नई दिल्ली। जापान की राजधानी टोक्यो में खेलों के महाकुंभ ओलंपिक्स के 32वें संस्करण का आयोजन 23 जुलाई से होने जा रहा है, जिसको लेकर दुनिया भर से खिलाड़ी भाग लेने पहुंच रहे हैं। इस बीच टोक्यो पहुंची सर्बिया की ओलंपिक टीम का हिस्सा बने एक खिलाड़ी को कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। क्योडा न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार जापानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि सर्बिया की नौकायन टीम के एक खिलाड़ी को कोरोना संक्रमित पाया गया है जिसके बाद उसे टोक्यो के हनाडा एयरपोर्ट से ही क्वारंटीन कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित खिलाड़ी और उसके साथ यात्रा कर रहे 4 अन्य सदस्यों को एयरपोर्ट के पास बनी फैसिलिटी में तुरंत क्वारंटीन कर दिया गया है। सर्बिया की टीम को सेंट्रल जापान के नांटो में अभ्यास के लिये जाना था लेकिन अब यह कैंसिल होता नजर आ रहा है।
और पढ़ें: IND vs ENG: भारत या इंग्लैंड में कौन बनेगा विजेता, इयान चैपल ने की टेस्ट सीरीज को लेकर भविष्यवाणी
इस बीच अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक कमिटी के अध्यक्ष थॉमस बच टोक्यो ओलंपिक की ओपनिंग सेरेमनी से दो हफ्ते पहले गुरुवार 8 जुलाई को जापान पहुंचने वाले हैं। यहां पहुंचने के बाद आईओसी के अध्यक्ष तैयारियों से जुड़ी सभी बातों पर करीब से नजर रखेंगे। आईओसी अध्यक्ष का आधिकारिक कार्यक्रम 12 जुलाई से शुरू होगा जिसमें दूसरे देशों से आने वाले डेलिगेशन और अधिकारियों के साथ मिलना शामिल रहेगा।
इसको लेकर सभी स्थान और कार्यक्रम को सख्त नियमों के तहत पहले ही निर्धारित कर लिया गया है। इसी के तहत प्रेसिडेंट थॉमस बच 16 जुलाई को हिरोशिमा जायेंगे जहां पर ओलंपिक संधि का आयोजन किया जा रहा है, जिसके बाद आईओसी कमिशन के सीईओ जॉन कोट्स के साथ नागासाकी के लिये जायेंगे।
और पढ़ें: 'अब क्यों 2015 वाले बल्लेबाज नहीं रहे अजिंक्य रहाणे', दीप दासगुप्ता ने बताया कारण
आपको बता दें कि आईओसी के एक्ज्यूकेटिव बोर्ड की बैठक 17 और 18 जुलाई को टोक्यो में होगी और 20 जुलाई को आईओसी के 138वें सेशन का आयोजन किया जायेगा। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच खेला जाना है। उल्लेखनीय है कि पहले इन खेलों का आयोजन पिछले साल 2020 में होना था लेकिन कोरोना वायरस के चलते इन्हें एक साल के लिये टाल दिया गया।