IND vs SA: सेंचुरियन में शतक जड़ केएल राहुल ने लगाई रिकॉर्डों की झड़ी, कोहली-गेल के खास क्लब में हुए शामिल
नई दिल्ली। बॉक्सिंग डे टेस्ट के साथ ही साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची भारतीय टीम ने सीरीज का आगाज कर दिया है। सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क पर खेले जा रहे इस मैच का पहला दिन पूरी तरह से भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा जिन्होंने पहले दिन का अंत होने तक 3 विकेट खोकर 272 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम के लिये यह पहले दिन बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है, जिसमें भारतीय टीम के उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने बेहद अहम योगदान दिया है। केएल राहुल ने सेंचुरियन के मैदान पर अपने टेस्ट करियर का 7वां शतक पूरा किया और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद 122 रनों की पारी खेलकर अभी भी टिके हुए हैं।
और पढ़ें: IND vs SA: सेंचुरियन टेस्ट में रहाणे ने की दमदार वापसी, भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा पहला दिन
केएल राहुल ने बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन 248 गेंदों का सामना किया और 16 चौकों एवं एक छक्के की मदद से 122 रन बना चुके हैं। वहीं पर केएल राहुल के साथ पारी का आगाज करने उतरे मयंक अग्रवाल (60) ने भी अपने टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक जड़कर उनका अच्छा साथ दिया और पहले विकेट के लिये 117 रनों की साझेदारी की। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई यह शतकीय साझेदारी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर आयी महज तीसरी ही पार्टनरशिप है। इतना ही नहीं पिछले 11 सालों में यह सिर्फ दूसरा ही मौका है जब सलामी बल्लेबाजों ने भारत के लिये 100 से ज्यादा रन जोड़े हैं। केएल राहुल ने सेंचुरियन के मैदान पर शतक लगाने के साथ ही कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये, आइये एक नजर उनके आंकड़ों पर डालते हैं-
और पढ़ें: IND vs SA: मयंक-राहुल के दम पर भारत की रिकॉर्ड शुरुआत, 11 साल बाद भारत ने किया यह कारनामा

राहुल ने तोड़ा सहवाग का रिकॉर्ड
केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का 7वां शतक सेंचुरियन के मैदान पर लगाया है जिसमें से 6 शतक उनके भारत से बाहर खेलते हुए आये हैं। अपना शतक पूरा करने के साथ ही केएल राहुल भारत के लिये साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बन गये हैं। उनसे पहले यह कारनामा पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने किया था जिन्होंने 2007 के दौरे पर केपटाउन के मैदान पर 116 रनों की पारी खेली थी। इतना ही नहीं केएल राहुल ने अपने इस शतक के साथ एशिया से बाहर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की लिस्ट में वीरेंदर सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
एशिया से बाहर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर्स की लिस्ट में पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने अपने करियर की 81 पारियों में 15 शतक लगाये थे। वहीं पर वीरेंदर सहवाग 59 पारियों में 4 शतक लगाकर दूसरे पायदान पर काबिज थे, हालांकि केएल राहुल ने अपनी 34वीं पारी में 5वां शतक जड़ सहवाग को पीछे छोड़ दिया है और इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। इस फेहरिस्त में वीनू मांकड़ (19 पारियों में 3 शतक) और रवि शास्त्री (19 पारियों में 3 शतक) का नाम भी शामिल है।

ऐसा करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बनें राहुल
इसके साथ ही केएल राहुल ने एशिया से बाहर खेलते हुए पहले दिन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज के रिकॉर्ड में मुरली विजय की बराबरी कर ली है। मुरली विजय ने साल 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज के मैदान पर पहले दिन नाबाद 122 रनों की पारी खेली थी, जिसे केएल राहुल ने सेंचुरियन के मैदान पर दोहरा दिया है। वहींं इस शतक के साथ ही केएल राहुल पाकिस्तान के सईद अनवर और क्रिस गेल की एक खास लिस्ट में भी शामिल हो गये हैं। वह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर दौरा करते हुए शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। टेस्ट क्रिकेट में यह कारनामा केएल राहुल से पहले सिर्फ सईद अनवर और क्रिस गेल ही कर पाये थे। इतना ही नहीं वह सेंचुरियन के मैदान पर दौरा करते हुए शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे ओपनर बन गये हैं। उनसे पहले यह कारनामा ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल कर चुके हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर मेहमान टीम की ओर से शतक लगाने वाले 54वें खिलाड़ी बन गये हैं।

कोहली-तेंदुलकर की लिस्ट में हुए शामिल
गौरतलब है कि केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर में लगाये गये 7 शतकों में से 2 शतक इंग्लैंड की सरजमीं पर लगाये हैं जबकि भारत, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर एक-एक शतक जड़ने का कारनामा किया है। केएल राहुल ने अपने इस शतक के साथ ही विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर की उस खास लिस्ट में भी जगह बना ली है जिसने साउथ अफ्रीका के गढ़ (सेंचुरियन) में शतक लगाया है। वह भारतीय टीम के तीसरे और ओवरऑल 11वें खिलाड़ी बन गये हैं जिसने सेंचुरियन में शतक ठोंका है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications