IND vs ENG: आखिरी सेकेंड में DRS लेने के फैसले ने बचाया केएल राहुल का विकेट, रोहित ने बचाई जान
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसके तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। दूसरे दिन की समाप्ति पर इंग्लैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 423 रन बना लिये थे और तीसरे दिन बारिश के खलल के बाद इंग्लिश टीम ने पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि भारतीय टीम के लिये मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने बचे हुए दोनों बल्लेबाजों को आउट करने में ज्यादा समय नहीं लगाया और मोहम्मद शमी ने क्रेग ओवरटर्न (32) को एलबीडब्लयू किया तो वहीं पर जसप्रीत बुमराह ने ऑली रॉबिन्सन (15) को बोल्ड कर इंग्लैंड को ऑल आउट कर दिया।
भारत के 78 रनों के मुकाबले इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 432 रनों का स्कोर खड़ा किया और 354 रनों की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम के लिये इस मैच को बचाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है लेकिन उसके बावजूद टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (8) और रोहित शर्मा (25) पारी का आगाज करने उतरे। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए जेम्स एंडरसन के स्पेल को निकाल दिया और पहली पारी में भारत की कमर तोड़ने वाले इस गेंदबाज के सामने कोई गलती नहीं की।
हालांकि इस बार गलती बल्लेबाज से नहीं बल्कि अंपायर से हुई जिन्होंने 10वें ओवर में ऑली रॉबिन्सन की गेंद पर केएल राहुल को आउट करार दे दिया। इसके बाद केएल राहुल भी इस बात से निश्चित नजर आये कि वह आउट हो गये हैं, हालांकि इसके बावजूद वह रोहित शर्मा से रिव्यू लेने को लेकर सवाल किया।
जहां केएल राहुल रिव्यू लेने को लेकर असमंजस में नजर आ रहे थे वहीं पर रोहित शर्मा को पूरा विश्वास था कि उन्हें तीसरे अंपायर का रुख करना चाहिये। लेकिन अंत में वह रोहित की बात मानकर रिव्यू लेने को तैयार हो गये, हालांकि दूसरी ओर रिव्यू लेने के लिये मिलने वाला 15 सेकेंड का समय तेजी से गुजर रहा था। केएल राहुल ने आखिरी सेकेंड के कुछ हिस्से पहले रिव्यू का इशारा किया और अंपायर के फैसले के खिलाफ जाने की अपनी अपील की।
और पढ़ें: IND vs ENG: रोहित शर्मा के शॉट सेलेक्शन से खुश नहीं हैं बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर, जानें क्या कहा
केएल राहुल के लिये रिव्यू लेने का यह फैसला टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ क्योंकि रिप्ले में देखने पर पता चला कि गेंद विकेटों को बेहद करीब से मिस कर रही थी। रिप्ले में विकेटों को छोड़कर निकलती गेंद को देखने के बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और केएल राहुल को डीआरएस लेने के फैसले की वजह से जीवनदान मिल गया। अगर राहुल रिव्यू नहीं लेते और वापस जाकर बाद में इस रिप्ले को देखते तो उन्हें काफी पछतावा होता।
गौरतलब है कि केएल राहुल खुद को मिले इस जीवनदान का कुछ खास फायदा नहीं उठा सके। लंच से पहले क्रेग ओवरटर्न के ओवर में राहुल के बल्ले से गेंद छूकर स्लिप की दिशा में गई, जहां पर जॉनी बेयरस्टो ने अपनी बायीं ओर बेहतरीन कैच पकड़कर केएल को वापस पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही लंच का भी ऐलान कर दिया गया। भारतीय टीम ने लंच के खेल तक 34 रन बना लिये हैं और एक विकेट खो दिया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications