किसने किया ईशान किशन से ओपन कराने का फैसला, भारत के बल्लेबाजी कोच ने किया खुलासा
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारत और न्यूजीलैंड के मैच में विराट सेना को मिली हार के बाद से ही लगातार टीम की रणनीतियों पर सवाल उठाये जा रहे हैं। इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाला सवाल ईशान किशन को ओपनिंग में प्रमोट करना और रोहित शर्मा को डिमोट करना रहा, जो कि भारतीय टीम पर पूरी तरह से उल्टा पड़ा। माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट ने ट्रेंट बोल्ट की गेंदबाजी का सामना करने के लिये लेफ्ट एंड राइट हैंड कॉम्बिनेशन को भेजने का फैसला किया और बायें हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ रोहित शर्मा के खराब रिकॉर्ड को देखते हुए केएल राहुल और रोहित शर्मा को पारी का आगाज करने के लिये भेजा। हालांकि भारतीय टीम का यह गेम प्लान पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुआ और ईशान किशन महज 4 रन बनाकर आउट हो गये।
वहीं पर केएल राहुल भी 18 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गये, पावरप्ले में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खोने के बाद भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर फिर से बिखर गया और निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 110 रन ही जोड़ सके। भारतीय बल्लेबाजी के फ्लॉप होने के बाद क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने इस फैसले पर सवाल उठाया। अब इस सवाल पर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने चुप्पी तोड़ते हुए बताया है कि किस वजह से ईशान किशन को रोहित शर्मा से पहले बल्लेबाजी करने के लिये भेजा गया।
और पढ़ें: आखिर किस टूर्नामेंट के लिये वापसी कर रहे हैं युवराज सिंह, फैन्स को कब देखने को मिलेगी झलक

किस वजह से ईशान से करायी ओपनिंग
बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए इस पर बात की और बताया कि ईशान किशन को भेजने के पीछे पूरे लीडरशिप ग्रुप का हाथ था जिसमें खुद रोहित शर्मा भी शामिल थे। राठौर ने बताया कि ईशान किशन ने आईपीएल और वार्म अप मैच में पारी का आगाज करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था जिसे देखते हुए लीडरशिप ग्रुप ने एक तेज तर्रार शुरुआत के लिये यह फैसला लिया, इसमें रोहित शर्मा भी शामिल थे।
उन्होंने कहा,'सूर्यकुमार यादव की पीठ में खिंचाव था और वो मैच खेलने के लिये फिट नहीं थे। ईशान किशन को बतौर ओपनर भेजने का फैसला पूरे टीम मैनेजमेंट का था और इसमें रोहित शर्मा भी शामिल थे। ईशान किशन ने बतौर ओपनर आईपीएल और अभ्यास मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है, यही वजह रही कि हमने उन्हें पारी का आगाज करने के लिये भेजा।'

तैयारियों में नहीं थी कमी
गौरतलब है कि टी20 विश्वकप में भारतीय टीम ने अभी तक काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है जिसके बाद लगातार मैनेजमेंट और टीम पर सवाल उठ रहे हैं। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या टीम की तैयारियों में कोई कमी रह गई थी तो उन्होंने कहा कि टीम हमेशा ही खेलने को तैयार थी बस हमने प्लान को सही से लागू नहीं कर पाये।
उन्होंने कहा,'हम पिछले दो मैच में अपने गेम प्लान को मैदान पर सही से लागू नहीं कर पाये जिसका हमें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। तैयारियां हमारे लिये कभी भी दिक्कत की वजह नहीं रही, हमने बहुत अच्छे से तैयारियां की। आप आईपीएल में एक महीने तक इन पिचों पर खेले हैं जो कि विश्वस्तरीय इवेंट है और ऐसे बड़े मुकाबले के लिये इससे बेहतर तैयारियां नहीं हो सकती, हम अपने प्लान को लागू नहीं कर पाये, जिसका खामयिजा हमें भुगतना पड़ा।'

सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये चाहिये चमत्कार
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने विश्वकप के आगाज से पहले खेले गये दोनों वार्म अप मैच में एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की थी, हालांकि जब कैंपेन का आगाज किया तो पाकिस्तान के खिलाफ उसे 10 विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में इतनी बड़ी हार का सामना करने बाद भारत के लिये न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच करो या मरो का बन गया, हालांकि इस मैच में भारतीय बल्लेबाज और गेंदबाजों ने फिर से निराश किया और 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये अब भारत को बचे हुए तीन मैचों में जीत के अलावा चमत्कार की आवश्यकता है जिसमें न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच के मैच के नतीजों पर भी निर्भर होना पड़ेगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
