IPL 2020: मुंबई से मिली करारी हार के बाद बोले केकेआर के नये कप्तान, उन्हें रोकना मुश्किल था
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का 32वां मैच अबुधाबी के शेख जायेद स्टेडियम पर खेला गया जहां पर मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने मैच के हर विभाग में अपना दबदबा बनाते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को 19 गेंद पहले ही 8 विकेट से हरा दिया। केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन बैटिंग में उसकी टीम कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। केकेआर की टीम का टॉप ऑर्डर मुंबई की गेंदबाजी के सामने पस्त नजर आया। हालांकि पैट कमिंस के अर्धशतक और कप्तान इयोन मोर्गन की जुझारू पारी के दम पर केकेआर की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाने में कामयाब रही।
और पढ़ें: IPL 2020: डिकॉक की पारी KKR पर पड़ी भारी, मुंबई ने 8 विकेट से रौंदा
वहीं मुंबई की टीम ने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और क्विंटन डिकॉक की 78 रनों की नाबाद पारी के दम पर मैच को आसानी से 16.5 ओवर्स में जीत लिया। उल्लेखनीय है कि इस सीजन टीमों के लिये लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल करना काफी मुश्किल रहा है लेकिन मुंबई की टीम ने तीसरी बार यह कारनामा करके दिखाया।
और पढ़ें: IPL 2020: कार्तिक को कप्तानी से हटाने पर इरफान ने उठाये सवाल, कहा- देशी कोच होता तो नहीं छिनती कमान

मुंबई को रोक पाना मुश्किल था
वहीं आज के मैच में बतौर कप्तान अपना पहला मैच खेलने वाले केकेआर के नये कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा कि मुंबई की टीम जिस तरह से खेल रही थी उसे रोक पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन नजर आ रहा था।
उन्होंने कहा, ‘आज के पूरे मैच के दौरान हम कभी भी अच्छी पॉजिशन में नहीं थे। हालांकि हमने एक सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर लिया था और अगर विकेट निकाल पाते तो शायद मैच में मुकाबला भी करते नजर आते। लेकिन मुंबई इंडिंयंस के बल्लेबाजों ने जिस तरह से बैटिंग कि उन्हें रोकना मुश्किल था। हम मैच की स्थिति के मुताबिक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते थे।'

हमने पहली गेंद से मैच पर बनाई पकड़
वहीं केकेआर की टीम को 8 विकेट से रौंदने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि रनों का पीछा करते हुए इस तरह की जीत हासिल करना काफी आत्म विश्वास को बढ़ाने वाला है।
उन्होंने कहा, ‘ रनों का पीछा करते हुए ऐसी जीत हासिल करने का एहसास काफी शानदार होता है। इससे हमारा कॉन्फिडेंस बढ़ेगा। मुझे लगता है कि आने वाले समय में रनों का पीछा करते हुए ज्यादातर टीमों को जीत मिलेगी। इस मैच में हमने पहली गेंद से शानदार पकड़ बनाई।'

डिकॉक के साथ बल्लेबाजी करने में आता है मजा
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने भी आज के मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 रनों की पारी खेली और क्विंटन डिकॉक के साथ पहले विकेट के लिये 94 रनों की साझेदारी की।
अपनी साझेदारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मुझे डिकॉक के साथ बल्लेबाजी करना काफी पसंद है। वह ज्यादातर समय अटैकिंग मोड में खेलता है और मैं वहां पर बस उसे सपोर्ट करता हूं। हालांकि हमने इस मैच में पिछली कुछ गलतियों में सुधार किया है। पिछले मैच में डिकॉक जीत से थोड़ा पहले आउट हो गये थे लेकिन आज वो मैच को खत्म करके वापस पवेलियन लौटे।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications