलने की कोशिश करेगी।
दोनों देशों के फैन्स की उम्मीदों को देखते हुए इस मैच में खिलाड़ियों पर काफी दबाव देखने को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि दोनों टीमों के पास काफी अच्छे खिलाड़ी हैं जो अपनी-अपनी टीम को संतुलन के साथ मजबूती प्रदान करते हैं, ऐसे में फैन्स को रोमांचक मुकाबले के साथ ही दुबई के मैदान पर रिकॉर्डों की बारिश भी देखने को मिल सकती है। आइये एक नजर उन आंकड़ों पर डालें जो भारत-पाकिस्तान के इस मैच में बनते हुए नजर आ सकते हैं।
और पढ़ें: IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ तय है भारत की जीत, बाबर आजम की टीम कर रही बड़ी गलती

बुमराह-भुवनेश्वर के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड
टी20 विश्वकप के इस पहले मुकाबले में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 20 महीने बाद टी20 प्रारूप में वापसी करते नजर आयेंगे, ऐसे में उनके पास प्रारूप में भारत का सबसे कामयाब गेंदबाज बनने का मौका रहेगा। अगर बुमराह इस मैच में 5 विकेट लेने में कामयाब हो जाते हैं तो वो टी20 प्रारूप में भारत के लिये सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जायेंगे। बुमराह (59) इस मामले में युजवेंद्र चहल (63) को पीछे छोड़ देंगे। वहीं अगर टीम मैनेजमेंट भुवनेश्वर कुमार को इस मैच में खेलने का मौका देता है तो वो टी20 प्रारूप में अपना 200वां मैच खेलते नजर आयेंगे। इसके साथ ही अगर शार्दुल ठाकुर को मौका मिलता है तो उनके पास टी20 प्रारूप में 150 विकेट लेने का मौका होगा जिससे वह 5 विकेट दूर हैं।

छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं कोहली-हार्दिक पांड्या
इस मैच में अगर हार्दिक पांड्या को बल्लेबाजी का मौका मिलता है और वो 4 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट छक्कों का शतक पूरा कर सकते हैं। वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली को टी20 प्रारूप में छक्कों का शतक पूरा करने के लिये 10 शॉट की दरकार है, अगर वो ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो भारत के लिये रोहित शर्मा के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जायेंगे। वहीं अंतर्राष्ट्रीय टी20 प्रारूप में अपना 50वां मैच खेल रहे केएल राहुल और हार्दिक पांड्या के पास रनों का रिकॉर्ड बनाने का बड़ा मौका है। अगर हार्दिक पांड्या 16 रन बना लेते हैं तो उनके अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच में 500 रन पूरे हो जायेंगे, वहीं पर केएल राहुल को टी20 क्रिकेट में 5500 रन बनाने के लिये 32 रनों की दरकार है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों के नाम भी होंगे कई रिकॉर्ड
इस मैच में सिर्फ भारतीय ही नहीं पाकिस्तानी खिलाड़ियों के पास भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। पाकिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को टी20 क्रिकेट में कैचों का शतक लेने के लिये बस एक कैच की दरकार है, तो वहीं पर बल्लेबाजी में 3500 टी20 रन पूरे करने के लिये महज 9 रन की जरूरत है। मोहम्मद रिजवान ने इस साल टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन (1462) बनाये हैं, जबकि बाबर आजम (1363) दूसरे पायदान पर काबिज हैं। रिजवान के अलावा मोहम्मद हाफिज को अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 2500 रन पूरे करने के लिये 71 रन की दरकार है। अगर वो ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं तो यह कारनामा करने वाले पहले पाकिस्तानी और ओवरऑल 5वें खिलाड़ी बन जायेंगे। शोएब मलिक को अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में चौकों का दोहरा शतक पूरा करने के लिये 8 बाउंड्री की दरकार है तो वहीं पर हसन अली को छक्कों का अर्धशतक पूरा करने के लिये 2 शॉट की दरकार है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications