T20 World Cup टीम के मुख्य चयनकर्ता ने किया खुलासा, बताया- क्यों चुने गये ईशान किशन
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम की सेलेक्शन कमिटी ने बुधवार को टी20 विश्वकप के लिये अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें ईशान किशन, राहुल चाहर, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल जैसे कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार विश्वकप में खेलने का मौका मिला है। 17 अक्टूबर से यूएई और ओमान में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिये चयन समिति ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और लेग स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल को टीम में जगह नहीं दी है, बल्कि उनकी जगह युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। टीम के ऐलान के बाद कई लोगों ने चयन समिति के फैसले को लेकर अपनी शंका जाहिर की है।
और पढ़ें: T20 World Cup टीम के मुख्य चयनकर्ता ने किया खुलासा, बताया- क्यों चुने गये ईशान किशन
इस बीच भारतीय टीम की सेलेक्शन कमिटी के हेड चेतन शर्मा ने इन शंकाओं का जवाब देते हुए भारतीय टीम में ईशान किशन को शामिल करने के कारणों का खुलासा किया है। उल्लेखनीय है कि ईशान किशन ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था और पहले ही मैच में अर्धशतक लगाकर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दबदबा साफ कर दिया था।
और पढ़ें: आखिरी टेस्ट में इन दो खिलाड़ियों की रहेगी दरकार, मैनचेस्टर टेस्ट को लेकर जो रूट ने किया खुलासा

ओपनिंग के साथ ही मध्यक्रम में भी खेल सकते हैं किशन
ईशान किशन ने दो टी20 मैचों में 80 रन बनाये हैं और श्रीलंका के खिलाफ खेले गये दो वनडे मैचों में दो अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। ईशान किशन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिये शानदार बल्लेबाजी की जिसके चलते उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली। चेतन शर्मा ने ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि वह काफी प्रतिभावान बल्लेबाज हैं जो कि भारत के लिये ओपनिंग और मध्यक्रम दोनों जगह बल्लेबाजी कर सकते हैं। इतना ही नहीं इस खिलाड़ी में यूएई की स्पिन फ्रैंडली पिचों पर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने का दाम है, जहां पर गेंद धीरे और नीचा आता है।
टाइम्स नाउ से बात करते हुए उन्होंने कहा,'ईशान किशन न सिर्फ भारत के लिये ओपन कर सकते हैं बल्कि टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में भी कामयाब साबित हो सकते हैं। उनके होने से हमें काफी सारे विकल्प मिल जाते हैं। उन्होंने टी20 प्रारूप में भारत के लिये ओपन करते हुए अर्धशतक लसगाया है तो वहीं पर मध्यक्रम और स्पिन के खिलाफ भी वह अच्छे खिलाड़ी साबित हुए हैं।'

स्पिन के परखच्चे उड़ा सकते हैं किशन
चेतन शर्मा का मानना है कि ईशान किशन स्पिन गेंदबाजों को अच्छे से खेलना जानते हैं, इस कारण से वह इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट में दुनिया के दिग्गज लेग स्पिनर्स के परखच्चे उड़ा सकते हैं और उन्हें बेअसर कर सकते हैं।
उन्होंने कहा,' वह बायें हाथ के बल्लेबाज हैं और जब दूसरे देशों के लेग स्पिनर हमारे सामने आते हैं तो ईशान किशन जैसा कोई विस्फोटक बल्लेबाज होना जरूरी है। श्रेयस ने पिछले कुछ समय में कोई क्रिकेट नहीं खेला है जिसके चलते उन्हें स्टैंड बॉय पर रखा गया है। यही वजह है कि ईशान किशन को टीम में जगह मिल सकी है।'

ऐसा रहा है ईशान किशन का करियर
गौरतलब है कि ईशान किशन ने साल 2014 में डेब्यू करने के बाद से अब तक 103 टी20 मैच खेले हैं जिसमें 28.05 की औसत और 131.51 की स्ट्राइक रेट के साथ 2525 रन बना चुके हैं। इस दौरान ईशान किशन के खाते में दो टी20 शतक और 13 अर्धशतक भी शामिल है।
आपको बता दें कि 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिये बीसीसीआई ने 8 सितंबर को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया जिसमें बदलाव के लिये आईसीसी की ओर से 10 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। वहीं पर भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच दुबई के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 24 अक्टूबर से खेलेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
