IPL 2020: ओपनिंग मैच से पहले CSK को मिली बड़ी खुशखबरी, क्वारंटीन पूरा कर मैदान पर लौटे 3 खिलाड़ी
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 क्रिकेट लीग का आगाज होने में कुछ ही घंटों का समय बाकी रह गया है। वहीं इस लीग की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले महामुकाबले से होगी। दोनों टीमों के बीच अबुधाबी के मैदान पर आज शाम को 7:30 बजे से मैच खेला जायेगा। वहीं इस मैच के शुरु होने से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम को बड़ी खुशखबरी मिली है। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बना हुआ है जिसको देखते हुए बीसीसीआई ने तय किया है कि इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले हर सदस्य को 6 दिनों के अनिवार्य क्वारंटीन से गुजरना होगा, जिस दौरान 4 बार कोरोना टेस्ट कराये जायेंगे और उसके बाद ही खिलाड़ियों को जैव बबल में एंट्री करने की इजाजत दी जायेगी।
और पढ़ें: IPL 2020: मैच से पहले मुश्किल में फंसे धोनी, जानें क्यों सोशल मीडिया पर हुए बुरी तरह ट्रोल
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों वेस्टइंडीज में खेली गई कैरिबियन प्रीमियर लीग और इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज के बाद कई खिलाड़ी इसी हफ्ते आईपीएल का हिस्सा बने हैं। इसके चलते कई खिलाड़ी अभी तक क्वारंटीन में समय बिता रहे थे।
और पढ़ें: IPL 2020: जानें कैसा रहा है MI vs CSK का हेड टू हेड रिकॉर्ड, किसका पलड़ा रहा भारी

क्वारंटीन पूरा कर टीम से जुड़े 3 खिलाड़ी
इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट का सहारा लेते हुए जानकारी दी है कि उसकी टीम के 3 अहम खिलाड़ी क्वारंटीन में अपना समय पूरा करने के बाद टीम से जु़ड़ गये हैं। जिसके बाद यह तीनों खिलाड़ी मुंबई के खिलाफ आज होने वाले मैच में चयन के लिये उपलब्ध रहेंगे। सीएसके की टीम के वो खिलाड़ी जिन्होंने अपना क्वारंटीन पूरा कर लिया है उसमें इमरान ताहिर, मिशेल सैंटनर और ड्वेन ब्रावो का नाम शामिल है।
यह तीनों खिलाड़ी वेस्टइंडीज के बारबाडोस में खेली गई कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेलने के बाद सीधे यूएई पहुंचे थे जिसके बाद उन्हें 6 दिन का अनिवार्य क्वारंटाइन कर दिया गया था।

सीएसके के मैनेजमेंट ने ली राहत की सांस
गौरतलब है कि सीएसके के लिये इन तीनों खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट में नेगेटिव आना काफी राहत भरी खबर है, चूंकि टीम पहले से ही सुरेश रैना और हरभजन सिंह की गैर मौजूदगी का दर्द झेल रही है तो वहीं बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ का कोरोना वायरस संक्रमण मुश्किलें कम नहीं होने दे रहा है। जिसको देखते हुए सीएसके के टीम मैनेजमेंट के सामने चयन एक बड़े सिरदर्द की तरह था, ऐसे में इन खिलाड़ियों का जुड़ना सीएसके के लिये किसी खुशखबरी से कम नहीं है।
पिछले साल आईपीएल में उपविजेता रहने के चलते चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम को आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है।

चयन के लिये नहीं उपलब्ध होंगे जोश हेजलवुड
आपको बता दें कि फिलहाल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया सीरीज में भाग लेने वाले खिलाड़ी क्वारंटीन में ही वक्त गुजार रहे हैं और आज शाम तक अपनी-अपनी टीमों के साथ जुड़ेंगे। जिसका मतलब है कि जोश हेजलवुड आज होने वाले मैच में टीम का हिस्सा नहीं बन पायेंगे।
CSK Squad 2020: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), अंबाती रायुडू, केएम आसिफ, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो, फैफ डु प्लेसी, इमरान ताहिर, नारायण जगदीशन, कर्ण शर्मा, केदार जाधव, लुंगी एनगिडी, मिशेल सैंटनर, मोनू कुमार, मुरली विजय, रविंद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, शेन वॉटसन, शार्दुल ठाकुर, सैम करन, पीयूष चावला, जोश हेजलवुड, आर साइ किशोर।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications