NED vs IRE: 4 गेंदों में 4 विकेट झटक कर्टिस कैम्फर ने रचा इतिहास, ब्रेट ली के खास क्लब में हुए शामिल
नई दिल्ली। यूएई और ओमान में खेले जा रहे टी20 विश्वकप का आगाज हो चुका है और पहले ही दिन फैन्स को बांग्लादेश की हार के साथ बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जिसके बाद नीदरलैंडस और आयरलैंड के बीच दूसरे दिन अबुधाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गये मैच में गेंदबाजों का ऐसा धमाल देखने को मिला जो टी20 विश्वकप में 14 साल पहले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ब्रेट ली की गेंदबाजी में दिखा था। अबुधाबी के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में नीदरलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और सलामी बल्लेबाज मैक्स ओड्वाड (51) और बेन कूपर पारी का आगाज करने उतरे।
बेन कूपर पहले ही ओवर में बिना खाता खोले रन आउट हो गये तो बेस डेलिडे (7) पांचवे ओवर में जोशुआ लिटिल की गेंद पर बोल्ड हो गये। यहां से एकरमैन (11) ने मैक्स के साथ पारी संभालने की कोशिश की लेकिन 10वें ओवर में आयरिश बॉलर कर्टिस कैम्फर का तूफान आया जिसमें नीदरलैंड की आधी से ज्यादा टीम उड़ गई।
और पढ़ें: 'विश्वकप में पाकिस्तान से डरने की जरूरत नहीं', अजीत आगरकर ने भारत को दिया जीत का मंत्र

टी20 विश्वकप में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने कर्टिस कैम्फर
10वें ओवर की दूसरी गेंद पर कर्टिस कैम्फर ने एकरमैन को नील रॉक के हाथों कैच कराकर नीदरलैंड को चौथा झटका दिया, तो वहीं अगली दो गेंद पर टेन डुएस्चे (0) और स्कॉट एडवर्डस (0) को एलबीडब्ल्यू कर हैट्रिक पूरी की। एडवर्डस के विकेट के साथ ही कर्टिस कैम्फर टी20 विश्वकप में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गये हैं। कर्टिस कैम्फर से पहले यह कारनामा सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज ब्रेट ली के नाम था जिन्होंने 2007 के पहले टी20 विश्वकप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में शाकिब अल हसन, मशरफे मोर्तजा और आलोक कपाली का विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की थी।

ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने कर्टिस कैम्फर
कर्टिस कैम्फर यहीं पर नहीं रुके अगली गेंद पर वैन डर मीव को बोल्ड कर लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट पूरे कर लिये। नीदरलैंड का छठा विकेट गिराने के साथ ही कर्टिस कैम्फर टी20 विश्वकप में 4 गेंदों में विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गये हैं। कैम्फर ने अपनी गेंदबाजी के दौरान 4 ओवर में 26 रन देकर कुल 4 विकेट हासिल किये। इसके साथ ही कर्टिस कैम्फर अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले 19वें खिलाड़ी बन गये हैं।

मार्क अडिर ने चटकाई ओवर हैट्रिक
गौरतलब है कि कर्टिस कैम्फर के अलावा मार्क अडिर ने भी शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। आपको बता दें कि पारी के आखिरी ओवर में मार्क अडिर ने हैट्रिक तो नहीं लेकिन ओवर हैट्रिक लेकर नीदरलैंडस की टीम को 106 रन पर समेट दिया। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर मार्क अडिर ने कप्तान सीलार (21) को कैच कराया तो अगली गेंद पर वैन बीक (11) रन आउट होकर वापस लौटे। वहीं मार्क अडिर ने आखिरी गेंद पर ब्रेंडन ग्लोवर को कर्टिस कैम्फर के हाथों कैच कराकर नीदरलैंडस की टीम को ऑल आउट कर दिया।
नीदरलैंडस की ओर से सलामी बल्लेबाज मैक्स ऑड ने सबसे ज्यादा रन बनाते हुए अर्धशतक पूरा किया और 51 रनों की पारी खेली। इस दौरान मैक्स ने 47 गेंदों का सामना किया और 7 चौके लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। मार्क अडिर ने मैक्स को हैरी टेक्टर के हाथों कैच कराया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications