IND vs NZ: क्लीन स्वीप के बावजूद इरफान पठान को नजर आयी खामी, बताया कहां पर भारत को करना है काम
नई दिल्ली। टी20 विश्वकप में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम ने नये कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में न्यूजीलैंड की टीम को लगातार दूसरी बार क्लीन स्वीप किया है। 3 मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने 5 विकेट की जीत के साथ आगाज किया तो वहीं पर रांची के मैदान पर खेले गये मैच में 7 विकेट से मात देकर सीरीज पक्की कर ली। इसके बाद जब कोलकाता के मैदान पर टीम खेलने उतरी तो कप्तान रोहित शर्मा ने टीम को ज्यादा चुनौतीपूर्ण माहौल में खेलने की तैयारी के लिये पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 73 रनों की बड़ी जीत हासिल कर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2020 में कीवी टीम को उसी के घर पर 5-0 से हराया था।
और पढ़ें: 12 घंटे में फैन्स को दो बार दिखी आउट होने की दुर्लभ घटना, अपनी ही गलती से खोया विकेट
भारतीय टीम ने इस सीरीज में जिस तरह से युवा खिलाड़ियों को मौका दिया और उन्होंने जैसा प्रदर्शन किया उससे साफ है कि टीम एक नये सिरे से खिताब जीतने की तैयारी कर रही है। भारत के लिये वेंकटेश अय्यर और हर्षल पटेल ने इस सीरीज में डेब्यू किया और शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। भारतीय टीम ने जिस आसानी से जीत हासिल की उसके बाद हर कोई उसकी तारीफ करता नजर आ रहा है लेकिन पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान को अब भी इस टीम में खामी नजर आती है जिसे दूर करने की दरकार है।

भारत के मिडिल ऑर्डर ने किया निराश
इरफान पठान का मानना है कि भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यक्रम बल्लेबाजी को थोड़ा और जिम्मेदारी से खेलने की दरकार है। भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है लेकिन अगर कभी टॉप ऑर्डर फ्लाॉप हो जाये तो उसे जिम्मेदारी लेकर पारी संभालने की दरकार है। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने पावरप्ले में जबरदस्त बल्लेबाजी की और अपने दोनों ओपनर्स के दम पर 68 रन बटोर लिये। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 38 गेंदों में 69 रन जोड़े तो वहीं पर मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने अगली 30 गेंदों में सिर्फ 34 रन बटोरे और 4 विकेट खो दिये। लोअर ऑर्डर में खिलाड़ियों ने आखिरी 46 गेंदों में 81 रनों का योगदान दिया जो कि दर्शाता है कि मध्यक्रम ने खराब प्रदर्शन किया।

पंत और सूर्यकुमार को बेहतर करने की दरकार
मैच के बाद स्टार स्पोर्टस के पोस्ट मैच शो में बात करते हुए इरफान पठान ने कहा कि उनके हिसाब से ऋषभ पंत (4) और सूर्यकुमार यादव (0) मध्यक्रम में ज्यादा बेहतर तरीके से खेल सकते थे और इतनी अच्छी शुरुआत के बाद थोड़ा वक्त ले सकते थे। इरफान पठान का मानना है कि पंत को स्पिन के खिलाफ बेहतर खेलना सीखना होगा तो वहीं पर सूर्यकुमार को परिस्थितियों को ज्यादा बेहतर पढ़ने की आदत डालनी होगी। वह काफी हाई रिस्क प्लेयर हैं।

स्पिनर्स के खिलाफ सुधारना होगा प्रदर्शन
उन्होंने कहा,'ऋषभ पंत की बल्लेबाजी के बारे में कहूं तो वह जिस तरह के शॉट खेलना पसंद करते हैं उन्हें उन पर बेहतर काम करने की जरूरत है, खास तौर से स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ। साल 2020 के बाद से वो स्पिनर्स के खिलाफ स्लॉग स्वीग लगाते 6 या 7 बार अपना विकेट गंवा चुके हैं जो कि काफी ज्यादा है और यह जल्द ही कमजोरी भी बन सकता है। उन्हें इस शॉट को खेलने में बेहतरी हासिल करनी होगी। वह थोड़ा सा और समय लेकर खेल सकते थे। वहीं सूर्यकुमार यादव की बात करें तो मेरी नजर में वो हमेशा से जबरदस्त खिलाड़ी हैं। वह हाई रिस्क, हाई रिवार्ड वाले खिलाड़ी हैं। वह ज्यादातर समय आपको रिवार्ड देते हैं पर कई बार आपको रिस्क भी उठाना पड़ता है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications