T20 World Cup : माईखेल हिंदी ने चुनी 'बेस्ट प्लेइंग इलेवन', सिर्फ 1 भारतीय को मिली जगह
स्पोर्ट्स डेस्क(राहुल) : आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 का खिताब ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार टी20 विश्व कप ट्राॅफी पर कब्जा किया है। उन्होंने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात देकर फाइनल जीता। इसी के साथ एक बड़े इवेंट का शांतिपूर्ण तरीके से समापन हुआ। इस टूर्नामेंट में जहां फ्लाॅप चल रहे कुछ खिलाड़ियों ने वापसी कर सबको हैरान किया है तो कुछ नामी खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक उतना बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद हर कोई जानने के लिए उत्सुक है कि किस खिलाड़ी ने क्या कमाया और क्या गंवाया। काैन खिलाड़ी कितना प्रभावशाली रहा, इसका आंकलन क्रिकेट जगत में लगाया जा रहा है। वहीं माईखेल हिंदी वेबसाइट ने टी20 विश्व कप 2021 की बेस्ट प्लेइंग इलेवन का चयन है, जिसमें केन विलियमसन को कप्तान के रूप में चुना गया है तो जोस बटलर को विकेटकीपर के ताैर पर चुना गया। रोचक बात यहै है कि हम प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक ही भारतीय को उसके फाॅर्म के आधार पर शामिल कर पाए हैं। आइए जानें कैसी है प्लेइंग इलेवन-
यह भी पढ़ें- T20 World Cup : ये रहे ऑस्ट्रेलिया के 3 'हीरो', जिन्होंने तोड़ दिया न्यूजीलैंड का सपना

ओपनिंग जोड़ी
ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को ओपनिंग जोड़ी के रूप में चुना गया है। इन दोनों दिग्गजों ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन दिखाया है, साथ ही बड़े माैकों पर टीम को जीत दिलाने के लिए अहम काम किया। बाबर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 6 पारियों में 303 रन बनाए। उन्होंने चार अर्धशतक भी जड़े। बाबर ने भारत के खिलाफ 52 गेंदों में नाबाद 68 रनों की पारी खेली, जिसने भारत की हार तय की थी। इसके अलावा उन्होंने अगानिस्तान के खिलाफ 47 गेंदों में 51, नामीबिया के खिलाफ 49 गेंदों में 70, जबकि स्काॅटलैंड के खिलाफ 47 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली।
वहीं वार्नर ने अपनी टीम को धमाकेदार शुरूआत दिलाने का काम किया। साथ ही सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार पारियां खेलीं, जिस कारण कंगारू टीम खिताब जीतने में सफल हो पाए हैं। वार्नर टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 7 पारियों में 48.16 एवरेज से 289 रन बनाए। वार्नर ने तीन अर्धशतक जमाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर विंडीज के खिलाफ 56 गेंदों में नाबाद 89 रहा था। इसके अलावा उन्होंने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में 49 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। फिर फाइनल में 38 गेंदों में 53 रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ सुपर 12 मुकाबले में 42 गेंदों में 65 रन बनाए थे। वार्नर टूर्नामेंट ऑफ द प्लेयर भी रहे हैं, जो दर्शाता है कि वह कितने खतरनाक साबित हुए।

बटलर को चुना विकेटकीपर
इसके अलावा तीसरे नंबर पर केन विलियमसन हमारी प्लेइंग इलेवन में सबसे फिट खिलाडी बैठे हैं। विलियमसन को टीम का कप्तान भी चुना गया, जिन्होंने टीम को फाइनल तक ले जाने के लिए शानदार कप्तानी की। विलियमसन ने बल्ले से भी खूब रन बनाए। विलियमसन ने 7 मैचों में 216 रन बनाए, जिसमें उनकी फाइनल में 48 गेंदों में 85 रनों की पारी भी शामिल रही थी। वहीं चाैथे नंबर के लिए जोस बटलर को चुना गया है। बटलर को विकेटकीपर की भूमिका निभाने के लिए भी रखा गया। बटलर ने इंग्लैंड के लिए ओपनिंग करते हुए 6 पारियों में 269 रन बनाए। साथ ही विकेट के पीछे अच्छा काम किया। हालांकि बटलर ऐसे खिलाड़ी हैं जो चाैथे नंबर पर भी शानदार खेल दिखाते हैं। बटलर ने अभी तक टी20आई फाॅर्मेट में नंबर 4 पर 5 बार बल्लेबाजी की है, जिसमें उन्होंने 36.50 की एवरेज से 146 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर के लिए नामीबिया के डेविड वाइस को चुना गया है। इस बल्लेबाज ने अपनी क्लास बैटिंग से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। डेविड ने 8 पारियों में 227 रन बनाए हैं। नीदरलैंड के खिलाफ 40 गेंदों में नाबाद 66 रनों की पारी उनकी लाजवाब पारी रही। इसके अलावा पाकिस्तान के खिलाफ 31 गेंदों में नाबाद 43 रन जड़कर भी उन्होंने अपनी क्लास दिखाई।

ऑलराउंडर के रूप में जेम्स नीशम
जेम्स नीशम को छठे स्थान पर रखा गया। अगर फाइनल तक न्यूजीलैंड पहुंचा तो उसके पीछे ऑलराउंडर जेम्स नीशम का बड़ा हाथ रहा। नीशम को खेलने का माैका मिला तो उन्होंने शानदार खेल दिखाया। उन्हें 5 बार बैटिंग करने का माैका मिला, जिसमें वह तीन बार नाबाद रहे। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ निकली 11 गेंदों में 27 रनों की पारी ने मैच पलट दिया था। वहीं स्पिनर के ताैर पर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और ऑस्ट्रेलिया के एडम जांपा को चुना गया। हसरंगा इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 16 विकेट लिए। वहीं जांपा ने 13 विकेट चटकाए। बीच के ओवरों में यूएई की पिचों पर स्पिनरों का कमाल देखने को मिला है। यही कारण है यह दोनों गेंदबाज सर्वाधिक विकेट चटकाने में सफल रहे।

तेज गेंदबाजी आक्रमण
इसके अलावा भारतीय टीम के सबसे अहम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 9वें स्थान पर चुना गया। भारतीय टीम भले ही सुपर 12 में नहीं पहुंच पाई, लेकिन बुमराह ने किफायती गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह ने 5 मैचों में 7 विकेट लिए, लेकिन उन्होंने हर मैच में 7 से भी कम इकोनोमी रेट के साथ रन दिए जो दर्शाता है कि उन्होंने विरोधी बल्लेबाजों को खुद पर हावी नहीं होने दिया। बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मात्र 19 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे, लेकिन अन्य गेंदबाजों का साथ ना मिलने से टीम मैच हार गई। 10वें व 11वें स्थान पर ट्रेंट बोल्ड और जोश हेडजलवुड को चुना गया। बोल्ट ने 13 तो हेजलवुड ने 11 विकेट लेकर टी20 विश्व कप 2021 में अपना सफर समाप्त किया।
माईखेल हिंदी द्वारा चुनी गई WC 2021 की बेस्ट प्लेइंग XI-
डेविड वार्नर, बाबर आजम, केन विलियमसन (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड वाइस, जेम्स नीशम, वानिंदु हसरंगा, एडम जांपा, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जोश हेजलवुड
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
