ऑली पोप को बोल्ड कर बुमराह ने पूरा किया विकेटों का शतक, नाम किया टेस्ट क्रिकेट का महा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है जिसमें विराट सेना धीरे-धीरे जीत की ओर तेजी से कदम बढ़ाती नजर आ रही है। यह मैच 5वें दिन के खेल में पहुंच चुका है लेकिन दोनों टीमों के बीच काफी रोमांचक मैच देखने को मिला है। पहली पारी में भारत को 191 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड की टीम ने 290 रनों का स्कोर खड़ा किया और भारत के मुकाबले 99 रनों की बढ़त हासिल कर ली। जवाब में दूसरी पारी में भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और 467 रनों का स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड के सामने जीत के लिये 368 रनों का लक्ष्य रखा है।
और पढ़ें: ओवल में क्यों जडेजा को बल्लेबाजी में मिला प्रमोशन, बल्लेबाजी कोच ने खोला रहाणे से पहले भेजने का राज
पांचवे दिन लंच के बाद का सेशन जब शुरू हुआ तो जसप्रीत बुमराह ने भारत को सफलता दिलाते हुए लगातार दो ओवर में दो विकेट हासिल कर विराट सेना को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। जसप्रीत बुमराह ने 65वें ओवर में पहले ऑली पोप को बोल्ड मारा तो वहीं पर 67वें ओवर में जॉनी बेयरस्टो को यॉर्कर पर बोल्ड कर आधी टीम को पवेलियन भेज दिया।
और पढ़ें: जानें कब किया जायेगा टी20 विश्वकप के लिये भारतीय टीम का ऐलान, हो गया है सेलेक्शन

बुमराह ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड
भारत के लिये पहली पारी में मुसीबत बने ऑली पोप को बोल्ड मारकर जसप्रीत बुमराह ने न सिर्फ अपनी टीम की मैच में वापसी कराई बल्कि टेस्ट क्रिकेट में अपना विकेटों का शतक भी पूरा कर लिया है। जसप्रीत बुमराह ने इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट का महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और भारत के लिये सबसे तेज 100 विकेट हासिल करने वाले तेज गेंदबाज बन गये हैं। जसप्रीत बुमराह ने अपने करियर के 24वें टेस्ट मैच में विकेटों का शतक पूरा किया है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी और कप्तान कपिल देव के नाम था जिन्होंने 25 टेस्ट मैचों में विकेटों का शतक पूरा किया था। वहीं इस फेहरिस्त में इरफान पठान (28), मोहम्मद शमी (29), जवागल श्रीनाथ (30) और ईशांत शर्मा (33) का नाम भी शामिल है।

पहली पारी में ही हो जाता विकेटों का शतक
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने इस मैच की पहली पारी में 2 विकेट हासिल किये थे और 99 विकेट पूरे कर लिये थे। उल्लेखनीय है कि बुमराह का इस मैच की पहली पारी में ही विकेटों का शतक पूरा हो चुका होता लेकिन भारतीय टीम के अपील न करने की वजह से यह मौका चूक गया। दरअसल पहली पारी में जसप्रीत बुमराह ने मोइन अली को एलबीडब्लयू कर दिया था लेकिन भारतीय टीम की अपील नहीं होने की वजह से अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। हालांकि जब रिप्ले में देखा गया तो मोइन अली साफ-साफ आउट नजर आ रहे थे और अगर भारतीय टीम ने यह अपील कर दी होती तो बुमराह का विकेटों का शतक उसी पारी में पूरा गया होता।

गेंदबाजों के दम पर भारत जीत की ओर
भारतीय टीम के लिये इस मैच में मोहम्मद शमी और ईशांत शर्मा की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह पर खासा जिम्मेदारी है जिसे अब तक के मैच में उन्होंने शानदार तरीके से निभाया है। इंग्लैंड ने 368 रनों का पीछा करते हुए पहले विकेट के लिये 100 रनों की साझेदारी की जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त तरीके से वापसी की और अगले 47 रन के स्कोर पर इंग्लैंड के 6 विकेट हासिल कर लिये हैं।
शार्दुल ठाकुर ने रॉरी बर्न्स का विकेट लेकर पहली सफलता दिलाई तो वहीं पर मलान रन आउट होकर दूसरा शिकार हुए। जडेजा ने हासिब हामिद को बोल्ड कर तीसरा झटका दिया तो वहीं पर जसप्रीत बुमराह ने लगातार दो ओवर में दो विकेट लेकर भारतीय टीम की पकड़ मजबूत कर दी। इसके बाद जडेजा ने मोइन अली को कैच कराकर इंग्लैंड पर शिकंजा मजबूत कर दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications