SA vs BAN: जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल के करीब पहुंची साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश को 6 विकेट से रौंदा
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में मंगलवार को साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश की टीमें अबुधाबी के मैदान पर भिड़ी, जहां पर सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिये बांग्लादेश की टीम को हर हाल में जीत की दरकार थी। हालांकि साउथ अफ्रीकी टीम ने खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन कर मैच को 6 विकेट से जीत लिया और टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल कर सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने की अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया है। डेथ ऑफ ग्रुप के नाम से मशहूर इस ग्रुप में इंग्लैंड की टीम ने अपने पहले चारों मैच में जीत हासिल कर टॉप पर कब्जा जमाया हुआ है तो वहीं पर साउथ अफ्रीका की टीम को पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों करीबी हार मिली थी, जिसके बाद उसने तीन मैचों में जीत हासिल कर दूसरे पायदान पर कब्जा जमाया है।
अब साउथ अफ्रीका की टीम को अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड का सामना करना है, जिसमें अगर वो जीत हासिल कर लेते हैं तो बेहतर नेट रन रेट के चलते इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में क्वालिफाई कर जायेंगे। सेमीफाइनल की रेस में इन दोनों टीमों के अलावा ऑस्ट्रेलिया का नाम भी है जो कि 3 में से 2 मैच जीतकर तीसरे पायदान पर काबिज है, हालांकि उसका नेट रन रेट नेगेटिव में हैं, ऐसे में उसे सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई करना है तो बचे हुए मैचों में सिर्फ जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत हासिल करनी होगी।
और पढ़ें: आखिर किस टूर्नामेंट के लिये वापसी कर रहे हैं युवराज सिंह, फैन्स को कब देखने को मिलेगी झलक
अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपने गेंदबाजों के दम पर बांग्लादेश की टीम को महज 85 रन पर ऑल आउट कर दिया। साउथ अफ्रीका के लिये इस मैच में एनरिच नॉर्खिया ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया लेकिन कगिसो रबाडा ने भी फॉर्म में वापसी करते हुए 3 विकेट चटकाये। नॉर्खिया ने 3.2 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट चटकाये तो वहीं पर रबाडा ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किये।
तबरेज शम्सी ने भी 2 विकेट अपने नाम किया तो ड्वेन प्रेट्रॉरियस ने भी एक विकेट चटकाया। बांग्लादेश के लिये लिटन दास (24), मेंहदी हसन (27) और शमीम होसैन (11) के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहांई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। वहीं जब साउथ अफ्रीका की टीम रनों का पीछा करने उतरी तो रीजा हेंड्रिक्स पहले ही ओवर में तस्कीन अहमद की गेंद का शिकार हो गये।
और पढ़ें: सचिन तेंदुलकर ने गिनाई भारतीय टीम की कमजोरी, बताया- विराट सेना को कहां काम करने की जरूरत
क्विंटन डिकॉक (16) ने वॉन डार दुसैं (22) ने दूसरे विकेट के लिये 22 रनों की साझेदारी ही की थी कि मेंहदी हसन ने डिकॉक को बोल्ड कर दिया। वहीं अगले ही ओवर में तस्कीन अहमद ने एडेन मार्करम (0) को नईम के हाथों कैच करा दिया। साउथ अफ्रीका की टीम ने पावरप्ले के अंदर सिर्फ 33 रन बनाकर अपने 3 विकेट खो दिये, जिसके बाद वॉन डार दुसैं (22) ने टेंबा बावुमा (31) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर मैच को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। साउथ अफ्रीका की टीम ने 13.3 ओवर्स में लक्ष्य को हासिल कर एक बड़ी जीत हासिल की और नेट रन रेट को भी बेहतर कर दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications