पाकिस्तान के प्रदर्शन पर सामने आया दानिश कनेरिया का बयान
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में इस बार जबरदस्त खेल दिखाया है। हालांकि टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में अंतिम ओवरों में खराब गेंदबाजी व फील्डिंग के कारण 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में पाकिस्तान इकलाैती ऐसी टीम रही, जिसने सुपर 12 में कोई भी मैच नहीं गंवाया। पाकिस्तान की टीम ने पांचों मैच आसानी से जीते थे, जिसमें भारत के खिलाफ 10 विकेट जीत भी शामिल है। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज अपनी टीम की जमकर सराहना कर रहे हैं, इस बीच पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया भी टीम के प्रदर्शन से प्रभावित हुए हैं।
यह भी पढ़ें- T20 World Cup Final : इन 3 बल्लेबाजों पर रहेंगी सबकी नजरें, लगा सकते हैं खूब चाैके-छक्के

पाक टीम को इतने अच्छे से खेलते हुए नहीं देखा
दानिश कनेरिया ने बयान दिया कि पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक का सबसे अलग प्रदर्शन था। साथ ही उन्होंने कप्तान बाबर आजम की सराहना की। कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''हमने कभी भी पाक टीम को इतने आत्मविश्वास और इतने अच्छे से खेलते हुए नहीं देखा। इस टूर्नामेंट में पाक टीम अपने आम लोगों की तरह नहीं लग रही थी। उनका जुनून और प्रेरणा अद्भुत थी। उनकी लड़ाई और जीतने की उनकी उत्सुकता गजब थी। "

वह पाकिस्तान के भविष्य के सितारे हैं
उन्होंने आगे कहा, "लड़कों ने अच्छा खेला और बाबर आजम ने आगे बढ़कर शानदार कप्तानी पेश की। मैच खत्म होन के बाद बाबर आजम ने टीम को जोश भरा। उन्होंने अच्छा संदेश दिया कि अपना सिर ऊंचा रखें और एक-दूसरे को दोष न दें।" उन्होंने सेमीफाइनल में खराब प्रदर्शन करने वाले हसन अली का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा, ''हसन अली पाकिस्तान के स्टार थे और आज भी हैं। खिलाड़ी कई बार कैच लेने से चूक जाते हैं और शोएब मलिक ने जिस तरह से उनका साथ दिया वह काबिले तारीफ था और हम सभी को उनका उसी तरह समर्थन करना चाहिए। मैं उसका समर्थन कर रहा हूं। वह पाकिस्तान के भविष्य के सितारे हैं।"

ऑस्ट्रेलियाई टीम चक दे इंडिया मूवी वाली ऑस्ट्रेलिया लगी
इसके अलावा कनेरिया ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने चक दे इंडिया मूवी का उदाहरण दिया जिसमें ऑस्ट्रेलिया की हॉकी टीम विरोधी टीम के वीक लिंक पर अटैक करती थी। कनेरिया ने कहा "मुझे तो ये ऑस्ट्रेलियाई टीम चक दे इंडिया मूवी वाली ऑस्ट्रेलिया लगी। फिल्म में दिखाया गया था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हर एक खिलाड़ी और हर एक चीज के बारे में काफी अच्छी तरह से तैयारी की थी। उन्होंने हर एक चीज पर ध्यान दिया और विरोधी टीम की कमजोर कड़ी को निशाना बनाया।" बता दें कि पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 176 रनों का स्कोर खड़ा किया था। फिर जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 19 ओवर में ही मैथ्यू वेड व मार्कस स्टोइनिस के दम पर 5 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। हालांकि कंगारू टीम के लिए जीत आसान नहीं थी क्योंकि आखिरी दो ओवरों में 22 रन चाहिए थे लेकिन मैथ्यू वेड ने शाहीन अफरीदी को 19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। इसके साथ ही पाकिस्तान का विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
